पालम एयरपोर्ट पर पुतिन-मोदी की मुलाकात से भारत-रूस समिट खास

Last Updated:December 04, 2025, 19:42 IST
दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उतरे तो मुस्कुराते हुए नजर आए. पहले पीएम मोदी से हाथ मिलाया, फिर गले मिले और दोनों एक ही कार में रवाना हो गए. सबसे खास बात, कार के अंदर दोनों खिलखिलाते नजर आए, जिसकी तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं. नरेंद्र मोदी की गर्मजोशी, एक कार में सफर और मुस्कान ने भारत रूस संबंधों को भावनात्मक और ऐतिहासिक ऊंचाई दी है.
पालम एयरपोर्ट पर उतरते ही पीएम मोदी ने पुतिन की अगवानी की.
पालम एयरपोर्ट पर आज जो 15-20 मिनट का घटनाक्रम हुआ, उसने पूरे दौरे की टोन सेट कर दी है. पुतिन की मुस्कान, मोदी का गले मिलना और वह ‘एक कार’, इन तीनों चीजों ने मिलकर बता दिया है कि यह समिट महज कूटनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक भी है. पुतिन की रिलैक्स्ड बॉडी लैंग्वेज ने साबित कर दिया कि दिल्ली उनके लिए ‘सेकंड होम’ जैसा है.
कूटनीति में शब्द महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन तस्वीरें इतिहास लिखती हैं. आज दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का विशेष विमान रनवे पर रुका, तो दुनिया की निगाहें उस दरवाजे पर टिकी थीं. लेकिन जैसे ही विमान का दरवाजा खुला और पुतिन बाहर आए, जो कुछ दिखा उसने पिछले कई महीनों के पश्चिमी नैरेटिव को एक ही पल में ध्वस्त कर दिया. सीढ़ियों से उतरते वक्त पुतिन के चेहरे पर न तो युद्ध का तनाव था और न ही अंतरराष्ट्रीय दबाव की शिकन. उनके चेहरे पर एक खिलखिलाती हुई मुस्कान थी, एक ऐसी मुस्कान जो यह बता रही थी कि वे किसी ‘विदेशी दौरे’ पर नहीं, बल्कि अपने सबसे भरोसेमंद दोस्त के घर आए हैं.
पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर खुद उनका स्वागत किया. लेकिन सबसे ऐतिहासिक क्षण वह बना जब दोनों नेता अलग-अलग लिमोजिन की बजाय, एक ही सफेद एसयूवी में बैठकर प्रधानमंत्री आवास के लिए रवाना हुए.


