Rajasthan

CET में बड़ा बदलाव! अब 3 साल वैध रहेगा स्कोर, सिलेबस में जुड़े 4 नए टॉपिक, एक्जाम शेड्यूल भी जारी

जयपुर. राजस्थान में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे करीब 30 लाख अभ्यर्थियों का समान पात्रता परीक्षा (CET) का इंतजार अब खत्म हो गया है. हाल ही में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने CET-2026 की परीक्षा तिथियां घोषित कर दी हैं. सीनियर सेकेंडरी लेवल CET का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि ग्रेजुएशन लेवल CET 1 से 3 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होगी. बोर्ड के नोटिफिकेशन के अनुसार, इस बार सीनियर सेकेंडरी लेवल CET तीन दिनों तक अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएगी. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जून के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है.

वहीं, स्नातक स्तर की परीक्षा दिसंबर के पहले सप्ताह में तीन दिन तक आयोजित होगी, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया जुलाई में शुरू होगी. इस बार CET का स्तर पहले की तुलना में अधिक कठिन रहने की संभावना है. माना जा रहा है कि इसके चलते केवल 3 से 4 लाख अभ्यर्थी ही पात्रता प्राप्त कर सकेंगे. इसी कारण पहली बार CET में नेगेटिव मार्किंग भी लागू की गई है. गौरतलब है कि CET-2024 की वैधता फरवरी 2026 में समाप्त हो चुकी है. इसमें स्नातक स्तर के 8.78 लाख और सीनियर सेकेंडरी स्तर के 9.17 लाख अभ्यर्थियों की पात्रता खत्म हो गई थी. अब ये अभ्यर्थी CET-2026 में शामिल होंगे.

अब 3 साल तक रहेगी CET की वैधता

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने इस वर्ष आयोजित होने वाली CET परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग के अलावा वैधता अवधि को लेकर भी बड़ा बदलाव किया है. अब CET प्रमाण-पत्र की वैधता अवधि 1 वर्ष से बढ़ाकर 3 वर्ष कर दी गई है. हालांकि, जो अभ्यर्थी अपने स्कोर में सुधार करना चाहते हैं, वे हर वर्ष CET परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. हर बार की तरह इस बार भी पात्रता के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे, जबकि आरक्षित वर्ग को 5 प्रतिशत की छूट का प्रावधान लागू रहेगा.

बोर्ड के इस फैसले से CET-2026 में शामिल होने वाले 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को लाभ मिलने की संभावना है. हालांकि, वैधता अवधि बढ़ने के साथ-साथ परीक्षा का स्तर भी कठिन रहेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को पहले की तुलना में अधिक तैयारी करनी होगी और नेगेटिव मार्किंग को ध्यान में रखते हुए प्रश्नों का चयन करना होगा.

इन परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अनिवार्य है CET

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड विभिन्न भर्तियों के लिए पात्रता निर्धारित करने हेतु CET का आयोजन करता है. CET कोई अंतिम भर्ती परीक्षा नहीं है, बल्कि यह एक स्क्रीनिंग टेस्ट है. इसमें प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थी संबंधित पदों की मुख्य भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के पात्र बनते हैं. इन भर्तियों में प्लाटून कमांडर, पटवारी, कनिष्ठ लेखाकार, तहसील राजस्व लेखाकार, पर्यवेक्षक (महिला अधिकारिता), उप जेलर, छात्रावास अधीक्षक ग्रेड-द्वितीय और ग्राम विकास अधिकारी समेत कई पद शामिल हैं. फिलहाल राजस्थान में कई बड़ी भर्तियां CET पात्रता के अभाव में लंबित हैं. CET-2026 के आयोजन के बाद इन भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की उम्मीद है. इस बार CET पास करने वाले युवाओं के लिए राज्य की लगभग 19 से 23 बड़ी भर्तियों के रास्ते खुलेंगे.

इस बार CET सिलेबस में बदलाव, ये नए टॉपिक होंगे शामिल

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने CET-2026 के सिलेबस में भी बदलाव करने का निर्णय लिया है. इस बार सिलेबस में चार नए विषय जोड़े जाएंगे. इनमें CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन), प्राथमिक उपचार (First Aid), ड्रग एब्यूज (नशे का दुरुपयोग) और सोशल मीडिया एडिक्शन शामिल हैं. CPR एक आपातकालीन जीवनरक्षक प्रक्रिया है, जिसका उपयोग तब किया जाता है जब किसी व्यक्ति की सांस या हृदय की धड़कन बंद हो जाए. इस विषय से जुड़े प्रश्न परीक्षा में पूछे जा सकते हैं.

वहीं, सोशल मीडिया एडिक्शन से संबंधित विषयों में सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से होने वाले मानसिक, सामाजिक और व्यवहारिक दुष्प्रभावों पर आधारित प्रश्न शामिल किए जाएंगे. इसके अलावा ड्रग एब्यूज यानी नशीले पदार्थों और मादक दवाओं के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक प्रभावों तथा उनकी रोकथाम से जुड़े विषय भी CET-2026 के पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगे.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj