‘मामू जान कब से देश से भगाने की कोशिश कर रहे हैं’, आमिर खान को मिलीं जान से मारने की धमकियां, इमरान खान का खुलासा

नई दिल्ली. बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अपनी साफ राय और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के लिए जाने जाते हैं. कई बार उनकी इन बातों से विवाद भी हुआ है, जो कभी-कभी व्यक्तिगत स्तर तक पहुंच जाता है. हाल ही में आमिर के भांजे और एक्टर इमरान खान ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि ‘सत्यमेव जयते’ शो के दौरान आमिर को मौत की धमकियां मिली थीं.
यूट्यूबर समदीश भाटिया (Samdish Bhatia) के यूट्यूब शो ‘अनफिल्टर्ड’ में बात करते हुए इमरान खान ने खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि वह आमिर को बचपन से जानते हैं और उनके फैसलों पर उन्हें पूरा भरोसा है.
किस मुद्दे पर मिली थीं धमकियां?
इमरान ने कहा, ‘मैं मामू को जन्म से जानता हूं. मुझे उनके फैसलों पर भरोसा है. ‘सत्यमेव जयते’ में फीमेल इन्फैन्टिसाइड (कन्या भ्रूण हत्या) पर उनके एपिसोड ने बहुत से लोगों को नाराज कर दिया था, जिन्होंने उन्हें मौत की धमकियां दीं.’ हालांकि, आमिर ने उस समय पीछे हटने के बजाय शो के जरिए सामाजिक मुद्दों को उठाना जारी रखा.
क्यों बनी थी विवादों की आंधी?
आमिर खान की यह टॉक शो 2012 से 2014 के बीच प्रसारित हुई थी. 25 एपिसोड वाले इस शो ने हर सप्ताह एक अलग सामाजिक मुद्दे को उठाया. कन्या भ्रूण हत्या, बाल यौन शोषण, बलात्कार, ऑनर किलिंग, घरेलू हिंसा, छुआछूत, भेदभाव, LGBTQ+ समुदाय के प्रति स्वीकार्यता, विषाक्त मर्दानगी जैसे गंभीर विषयों पर खुलकर चर्चा हुई. इन मुद्दों को उजागर करने के कारण शो और आमिर खान अक्सर विवादों में घिरे रहते थे.
‘मामू जान देश से भगाने की कोशिश कर रहे हैं कब से’
इमरान ने मजाकिया अंदाज में आगे कहा, ‘मामू जान बेचारे को देश से भगाने की कोशिश कर रहे हैं कब से.’ इस बयान के जरिए उन्होंने इशारा किया कि आमिर खान अक्सर किसी न किसी विवाद के केंद्र में रहे हैं, बावजूद इसके उन्होंने अपने विचारों से समझौता नहीं किया।
आमिर खान का वर्कफ्रंट
वर् फ्रंट की बात करें तो आमिर खान हाल ही में अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ में नजर आए थे, जो ‘तारे जमीन पर’ का सीक्वल है. फिल्म ने दुनियाभर में 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. इसके अलावा, आमिर का एक कैमियो वीर दास की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ में भी देखने को मिलेगा. खास बात यह है कि इस फिल्म से इमरान खान एक दशक बाद एक्टिंग में वापसी कर रहे हैं. इससे पहले तीनों ने ‘दिल्ली बेली’ में साथ काम किया था.



