3 मैच में 11 विकेट… घातक फॉर्म में काव्या मारन की टीम का स्टार, SRH ने सिर्फ 40 लाख में खरीदा था

Last Updated:December 29, 2025, 23:45 IST
Zeeshan Ansari SRH: आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले युवा स्पिनर जीशान अंसारी विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचा रहे हैं. उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हुए जीशान अब तक तीन मैचों में 11 बल्लेबाजों को आउट कर चुके हैं. सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में सिर्फ 40 लाख रुपये में खरीदा था.
जीशान अंसारी का विजय हजारे ट्रॉफी में धमाल जारी
नई दिल्ली. सनराइजर्स हैदराबाद के स्पिनर जीशान अंसारी का भले ही आईपीएल 2025 में प्रदर्शन खास नहीं रहा, लेकिन आगामी सीजन में वह तहलका मचाने को तैयार हैं. इसका ट्रेलर विजय हजारे ट्रॉफी में देखा जा सकता है, जहां 26 साल का यह लेग स्पिनर अपनी फिरकी पर बल्लेबाजों को नचा रहा है. जीशान को आईपीएल 2026 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने रिटेन किया है. जीशान विजय हजारे ट्रॉफी में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली उत्तर प्रदेश टीम का हिस्सा हैं.
3 मैच में 11 विकेटशुरुआती तीन मुकाबलों में जीशान 11 बल्लेबाजों को आउट कर चुके हैं. हैदराबाद के खिलाफ टूर्नामेंट में टीम के पहले मुकाबले में जीशान ने 31 रन देकर चार विकेट चटकाए थे. इसी फॉर्म को बरकरार रखते हुए दूसरे मैच में चडीगढ़ के खिलाफ भी जीशान ने चार बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया. इसके बाद बड़ौदा के खिलाफ तीसरे मुकाबले में तीन विकेट झटके. इन तीनों ही मुकाबलों में यूपी की टीम ने जीत दर्ज की है, जिसमें जीशान अंसारी का भी अहम योगदान रहा है.
जीशान अंसारी का विजय हजारे ट्रॉफी में धमाल जारी
IPL 2026 के लिए कस रहे कमरइस गेंदबाजी से जीशान ने एक बात तो साफ कर दी है कि वह आईपीएल 2026 के लिए अभी से कमर कस चुके हैं. बता दें कि जीशान को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 40 लाख रुपये में खरीदा था. हालांकि, सीजन में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. 10 मैचों में वह सिर्फ 6 ही विकेट चटकाने में कामयाब हुए थे. उनका सीजन में बेस्ट प्रदर्शन 42 रन देकर 3 विकेट था. वह काफी महंगे भी साबित हुए थे. हालांकि, अब जीशान की नजरें आईपीएल 2026 में कमाल की गेंदबाजी करते हुए सनराइजर्स टीम को मुकाबले जिताने पर होंगी.
इस टूर्नामेंट से पहले जीशान अंसारी इस बात से निराश थे कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें इस सीजन में उत्तर प्रदेश की रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टीम में जगह नहीं मिली. उन्होंने लगातार दो सीजन यूपी टी20 लीग में अच्छा खेल दिखाया था. इन दोनों बड़े घरेलू टूर्नामेंटों में जीशान को सिर्फ नेट बॉलर के तौर पर ही बुलाया गया था. लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी से पहले हालात बदल गए, जब प्रवीण कुमार की अगुवाई वाली चयन समिति ने रिंकू सिंह को टीम का कप्तान बनाया.
रिंकू सिंह जीशान की काबिलियत को पहले से जानते थे. यूपी टी20 लीग में रिंकू की कप्तानी में जीशान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे. उन्होंने 24 विकेट लिए थे और उनकी मदद से मेरठ मैवरिक्स ने 2024 में खिताब भी जीता था. जीशान अंसारी पहले भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रह चुके हैं और उन्होंने ईशान किशन, ऋषभ पंत और सरफराज खान जैसे खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला है.
About the AuthorShivam Upadhyay
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
December 29, 2025, 23:32 IST
homecricket
घातक फॉर्म में काव्या मारन की टीम का स्टार, SRH ने सिर्फ 40 लाख में खरीदा था



