सर्दियों में होंठ सूख या फट रहे हैं? अपनाएं ये घरेलू नुस्खे, ठंडी हवा से बचाएंगे और होंठ बनाएंगे मुलायम और गुलाबी

Last Updated:January 06, 2026, 07:30 IST
Lip Care Tips: सर्दियों में ठंडी हवा और शुष्क मौसम होंठों के लिए चुनौती बन जाते हैं. होंठ सूखने, फटने और जलन की समस्या आम है. नियमित देखभाल से इसे रोका जा सकता है. देसी घी, मक्खन और शहद रात में लगाने से होंठ नमी बनाकर मुलायम रहते हैं. नींबू और मलाई का पैक होंठों के कालापन को कम करता है. चीनी का स्क्रब, नारियल या बादाम तेल भी असरदार हैं. लिपस्टिक और केमिकल प्रोडक्ट से बचें और पर्याप्त पानी और विटामिन युक्त आहार लें, जिससे होंठ स्वस्थ और गुलाबी बने रहते हैं.

सर्दियों का मौसम ठंडी हवाओं और सुहावने दिनों के लिए पसंदीदा होता है, लेकिन यह त्वचा के लिए कई समस्याएं भी लाता है. खासकर होंठ, जो चेहरे का सबसे नाजुक हिस्सा हैं, ठंड में सबसे पहले प्रभावित होते हैं. कम नमी, ठंडी हवा और शरीर में पानी की कमी के कारण होंठ सूखने लगते हैं, फट जाते हैं और कई बार जलन या खून भी आने लगता है. इस मौसम में होंठों की देखभाल और पर्याप्त नमी बनाए रखना बेहद जरूरी है.

अक्सर लोग होंठों की इस समस्या को नजरअंदाज कर देते हैं या गलत तरीकों से राहत पाने की कोशिश करते हैं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है. जबकि नियमित देखभाल से सर्दियों में भी होंठों को मुलायम, स्वस्थ और खूबसूरत रखा जा सकता है. ठंड में होंठ खराब होने के कई कारणों में ठंडी और शुष्क हवाएं, शरीर में पानी की कमी, बार-बार होंठ चाटने की आदत, पोषक तत्वों की कमी, केमिकल युक्त लिपस्टिक व कॉस्मेटिक का प्रयोग करना है.

ब्यूटी एक्सपर्ट डॉक्टर अंजली चौधरी ने बताया कि देसी घी और मक्खन होंठो के लिए बेहद फायदेमंद है. रात को सोने से पहले होंठों पर देसी घी या ताजा मक्खन लगाने से होंठों की नमी बनी रहती है. यह फटे होंठों को भरने में मदद करता है और दर्द से राहत देता है. इसके अलावा शहद का उपयोग भी बहुत लाभकारी होता है. क्योंकि शहद प्राकृतिक मॉइश्चराइजर है. रोजाना रात में शहद की हल्की परत होंठों पर लगाने से होंठ मुलायम रहते हैं और उनमें चमक आती है.
Add as Preferred Source on Google

ब्यूटी एक्सपर्ट के अनुसार नींबू और मलाई का उपाय होंठो के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है. इसके लिए आधा चम्मच ताजी मलाई लें और उसमें 3 से 4 बूंद नींबू का रस मिलाएं. इसे रात में सोने से पहले होंठों पर लगाएं. यह नुस्खा होंठों की मृत त्वचा को हटाकर उन्हें मुलायम बनाता है और होंठों के कालापन को भी धीरे-धीरे कम करता है. इसके अलावा नींबू में शहद मिलाकर भी होंठो की देखभाल की जा सकती है. शहद में 2 से 3 बूंद नींबू मिलाकर होंठों पर लगाने से होंठों की रूखापन दूर होता है और प्राकृतिक गुलाबी रंग लौटने लगता है.

चीनी का स्क्रब होंठों की देखभाल में उपयोगी है. इसके लिए एक चुटकी चीनी में थोड़ा शहद या तेल मिलाकर सप्ताह में एक बार हल्के हाथों से होंठों पर रगड़ें. इससे सूखी और मरी हुई त्वचा हट जाती है और होंठ नरम बनते हैं. इसके अलावा नारियल तेल या बादाम तेल भी इस्तेमाल किया जा सकता है. दिन में 2 से 3 बार इन तेलों को लगाने से होंठ सूखते नहीं हैं और ठंडी हवा का असर कम होता है. इससे होंठ हाइड्रेटेड और स्वस्थ बने रहते हैं.

ब्यूटी एक्सपर्ट के अनुसार लिपस्टिक और पाउडर लगाते समय रखें ध्यान रहे की मैट लिपस्टिक का अधिक प्रयोग न करें और सोने से पहले लिपस्टिक जरूर साफ करें. इसके अलावा सस्ते और केमिकल युक्त प्रोडक्ट से बचें व पाउडर होंठों पर लगाने से पहले मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं. खान-पान से भी करें होंठों की देखभाल कर सकते हैं. इसके लिए दिनभर पर्याप्त पानी पिएं तथा हरी सब्जियां, फल और सूखे मेवे लें. विटामिन B और आयरन युक्त आहार अपनाएं जिससे होंठ मुलायम और सुरक्षित रहेगे. रात को सोने से पहले हल्का गुनगुना पानी पीने और होंठों पर तेल लगाने से सुबह होंठ ज्यादा मुलायम रहते हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
January 06, 2026, 07:30 IST
homelifestyle
सर्दियों में होंठ सूख या फट रहे हैं? ये घरेलू नुस्खे बनाएंगे मुलायम और गुलाबी



