जोधपुर को राहत! 20 मई तक नहर से झीलों तक पहुंचेगा पानी, जानें कब से होगी जलापूर्ति

Last Updated:May 17, 2026, 16:26 IST
Jodhpur Water Supply: जोधपुर में भीषण गर्मी और बढ़ती पेयजल मांग के बीच राहतभरी खबर सामने आई है. जलदाय विभाग के अनुसार इंदिरा गांधी नहर का पानी 20 मई की शाम तक कायलाना और तख्तसागर झीलों तक पहुंच जाएगा. मुख्य अभियंता देवराज सोलंकी ने अधिकारियों के साथ जल भंडारण और सप्लाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. विभाग का कहना है कि वर्तमान स्टोरेज से अगले चार दिनों तक सप्लाई प्रभावित नहीं होगी. नहर मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है, जिससे तय समय से पहले पानी पहुंचने की संभावना बनी हुई है.
ख़बरें फटाफट
जोधपुर. भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती पेयजल मांग के बीच जोधपुर में जलापूर्ति को लेकर लोगों की चिंता अब कम होती नजर आ रही है. इंदिरा गांधी नहर के कैनाल क्लोजर के चलते बनी स्थिति पर जलदाय विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है. मुख्य अभियंता देवराज सोलंकी ने अधिकारियों के साथ तख्तसागर और कायलाना झील का दौरा कर जल भंडारण और सप्लाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. विभाग का दावा है कि तय योजना के अनुसार, 20 मई की शाम तक इंदिरा गांधी नहर का पानी कायलाना और तख्तसागर तक पहुंच जाएगा.
इससे शहर की पेयजल व्यवस्था सामान्य बनी रहेगी.अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान स्टोरेज से अगले चार दिनों तक सप्लाई पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा. PHED अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर का कैनाल क्लोजर पहले 10 मई तक निर्धारित था, जिसे बढ़ाकर 14 मई तक किया गया. इसके बाद 14 मई को हरीके बैराज से करीब 9 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. पहले जहां 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की योजना थी, वहीं इस बार अतिरिक्त फ्लो दिए जाने से पानी के तय समय से पहले पहुंचने की संभावना बनी है.
20 मई तक जोधपुर की झीलों तक पानी पहुंच जाएगा
विभाग के अनुसार, 18 मई की शाम तक पानी जीरो आरडी पहुंचेगा और करीब 55 से 60 घंटे की यात्रा के बाद 20 मई की शाम तक जोधपुर की झीलों तक पहुंच जाएगा. फिलहाल हनुमानगढ़ क्षेत्र में करीब 2 हजार क्यूसेक फ्लो मेंटेन किया जा रहा है ताकि आगे सप्लाई सुचारु रहे. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि 22 मई तक शहर की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह स्थिर हो जाएगी. मुख्य अभियंता देवराज सोलंकी ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर करीब 35 से 40 वर्ष पुरानी हो चुकी है और कई स्थानों पर इसकी लाइनिंग कमजोर पड़ गई थी. पंजाब के फरीदकोट क्षेत्र में लगभग 16 किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य कराया गया ताकि किसी प्रकार की ब्रीच जैसी स्थिति उत्पन्न न हो.
पुरानी नहर की मरम्मत पूरी, पानी बचाने की अपील
अतिरिक्त मुख्य अभियंता दिनेश कुमार नागौरी और शहर अधीक्षक अभियंता राजेंद्र मेहता ने आमजन से गर्मी के मौसम में पानी का मितव्ययता से उपयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़कें और चौंतरे धोने से बचें तथा अनावश्यक पानी बहाने से परहेज करें ताकि शहर में पेयजल उपलब्धता बनी रहे. अधिकारियों ने पानी की ट्रेन चलाने को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसी कोई आवश्यकता नहीं है. रेल अधिकारियों से केवल एहतियात के तौर पर संभावित विकल्पों को लेकर चर्चा की गई थी.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jodhpur,Rajasthan



