‘रणवीर सिंह शक्तिमान नहीं, किलविश बन सकते हैं’, मुकेश खन्ना का बड़ा बयान- उसके चेहरे पर ‘नेगेटिविटी’ है

Last Updated:April 29, 2026, 19:02 IST
मुकेश खन्ना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वह रणवीर सिंह को शक्तिमान के किरदार में नहीं देखना चाहते. हाल ही में दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि रणवीर बेहतरीन अभिनेता हैं और ‘गली बॉय’ व अलाउद्दीन खिलजी जैसे किरदार शानदार निभा चुके हैं, लेकिन शक्तिमान बनने के लिए सिर्फ एक्टिंग काफी नहीं . मुकेश खन्ना के मुताबिक, इस किरदार के लिए चेहरे पर पॉजिटिविटी और अलग आभा होनी चाहिए. उन्होंने यहां तक कह दिया कि रणवीर शक्तिमान नहीं, बल्कि किलविश जैसे नेगेटिव रोल में ज्यादा फिट बैठते हैं.
नई दिल्ली. रणवीर सिंह को आज इंडस्ट्री में बड़े दर्जे का कलाकार माना जाने लगा है. रणवीर की जबरदस्त एक्शन फ्लिक ‘धुरंधर’ और उसके सीक्वल ‘धुरंधर: दी रिवेंज’ ने दुनिया भर में धूम मचा दी है. यह स्पाई-थ्रिलर फ्रेंचाइज़ी अब तक करीब 3000 करोड़ रुपये से भी ज़्यादा का कारोबार कर चुकी है. इधर रणवीर की जबरदस्त एक्टिंग की जमकर तारीफ भी हो रही है, तो लोग उनके अगले प्रोजेक्ट ‘शक्तिमान’ को लेकर भी काफी उत्सुक थे. इस फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा रणवीर सिंह की संभावित कास्टिंग को लेकर रही है. हालांकि, अब एक बार फिर ओरिजिनल शक्तिमान मुकेश खन्ना ने साफ कर दिया है कि वह रणवीर सिंह को इस किरदार में नहीं देखना चाहते.
हाल ही में एचटी सिटी को दिए इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने कहा कि लोग उन्हें लगातार समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि रणवीर सिंह अब बड़े स्टार बन चुके हैं और उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. लेकिन इसके बावजूद वह उन्हें शक्तिमान के रोल के लिए सही नहीं मानते.
मुकेश खन्ना ने कहा, ‘मुझे मनाने में लगे हैं सब, कि धुरंधर चल गई, अब तो रणवीर सिंह बहुत बड़ा एक्टर बन गया. मैं शक्तिमान के लिए कोई बहुत बड़ा एक्टर या स्टार नहीं चाहता. मुझे शक्तिमान के लिए एक इमेज चाहिए जो रणवीर के पास नहीं है, इसलिए मैंने साफ इनकार किया. मैं उनकी एक्टिंग के खिलाफ नहीं हूं.’
Add as Preferred Source on Google
आगे मुकेश खन्ना ने अपना पूरा तर्क देते हुए कहा, ‘वो अलाउद्दीन खिलजी (पद्मावत) तो कर सकते हैं, गली बॉय तो कर चुके हैं, धुरंधर भी उन्होंने बहुत अच्छी की है और मैंने प्रशंसा भी की. लेकिन मेरे लिए शक्तिमान बनने के लिए केवल एक्टर होना ही काफी नहीं है, बल्कि चेहरा भी उसके अनुकूल होना चाहिए. मेरा एतराज सिर्फ इतना है कि उसकी आंखों में शक्तिमान दिखना चाहिए, वो जब खड़ा हो तो उसमें चालाकी नहीं दिखनी चाहिए. ‘
इतना ही नहीं, मुकेश खन्ना ने तो रणवीर सिंह को एक ऑफर भी दे डाला. उन्होंने कहा, ‘मैं रणवीर को किल्विश (शक्तिमान का विलेन) के लिए साइन कर सकता हूं लेकिन शक्तिमान के लिए नहीं. (उसके) चेहरे पर नेगेटिविटी है, पॉजिटिविटी नहीं है.’ अपने इस अड़ियल रवैये के लिए मुकेश खन्ना ने फैंस से माफी तक मांगी. उन्होंने कहा, ‘हर कोई जानता है कि रफ्तार में रोड़ा क्या है.’ हालांकि मुकेश खन्ना ने ये भी साफ कर दिया और सभी को भरोसा दिलाया कि शक्तिमान की फिल्म ‘आ रही है, आनी चाहिए’.
सिर्फ रणवीर ही नहीं, मुकेश खन्ना तो रणबीर कपूर पर भी भड़के. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही महाकाव्य फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर राम बनेंगे और साईं पल्लवी सीता के रूप में नजर आएंगी. वहीं स्टार यश, सनी देओल और रवि डूबे भी अहम भूमिका में हैं. लेकिन मुकेश खन्ना यहां भी चुप नहीं बैठे.
जब उनसे फिल्म के टीजर पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, ‘टीजर से बात नहीं बनती है, टीजर कभी-कभी मिसलिडिंग (भटकाने वाला) होता है. हमेशा हम अपना बेस्ट फुट फॉरवर्ड करते हैं. जब कोई लड़का-लड़की डेटिंग करते हैं तो वो अपना सबसे अच्छा संस्करण पेश करते हैं. लेकिन असलियत शादी के बाद पता चलती है. ठीक उसी तरह पूरी फिल्म ही बोलेगी.’
First Published :
April 29, 2026, 19:02 IST



