कोटा में बड़ा हादसा! अचानक भरभराकर ढह गया तीन मंजिला मकान, गनीमत रही खाली था, वरना मचती तबाही

Last Updated:May 05, 2026, 20:27 IST
Kota Three-Storey Building Collapses: कोटा के घोसी मोहल्ले में एक तीन मंजिला मकान भरभराकर गिरने से हड़कंप मच गया. हादसा घनी आबादी के बीच हुआ, लेकिन मकान खाली होने से बड़ा नुकसान टल गया. मलबा सड़क पर फैलने से रास्ता बंद हो गया और लोगों को परेशानी हुई. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र खाली कराया और सुरक्षा बढ़ाई. स्थानीय लोगों ने जर्जर भवनों पर पहले कार्रवाई न होने को लेकर नाराजगी जताई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ख़बरें फटाफट

कोटा में भरभराकर गिर गया तीन मंजिला मकान
कोटा. शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां बल्लभबाड़ी इलाके के घोसी मोहल्ले में स्थित एक तीन मंजिला मकान अचानक भर-भराकर गिर गया. घटना घनी आबादी वाले इलाके में होने के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान अचानक तेज आवाज के साथ गिरा, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत घरों से बाहर निकल आए. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. बताया जा रहा है कि यह मकान काफी समय से खाली पड़ा हुआ था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया. अगर मकान में लोग रह रहे होते, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी.
मकान भर-भराकर गिरते ही मुख्य रास्ता हुआ बंद
मकान गिरने के बाद भारी मात्रा में मलबा सड़क पर फैल गया, जिससे इलाके का मुख्य रास्ता पूरी तरह बंद हो गया. इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आसपास खड़े कुछ दोपहिया वाहन मलबे में दब गए, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. घटना की सूचना मिलते ही गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. इसके साथ ही नगर निगम की टीम और रेस्क्यू दल भी तुरंत मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को खाली करवाया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के निर्देश दिए. मौके पर सुरक्षा के इंतजाम भी बढ़ा दिए गए हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.
शिकायत के बावजूद समय रहते नहीं हुई कर्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था. कई बार इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब मकान गिरने के बाद लोग प्रशासन से ऐसे जर्जर भवनों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. कई लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मकान ढहते ही फैल गया धूल गुबार
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही सेकंड में पूरा मकान ढह जाता है और धूल का गुबार चारों ओर फैल जाता है. फिलहाल नगर निगम की टीम मलबा हटाने के काम में जुटी हुई है और रास्ता जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इलाके के अन्य जर्जर भवनों का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



