ताइवान की सड़क पर किसने खेला खूनी खेल? चाकूबाजी में 4 लोगों की मौत, स्मोक ग्रेनेड बम से फैलाई दहशत

Last Updated:December 19, 2025, 23:51 IST
Taiwan Knife Attack: ताइपे में स्मोक ग्रेनेड और चाकू हमले में चार की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए हैं. मेयर चियांग वान-आन ने सुरक्षा बढ़ाने की घोषणा की. हमलवार की भी मौत हो गई है. पूरे द्वीप में रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
ख़बरें फटाफट
आरोपी ने चाकू से कई राहगीरों को घायल कर दिया. (रॉयटर्स)
ताइपे. ताइवान की राजधानी ताइपे में शुक्रवार को स्मोक ग्रेनेड फेंकने और चाकू से किए गए हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और नौ घायल हो गए. ताइपे के मेयर चियांग वान-आन ने यह जानकारी दी. मेयर ने बताया कि संदिग्ध ने गिरफ्तारी से बचने के लिए एक इमारत से कूद गया. ताइवान की केंद्रीय समाचार एजेंसी ने पुलिस के हवाले से बताया कि संदिग्ध को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, संदिग्ध ने शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन के पास मेट्रो स्टेशन में स्मोक ग्रेनेड फेंके, जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे. ईबीसी द्वारा जारी फुटेज के अनुसार, वह व्यक्ति मेट्रो से एक स्टेशन आगे गया, वहां उतरकर स्टेशन से बाहर आया और सड़क पर फिर स्मोक ग्रेनेड फेंके. वीडियो में दिखा कि आरोपी चाकू से राहगीरों पर हमला करता हुआ एक दुकान में घुस गया. मेयर चियांग वान-आन ने बताया कि घायलों में से चार की हालत गंभीर है.
ताइवान के प्रधानमंत्री चो जुंग-ताई ने बताया कि घायलों में से एक पैदल यात्री है जो हमले के बाद जमीन पर गिर गया और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसे दिल का दौरा पड़ गया. धुएं के कारण एक अन्य व्यक्ति को सांस लेने में दिक्कत हुई. चो ने कहा कि एहतियात के तौर पर पूरे द्वीप में रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
कौन था हमलावर?हमलावर की पहचान 27 वर्षीय युवक के रूप में हुई है, जो ताइवान के उत्तरी काउंटी ताओयुआन का रहने वाला था. बताया गया है कि वह ताइवान की वायुसेना में स्वयंसेवक सैनिक रह चुका था और सोंगशान एयरपोर्ट के पास रेडियो कम्युनिकेशन यूनिट में तैनात था. उसे वर्ष 2022 में सेवा से हटा दिया गया था. ताइवान के प्रधानमंत्री चो जुंग-ताई ने कहा कि हमलावर का क्रिमिनल रिकॉर्ड था और उसके खिलाफ पहले से वारंट लंबित थे. स्थानीय मीडिया के अनुसार, वह 2024 में सैन्य सेवा में ड्यूटी पर रिपोर्ट न करने के मामले में वॉन्टेड था. प्रधानमंत्री ने इस घटना को ‘सुनियोजित हमला’ बताया, हालांकि देर रात तक हमले के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं हो सकी थी.
कब और कहां हुआ हमला?ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने बयान जारी कर देशभर में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए और कहा कि दोषियों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी. हमला शुक्रवार दोपहर ताइपे मेन स्टेशन से शुरू हुआ. व्यस्त समय में हमलावर ने स्टेशन के भीतर धुएं के ग्रेनेड फेंके और फिर पास के झोंगशान इलाके की ओर बढ़ गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह सड़क पर धुआं फैलाते और फिर एक शॉपिंग मॉल में घुसकर लोगों पर बेतरतीब हमला करते दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने घटना को ‘डरावना और दम घोंटने वाला’ बताया. ताइवान में हिंसक अपराध आमतौर पर कम होते हैं, लेकिन हाल के वर्षों में ऐसी घटनाओं ने सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
About the AuthorRakesh Ranjan Kumar
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
First Published :
December 19, 2025, 23:42 IST
homeworld
ताइवान की सड़क पर खूनी खेल, चाकूबाजी में 4 की मौत, स्मोक बम से फैलाई दहशत



