कभी गोली चलने पर रातोंरात छोड़ना पड़ा था कश्मीर, नए शहर में भी नहीं मिला सुकून, आज करोड़ों कमाते हैं समय रैना

Last Updated:July 02, 2026, 04:01 IST
समय रैना ने अपने शो इंडियाज गॉट लेटेंट के जरिए दोबारा वापसी की है. उनके शो को पहले से भी ज्यादा प्यार मिल रहा है. उनकी कॉमिक टाइमिंग, स्टैंड-अप शो और यूट्यूब कंटेंट को लाखों लोग देखते हैं. लेकिन आज करोड़ों कमाने वाले समय को कभी रातोंरात घर छोड़ना पड़ा था.
नई दिल्ली. समय रैना आज देश के सबसे चर्चित कॉमेडियंस और डिजिटल क्रिएटर्स में से एक हैं. उनकी कॉमिक टाइमिंग, स्टैंड-अप शो और यूट्यूब कंटेंट को लाखों लोग पसंद करते हैं. लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा था.
करियर के पीक पर पहुंचने का उनका सफर बहुत आसान नहीं रहा. कश्मीरी पंडित परिवार में जन्मे समय रैना को कभी रातोंरात घर छोड़कर भागना पड़ा था. ये दर्दनाक कहानी खुद समय ने अपने शो ‘स्टिल अलाइव’ में सुनाई.
समय रैना ने अपने उस बुरे वक्त को याद करते हुए कहा कि उनके माता-पिता की शादी कश्मीर में हुई थी. शुरुआती 90 के दशक में उनकी जिंदगी में सब कुछ अच्छा था. उनके पिता एक सम्मानित न्यूज रिपोर्टर थे. लेकिन घाटी के हालात बिगड़ने के बाद उनके परिवार को रातोंरात कश्मीर छोड़कर भागना पड़ा था.
Add as Preferred Source on Google
इसके बाद उनके पिता उन्हें दिल्ली लेकर आ गए, लेकिन जब यहां मन नहीं लगा तो वह कश्मीर चले गए. समय का जन्म 1997 में हुआ था. लेकिन साल 1998 में उनके घर पर गोलियां चलाई गईं. इसके बाद उनका परिवार रातोंरात कश्मीर छोड़कर भाग निकला.
तब उनके पिता नौकरी के लिए हैदराबाद चले गए. वहां जाकर उनके परिवार ने एक नई जिदंगी शुरू की.समय ने बताया कि जब लड़ाई बराबरी की न हो, आपको उसी वक्त छोड़कर चले जाना चाहिए. उस वक्त उनके पिता हथियार उठाकर लड़ते तो शायद उनका पूरा परिवार खत्म हो जाता.
समय ने बताया कि जब वह हैदराबाद में बसे तो, वहां भी उन्हें काफी कुछ झेलना पड़ा था. नए स्कूल में उनके साथ मारपीट हुई.उस समय उन्हें काफी बुलिंग का सामना करना पड़ा. लेकिन उन्होंने कभी अपने माता पिता को ये बात नहीं बताई कि ऐसा हो रहा है.
समय ने ये भी कहा कि वहां भेदभाव आपकी स्किन के आधार पर नहीं होता. उन्होंने कहा कि कई बार सिर्फ अलग दिखने या अलग माहौल से आने की वजह से भी लोगों के साथ गलत व्यवहार किया जाता है. नस्लभेद और भेदभाव का असली कारण किसी का अलग होना है, न कि उसका रंग.
फिर समय ने साल 2019 में कॉमेडी रियलिटी शो ‘कॉमिकस्तान’ के दूसरे सीजन में संयुक्त विजेता बने. इसके बाद उन्हें अलग पहचान मिली. कोविड के दौरान उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी और ऑनलाइन शतरंज स्ट्रीमिंग का अनोखा मेल पेश किया, सोशल मीडिया पर उन्हें बड़ी पहचान मिली. आज समय रैना लाइव कॉमेडी टूर, यूट्यूब, ब्रांड एंडोर्समेंट और डिजिटल कंटेंट के थ्रू मोटा पैसा कमा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 140 करोड़ से 195 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है.लेकिन हम इसकी पुष्टि नहीं करते है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



