खेतों की डिग्गियां बनने लगी मौत का अड्डा, अब नागौर में 2 जवान भाइयों और भांजे की डूबने से दर्दनाक मौत

Last Updated:April 28, 2026, 13:57 IST
Nagaur News : राजस्थान में खेतों में फसलों की सिंचाई और अन्य कार्यों के लिए डिग्गी में पानी एकत्र किया जाता है. लेकिन ये ही डिग्गियां अब मौत का अड्डा बनने लग गई हैं. प्रदेशभर में आए दिन डिग्गियों में हादसे होने के मामले सामने आते रहते हैं. अब ताजा मामला नागौर जिले में सामने आया है. यहां दो सगे भाइयों समेत उनके भांजे की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई.
नागौर जिले में हुए इस हादसे के बाद युवकों के गांव में मातम पसर गया है.
नागौर. राजस्थान में खेतों में सिंचाई की खातिर पानी एकत्र करने के लिए बनाई गई डिग्गियां मौत का ठिकाना बनने लगी है. ताजा केस जोधपुर संभाग के नागौर जिले में सामने आया है. नागौर जिले के हस्सोलाव इलाके में खेत में बनी डिग्गी में डूब जाने से तीन जवान युवकों की मौत हो गई. इनमें से दो युवक सगे भाई थे और तीसरा उनका भांजा था. हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. एक ही परिवार के तीन जवान युवकों की मौत के कारण उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. हालात यह हो गए हैं कि ग्रामीण भी उन्हें ढांढस बंधाने पहुंच रहे तो वे भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार सोमवार को हस्सोलाव में खेत पर काम करने के दौरान मनीष (19) पाइपलाइन ठीक करने के लिए डिग्गी के पास गया था. उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर डिग्गी के गहरे पानी में जा गिरा. मनीष के चिल्लाने और उसे डूबता देखकर पास में मौजूद उसका छोटा भाई रविंद्र (16) और भांजा यशपाल (15) उसे बचाने के लिए दौड़े. उन्होंने भी आव देखा ना ताव और तुरंत डिग्गी में उतर गए.
एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में गई तीनों की जानबताया जा रहा है कि तीनों ने बाहर निकलने के लिए एक रस्सी का सहारा लिया. लेकिन उस रस्सी ने भी धोखा दे दिया. रस्सी अचानक टूट गई. उसके बाद तीनों फिर से गहरे पानी में गिर गए. तीनों ने बचने के लिए खूब हाथ-पांव मारे लेकिन सफल नहीं हो पाए. एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों युवक डिग्गी में जिंदगी की जंग हार गए. बाद में उनके परिजनों और ग्रामीणों को जब घटना का पता चला तो वहां हड़कंप मच गया.
पूरा गांव गमगीन हो गया
खेत में ग्रामीणों भी भीड़ एकत्र हो गई. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. तीनों युवक मौत की आगोश में समा चुके थे. बाद में पुलिस को सूचित किया गया. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उनको पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. इस हादसे से पूरा गांव गमगीन हो गया. राजस्थान में इस तरह का यह कोई पहला हादसा नहीं है. यहां आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं. लेकिन डिग्गियों के आसपास सुरक्षा के लिए कोई भी उपाय नहीं अपनाए जाते हैं. बारिश के मौसम में ये डिग्गियां पानी से लबालब हो जाती है तो हादसों की संख्या भी बढ़ जाती है.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Nagaur,Nagaur,Rajasthan
First Published :
April 28, 2026, 13:57 IST



