झालावाड़ : रातभर रोते रहे बच्चे, सुबह सड़क पर खाना; आखिर झालरापाटन स्कूल में हुआ क्या था?

Last Updated:November 28, 2025, 20:02 IST
Jhalawar News : झालरापाटन आवासीय विद्यालय में बच्चों से कथित मारपीट के बाद हालात उग्र हो गए, बच्चे और परिजन सड़क पर धरने पर बैठ गए. बच्चों ने दहशत में विद्यालय के बाहर ही पंगत लगाकर मध्याह्न भोजन किया, जिससे मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया. प्रदर्शन बढ़ने पर विभाग ने आरोपी प्रिंसिपल को हटाया और वार्डन को एपीओ करते हुए जांच शुरू की. इसी बीच झालावाड़ जिले में 14 थानों के प्रभारी बदले गए, जिसे प्रशासनिक कसावट की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
झालावाड़. झालरापाटन आवासीय विद्यालय में बच्चों से कथित मारपीट का मामला गुरुवार को उग्र हो गया, जब बच्चे और परिजन विद्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए. मारपीट से आहत बच्चे सड़क पर ही बैठकर मध्याह्न भोजन करते नजर आए, जहां पंगत लगाकर सभी ने खाना खाया. बच्चों और परिजनों की पीड़ा को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ बढ़ती गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि लंबे समय तक जिला प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा. इस लापरवाही ने परिजनों का गुस्सा और बढ़ा दिया.
धरने पर बैठे बच्चे, एबीवीपी कार्यकर्ताओं और परिजनों ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. बच्चों का कहना था कि प्रिंसिपल ने उनके साथ निर्ममता से मारपीट की, जिसके बाद वे दहशत में हैं. परिजन जब विद्यालय पहुंचे, तो अपने बच्चों की हालत देखकर बदहवास हो गए. कई बच्चे अपने माता-पिता को देखकर फूट-फूटकर रोने लगे. इससे पूरे परिसर में तनाव का माहौल और गहरा गया.
प्रिंसिपल हटाया गया, वार्डन पर भी कार्रवाईमामले के बढ़ते तनाव और प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया. जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के आयुक्त ने आरोपी प्रिंसिपल राजेंद्र आर्य को तत्काल आवासीय विद्यालय से हटाकर मूल विभाग में भेजने के आदेश जारी किए. साथ ही वार्डन मुकेश मीणा को भी एपीओ कर दिया गया. आदेश में कहा गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच पूरी होने तक दोनों अधिकारियों को पदस्थापन से दूर रखा जाए. एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मांग की कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और मारपीट में शामिल सभी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो. उनका कहना था कि छोटे बच्चों से इस तरह का बर्ताव किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.
झालावाड़ जिले में पुलिस विभाग का बड़ा फेरबदल
इधर, जिले में पुलिस विभाग में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं. एसपी अमित कुमार ने जिले के 14 पुलिस थानों के प्रभारी (सीआई) बदलने के आदेश जारी किए हैं. जिन थानों में बदलाव किए गए हैं उनमें झालावाड़ कोतवाली, झालरापाटन, भवानीमंडी, रायपुर, पीडावा, मनोहरथाना, घाटोली सहित अन्य थाने शामिल हैं. जिले में नए आए कई अधिकारियों को अब इन थानों की कमान सौंपी गई है.
पुलिस महकमे के इस फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.About the AuthorAnand Pandey
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें
Location :
Jhalawar,Rajasthan
First Published :
November 28, 2025, 20:00 IST
homerajasthan
रातभर रोते रहे बच्चे, सुबह सड़क पर खाना; आखिर झालरापाटन स्कूल में हुआ क्या था?



