कोचिंग सिटी सीकर में दर्दनाक हादसा, चार साल से नीट की तैयारी कर रहा छात्र फंदे पर झूला, पुलिस जांच में जुटी

Last Updated:May 15, 2026, 20:11 IST
NEET Coaching Student Commits Suicide: राजस्थान के सीकर में कोचिंग छात्र द्वारा हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. छात्र पिछले चार वर्षों से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था और हाल ही में परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितताओं के बीच मानसिक तनाव में बताया जा रहा था. घटना पिपराली रोड स्थित हॉस्टल की है. परिजनों के अनुसार छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से था और उसकी पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है.
ख़बरें फटाफट
सीकर में चार साल से नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने फंदे से लटककर दे दी जान
सीकर. राजस्थान के सीकर से एक कोचिंग छात्र द्वारा हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था और हाल ही में परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितताओं और चल रहे विवादों के बीच वह मानसिक दबाव में बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र पिछले लगभग चार वर्षों से सीकर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था. वह अपने परिवार की उम्मीदों का केंद्र था और इस बार चयन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त भी था. छात्र की पहचान एक सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से जुड़े युवा के रूप में हुई है, जिसने बेहतर भविष्य के सपने के साथ कोचिंग शहर का रुख किया था.
पिपराली रोड स्थित हॉस्टल की है घटना
घटना पिपराली रोड स्थित एक हॉस्टल की है, जहां छात्र ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. घटना के समय बताया जा रहा है कि घर में उसकी बहन और अन्य परिजन सामान्य दिनचर्या में लगे हुए थे. परिजनों के अनुसार, घटना के वक्त बहन नहाने गई हुई थी, और इसी दौरान यह दुखद कदम उठाया गया. अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया.
झुंझुनूं जिले का रहने वाला है मृतक छात्र
छात्र झुंझुनूं के गुड्डा गोडजी का रहने वाला है. वह हाल के दिनों में मानसिक रूप से परेशान चल रहा था. परिजन और कुछ परिचितों का यह भी कहना है कि नीट परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितता, प्रतिस्पर्धा का दबाव और हाल ही में सामने आए पेपर लीक विवाद जैसे मुद्दों की चर्चाओं से वह तनाव में था. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
कर्ज लेकर छात्र को पढ़ा रहे थे परिजन
मृतक छात्र की आर्थिक स्थिति साधारण बताई जा रही है और परिवार ने उसकी शिक्षा पर वर्षों में लगभग 8 से 11 लाख रुपये तक का खर्च किया था. परिवार ने कर्ज और सीमित संसाधनों के बावजूद उसके सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं रखी थी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Sikar,Rajasthan



