कोटा के चार सुपरबाजार: गुमानपुरा, घंटाघर, सिटी मॉल और दादाबाड़ी में शॉपिंग धमाका

Last Updated:December 30, 2025, 16:32 IST
Kota main markets : कोटा के प्रमुख बाजारों में गुमानपुरा मार्केट ब्रांडेड शॉपिंग के लिए मशहूर है, सिटी मॉल परिवार के लिए मनोरंजन का हॉटस्पॉट बन चुका है, दादाबाड़ी मार्केट खान-पान और शाम की रौनक के लिए लोकप्रिय है, घंटाघर मार्केट बजट में खरीदारी का केंद्र है और आर्य समाज रोड मार्केट प्रतियोगी छात्रों के लिए किताबों का खजाना साबित हो रहा है.
गुमानपुरा मार्केट कोटा की प्रमुख और प्रतिष्ठित व्यावसायिक बाजारों में से एक है. यह बाजार खासतौर पर सभी ब्रांडेड कंपनियों के कपड़ों के लिए जाना जाता है. यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए ब्रांडेड, फैशनेबल और पारंपरिक परिधानों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है. बड़े शोरूम और मल्टी-ब्रांड स्टोर्स इस बाजार की खास पहचान हैं. साथ ही मोबाइल खरीदने ओर बेचने के लिए भी प्रसिद्ध मार्केट है. शादी-विवाह और त्योहारों के मौसम में गुमानपुरा मार्केट में विशेष चहल-पहल देखने को मिलती है. यहाँ ज्वेलरी के बड़े शोरूम, नामी फुटवियर स्टोर्स और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आधुनिक ग्रॉसरी मार्ट भी मौजूद हैं. साफ-सुथरा वातावरण, व्यवस्थित दुकानें और बेहतर यातायात सुविधा इस बाजार को और आकर्षक बनाती हैं. कोटा शहर ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों से भी लोग यहाँ खरीदारी के लिए आते हैं. गुणवत्तापूर्ण सामान, ब्रांडेड विकल्प और भरोसेमंद दुकानों के कारण गुमानपुरा मार्केट कोटा की प्रमुख शॉपिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है.

अगर कोई व्यक्ति अपनी फ़ैमिली के साथ पूरा दिन एक साथ बिताना चाहता है, चाहे वह शॉपिंग के लिए हो, फ़िल्म देखने के लिए हो या फिर साथ में समय बिताने के लिए, तो कोटा का सिटी मॉल सबसे बेहतरीन जगह मानी जाती है. सिटी मॉल में सभी प्रमुख ब्रांडेड कंपनियों के शोरूम मौजूद हैं, जहाँ परिवार के हर सदस्य के लिए पसंद के कपड़े और अन्य सामान आसानी से मिल जाते हैं. मॉल में आधुनिक मल्टीप्लेक्स सिनेमा है, जहाँ नई फिल्मों का आनंद लिया जा सकता है. इसके अलावा, फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के रेस्टोरेंट और कैफे हैं, जो हर उम्र के लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए सिटी मॉल में मनोरंजन और सुविधा उपलब्ध है. साफ-सुथरा वातावरण, सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था और पर्याप्त पार्किंग के कारण सिटी मॉल परिवार के साथ समय बिताने और मनोरंजन के लिए कोटा की सबसे पसंदीदा जगह बन चुका है.

दादाबाड़ी मार्केट कोटा का एक तेजी से विकसित होता हुआ बाजार क्षेत्र है. यह बाजार शॉपिंग और खान-पान दोनों के लिए जाना जाता है. यहाँ कपड़े, जूते, कॉस्मेटिक्स और रोजमर्रा की वस्तुओं के साथ-साथ कई प्रसिद्ध फूड स्टॉल और रेस्टोरेंट मौजूद हैं. शाम के समय दादाबाड़ी मार्केट में विशेष रौनक देखने को मिलती है, जब परिवार और युवा बड़ी संख्या में यहाँ घूमने आते हैं. चाट, फास्ट फूड और मिठाइयों की दुकानें लोगों को खास तौर पर आकर्षित करती हैं. यह क्षेत्र आवासीय कॉलोनियों से घिरा होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए सुविधाजनक शॉपिंग सेंटर बन गया है. साफ-सफाई और बेहतर यातायात व्यवस्था के कारण दादाबाड़ी मार्केट कोटा की पसंदीदा बाजारों में गिनी जाती है.
Add as Preferred Source on Google

यदि कोई दूल्हा शादी की तैयारी कर रहा है और उसका बजट मात्र 2000 रुपये है, तो वह घंटाघर मार्केट में अपनी ज़रूरी खरीदारी आसानी से पूरी कर सकता है. यहां पगड़ी, दुपट्टा, जूते, बेल्ट और अन्य आवश्यक सामान कम दामों में उपलब्ध हैं. घंटाघर मार्केट कोटा की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक बाजारों में से एक है. शहर के मध्य स्थित होने के कारण यह बाजार हमेशा लोगों से गुलजार रहती है. यहाँ कपड़े, ज्वेलरी, घड़ियाँ, जूते, कॉस्मेटिक्स और रोजमर्रा की जरूरत का लगभग हर सामान किफायती दामों पर मिलता है. स्थानीय व्यापारियों की दुकानें इस बाजार की खास पहचान हैं. त्योहारों और विवाह के मौसम में घंटाघर मार्केट विशेष रूप से आकर्षक नजर आती है, जब रोशनी और सजावट से पूरा क्षेत्र जीवंत हो उठता है. पारंपरिक राजस्थानी वस्तुएँ, चूड़ियाँ और हस्तशिल्प यहाँ आसानी से मिल जाते हैं. कोटा आने वाले पर्यटक भी इस बाजार में खरीदारी करना पसंद करते हैं.

अगर कोई छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है, तो किताबें खरीदने के लिए आर्य समाज रोड मार्केट उसके लिए सबसे उपयुक्त स्थान है. यह बाजार कोटा के कोचिंग छात्रों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय है. यहाँ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे आईआईटी, नीट, बैंक, एसएससी, रेलवे और अन्य सरकारी भर्तियों से संबंधित किताबें आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं. आर्य समाज रोड पर छात्रों को नई और पुरानी (सेकेंड हैंड) दोनों प्रकार की किताबें बहुत ही कम रेट में मिल जाती हैं, जिससे उनकी पढ़ाई का खर्च काफी कम हो जाता है. इस बाजार की खास बात यह है कि कई दुकानों पर कोचिंग नोट्स, प्रैक्टिस सेट, गाइड बुक्स और सिलेबस के अनुसार सामग्री भी उपलब्ध रहती है. कोचिंग संस्थानों के नजदीक होने के कारण यह क्षेत्र दिनभर छात्रों से भरा रहता है. किफायती दाम, पुस्तकों की बड़ी रेंज और आसानी से उपलब्धता के कारण आर्य समाज रोड मार्केट प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अपनी अलग पहचान बना चुकी है.
First Published :
December 30, 2025, 16:32 IST
homerajasthan
कोटा के चार सुपरबाजार: गुमानपुरा, घंटाघर, सिटी मॉल और दादाबाड़ी में करे शॉपिंग



