सीकर में शुरू होगी इलेक्ट्रिक बस सेवा, खाटूश्याम जी और सालासर के लिए चलेगी बसे, श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान

Last Updated:January 11, 2026, 15:22 IST
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम अब रोडवेज में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है. योजना के पहले चरण में 300 इलेक्ट्रिक बसों को अनुबंध पर हायर किया जाएगा. जुलाई के अंत तक ये बसें सड़कों पर दौड़ने लगेंगी. सीकर डिपो से सालासर-खाटूश्यामजी मार्ग पर 6, सीकर-जयपुर मार्ग पर 6 और अन्य मार्गों पर 2-2 बसें चलाई जाएंगी.
राजस्थान में अब रोडवेज द्वारा परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक बसों का भी उपयोग किया जाएगा. इन्हें लेकर पिछली साल राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने आदेश जारी किए थे. ऐसे में ये बसें जल्द ही सड़कों पर दौड़ती दिखेंगी. योजना के तहत इन्हें अलग-अलग चरणों में शुरू किया जाएगा, प्रथम चरण में राजस्थान में 300 इलेक्ट्रिक बसों को एजेंसी के माध्यम से अनुबंध पर हायर किया जाएगा.

इसे लेकर अब रोडवेज प्रबंधन ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, ऐसे में ये बसें जुलाई के अंत तक सड़कों पर दौड़ने लगेंगी. प्रदेश के प्रत्येक बस डिपो से बसों के संचालन का रोडमैप बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. प्रथम चरण में सीकर डिपो से लगभग आधा दर्जन मार्गों पर करीब 20 बसें चलाने की योजना बनाई गई है. सीकर डिपो के यातायात प्रभारी बिरमा राम के अनुसार, बसों के संचालन के लिए डिपो प्रबंधन ने मार्गों की सूची तैयार कर मुख्यालय को भिजवा दी है.

सीकर बस डिपो प्रबंधन ने सीकर से सालासर-खाटूश्यामजी मार्ग पर सबसे ज्यादा 6 बसें चलाने की योजना बनाई है. इससे बाबा श्याम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने वाली है. ये बसें सीकर से वाया सुजानगढ़ सालासर-खाटूश्यामजी होते हुए चलाई जाएंगी. इसके अलावा, सीकर-जयपुर मार्ग पर भी प्रतिदिन 6 बसें चलायी जाएंगी. साथ ही, सीकर से चूरू, सीकर से नीमकाथाना और डीडवाना मार्ग पर भी 2-2 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए रोडमैप तैयार किया गया है.
Add as Preferred Source on Google

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के अनुसार, रोडवेज के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने की तैयारी पूरी हो चुकी है. फिलहाल, एजेंसी हायर करने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है, यदि प्रोजेक्ट तय समय पर सफल रहता है, तो जुलाई तक प्रत्येक डिपो को इलेक्ट्रिक बसों का आवंटन कर मार्गों पर संचालन शुरू करवा दिया जाएगा. इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन इंटरसिटी कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए किया जाएगा, इसके तहत 200 से 225 किमी के दायरे में आने वाले शहरों को जोड़ा जाएगा.

बसों की बैट्री क्षमता इतनी है कि इस दायरे के शहरों में संचालन किया जा सके, रोडवेज प्रोजेक्ट में रूट पर बसों की चार्जिंग के लिए कोई सिस्टम तैयार नहीं किया जाएगा, यानी बसों को शहर के अलग-अलग स्टेशनों पर ही चार्ज करना होगा. आपको बता दें कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुसार सभी 300 इलेक्ट्रिक बसें एसी श्रेणी की होंगी. रोडवेज ने इन बसों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, इनकी लंबाई 12 मीटर और सीटिंग साइज 3 बाय 2 होगी. यानी डीजल बसों की तर्ज पर इलेक्ट्रिक बसों में भी एक साथ 48 यात्री सफर कर सकेंगे.

यानी इससे यात्रीभार भी प्रभावित नहीं होगा, बसों का संचालन प्रति किमी दर पर कॉन्ट्रैक्ट के तहत होगा. बसें एक चार्ज में 225 किमी चलने की क्षमता वाली होंगी. हर बस का संचालन रोजाना कम से कम 400 किमी किया जाएगा. यात्रा शुरू होने और समाप्त होने के दौरान बस को चार्जिंग के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा. इन बसों की बैट्री की क्षमता 205 किलोवॉट होगी, कॉन्ट्रैक्ट के तहत बस का संचालन 10 साल तक या अधिकतम 14 लाख किमी तक रहेगा. इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से डीजल की बचत के साथ ही वायु प्रदूषण भी कम होगा.
First Published :
January 11, 2026, 15:22 IST
homerajasthan
राजस्थान रोडवेज में जुलाई से 300 इलेक्ट्रिक बसें देंगी सेवा, सीकर डिपो योजना



