राजस्थान आज की खबरें | CM Bhajanlal Sharma Deeg Visit Vande Bharat Sleeper Trial Kota

Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का डीग दौरा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज डीग और भरतपुर के दौरे पर रहेंगे. वे सुबह 11:50 बजे जयपुर एयरपोर्ट से पूंछरी का लौठा, डीग के लिए प्रस्थान करेंगे. वहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद मुख्यमंत्री का कल दोपहर तक वापस जयपुर लौटने का कार्यक्रम है.
प्रशासनिक सख्ती और भ्रष्टाचार पर प्रहार
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है. आपराधिक मामलों में दोषी पाए गए आयुर्वेद और पशुपालन विभाग के दो चिकित्सा अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं. साथ ही, लंबे समय से अनुपस्थित रहने और लापरवाही बरतने वाले चार सेवानिवृत्त चिकित्सकों सहित पांच की पेंशन रोक दी गई है. भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में, जालौर के आहोर में तैनात पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता शंकरलाल को सड़क निर्माण की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और संबंधित ठेकेदार को डिबार करने के निर्देश दिए गए हैं.
कोटा में वंदे भारत स्लीपर का हाई-स्पीड ट्रायल
रेलवे क्षेत्र से एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है. पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा-नागदा खंड पर स्वदेशी तकनीक से बनी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का सफल ट्रायल किया गया. 16 कोच वाली इस ट्रेन ने 180 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ लगाई. इस दौरान ट्रेन की स्थिरता, कंपन और आपातकालीन ब्रेक प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की गई.
जयपुर में सर्दी का सितम और जैसलमेर में जश्न
राजधानी जयपुर में आज सुबह हल्की धुंध छाई रही और तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कड़ाके की ठंड के कारण मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों की संख्या में कमी देखी गई है और जनवरी में सर्दी और बढ़ने के आसार हैं. दूसरी ओर, जैसलमेर के सम के धोरों पर नववर्ष के स्वागत का जश्न शुरू हो चुका है. बड़ी संख्या में पर्यटक राजस्थानी कला, संस्कृति और कालबेलिया नृत्य का आनंद ले रहे हैं.
अजमेर में विवाहिता की संदिग्ध मौत
अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ बिहार की रहने वाली मनीषा ने ससुराल में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मनीषा की शादी तीन साल पहले रेलवे टेक्नीशियन लक्ष्मण कुमार से हुई थी. वह करीब एक साल बाद पीहर से अजमेर लौटी थी. फिलहाल पुलिस मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर मामले की सघन जांच कर रही है.
कोहरे के कारण दिल्ली और चंडीगढ़ की फ्लाइट्स रद्ददिल्ली और चंडीगढ़ में मौसम खराब होने और दृश्यता (Visibility) कम होने की वजह से जयपुर एयरपोर्ट से आज सुबह की दो महत्वपूर्ण उड़ानें रद्द कर दी गईं. इसमें इंडिगो की जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट (6E-7742) शामिल है, जो सुबह 5:50 बजे रवाना होती है. इसके साथ ही, सुबह 8:30 बजे दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-1834) को भी कोहरे के कारण कैंसिल करना पड़ा. इन उड़ानों के रद्द होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
स्पाइसजेट के यात्रियों का 5 घंटे का इंतजारखराब मौसम का असर बीती रात की उड़ानों पर भी देखने को मिला. स्पाइसजेट की मुंबई जाने वाली फ्लाइट (SG-251) के यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी. यह फ्लाइट जयपुर से रात 12:50 बजे रवाना होनी थी, लेकिन इसे करीब 5 घंटे की देरी के बाद आज सुबह 5:20 बजे मुंबई के लिए रवाना किया जा सका. पूरी रात एयरपोर्ट पर इंतजार करने की वजह से यात्रियों में नाराजगी देखी गई.



