धौलपुर में ‘मौत का अड्डा’ बना खुला सीवर, दहशत में जी रहे लोग, शिकायत के बाद भी नहीं ढका गया चैंबर

Last Updated:May 16, 2026, 22:06 IST
Dhaulpur Sewer Problem: धौलपुर शहर के गंगाबाई बगीची मार्ग पर पिछले 15 से 20 दिनों से सीवर लाइन का टूटा ढक्कन खुला पड़ा है, जिससे यह पूरी सड़क लोगों के लिए गंभीर खतरे का कारण बन गई है. इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, जिनमें स्कूल बसें, दुपहिया वाहन और कारें शामिल हैं, ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक नगर परिषद की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है क्योंकि अंधेरे में खुला सीवर चैंबर दिखाई नहीं देता और दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है.
ख़बरें फटाफट
धौलपुर. राजस्थान के धौलपुर शहर स्थित गंगाबाई बगीची मार्ग पर पिछले 15 से 20 दिनों से सीवर लाइन का ढक्कन टूटा पड़ा है. सड़क के बीचों-बीच खुला पड़ा यह सीवर चैंबर अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे की वजह बन गया है. लोगों का कहना है कि इस रास्ते से हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं, जिनमें स्कूल बसें, कारें और दुपहिया वाहन शामिल हैं. ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
गंगाबाई बगीची मार्ग धौलपुर शहर का प्रमुख रास्ता माना जाता है. यहां आसपास कई कॉलोनियां बसी हुई हैं और हजारों की संख्या में लोग रोजाना इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं. सड़क के बीचो-बीच खुले सीवर चैंबर के कारण वाहन चालकों और राहगीरों में डर बना हुआ है. खासकर रात के समय खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि अंधेरे में सड़क के बीचो-बीच खुला सीवर का चैंबर बिल्कुल दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है.
शिकायत के बाद भी नहीं हो सका है समाधान
स्थानीय निवासी चरन सिंह ने बताया कि लोगों ने कई बार नगर परिषद और मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों ने डर की वजह से साइकिल चलाना तक बंद कर दिया है. अगर समय रहते सीवर चैंबर पर ढक्कन नहीं लगाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. पटपरा निवासी दीपू कुशवाहा ने बताया कि वह रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं और हर बार डर बना रहता है. उन्होंने कहा कि इस खुले चैंबर की वजह से पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं. एक बार यहां एक गाड़ी भी पलट चुकी है, जिससे काफी नुकसान हुआ था.
अनहाेनी का हमेशा बना रहता है डर
उनका कहना है कि सीवर काफी गहरा है और उसमें पानी भी भरा हुआ है. अगर कोई बच्चा खेलते समय इसमें गिर जाए तो बड़ी अनहोनी हो सकती है. जब कोई अपना दोस्त या घर का सदस्य इस रास्ते से होकर गुजरता है तो मन में यही डर बना रहता है कि वह इस खुले सीवर चैंबर में न गिर जाए. वहीं राहगीरों का कहना है कि दिन और रात दोनों समय यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि जल्द से जल्द सीवर चैंबर पर नया ढक्कन लगाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके और लोगों को राहत मिल सके.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dhaulpur,Rajasthan



