जयपुर में कांग्रेस का तांगा मार्च, महंगाई और बढ़ती ईंधन कीमतों पर सरकार को घेरा, प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान

Last Updated:May 17, 2026, 17:58 IST
Jaipur Congress Protest: जयपुर में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल, डीजल, सीएनजी व एलपीजी की कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने तांगा मार्च निकालकर प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ता अल्बर्ट हॉल तक पहुंचे और वहां सांकेतिक रूप से घोड़ों को चारा खिलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. अभाव अभियोग प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष योगिता शर्मा ने कहा कि सरकार आम जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है. कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं हुआ तो पूरे राजस्थान में बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा.
ख़बरें फटाफट
जयपुर में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने तांगा मार्च निकालकर प्रदर्शन किया
जयपुर. बढ़ती महंगाई और पेट्रोल, डीजल, सीएनजी व एलपीजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने रविवार को राजधानी जयपुर में तांगा मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में तांगा मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता को राहत देने की मांग उठाई. यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट हॉल तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अल्बर्ट हॉल के सामने तांगों को रोककर प्रतीकात्मक रूप से घोड़ों को चारा खिलाया. इस दौरान “महंगाई से जनता त्रस्त”, “राहत दो”, “ईंधन कीमतें कम करो” जैसे नारे लगाए गए. कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और लोग रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
बढ़ती कीमतों का आम जनता की जेब पर पड़ रहा बोझ
अभाव अभियोग प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष योगिता शर्मा ने प्रदर्शन के दौरान सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और आम जनता को राहत देने में पूरी तरह नाकाम रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है. महंगाई के कारण घर का बजट बिगड़ चुका है और मध्यम वर्ग से लेकर गरीब तबका तक परेशान है.
महंगाई को लेकर प्रदेशभर में चलाएंगे आंदोलन
योगिता शर्मा ने कहा कि कांग्रेस महंगाई के मुद्दे को लेकर अब प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन चलाएगी. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में राजस्थान के हर जिले में तांगा, बैलगाड़ी और गधा गाड़ी मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा. कांग्रेस का दावा है कि बढ़ती ईंधन कीमतों और महंगाई के खिलाफ जनता का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है. अल्बर्ट हॉल क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे. पुलिस और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि तांगा मार्च के जरिए उन्होंने सरकार तक आम जनता की परेशानी पहुंचाने की कोशिश की है और यदि जल्द राहत नहीं मिली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



