ईशान किशन ने बताई इंग्लैंड में टीम इंडिया की बड़ी कमजोरी, जिसकी वजह से दूसरे टी20 में मिली हार

होमखेलक्रिकेट
ईशान ने बताई इंग्लैंड में टीम इंडिया की बड़ी कमजोरी, जिसकी वजह से मिली हार
Last Updated:July 05, 2026, 14:56 IST
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में मिली हार के बाद ईशान किशन ने कहा कि टीम इंडिया को जल्द से जल्द यहां की परिस्थितियों में ढलना होगा. भारतीय टीम के लिए मैच में ईशान किशन सर्वोच्च स्कोर रहे थे. ईशान किशन ने 49 रनों की पारी खेली थी. हालांकि, इसके बावजूद टीम इंडिया 20 ओवर में 190 रन ही बना पाई.दूसरे टी20 में मिली हार से निराश हैं ईशान किशन
नई दिल्ली: विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में हार से निराश हैं. ईशान किशन का मानना है कि भारत को इंग्लैंड की परिस्थितियों में बेहतर तरीके से ढलना होगा और बीच के ओवरों में धीमी गति से बल्लेबाजी करने की समस्या से निजात पाना होगा. भारत अपने पिछले चार टी20 मैचों में जीत हासिल नहीं कर पाया है. आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच हारने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था जबकि दूसरे मैच में वह चार विकेट से हार गया था.
इस मैच में भारतीय टीम बीच के ओवरों में अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाई थी. किशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘बिल्कुल उनके पास गेंदबाजी के सबसे अच्छे विकल्प होंगे. उन्हें परिस्थितियों की बेहतर समझ होगी. लेकिन हम भी सुधार की कोशिश कर रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके खिलाड़ी हमारे खिलाफ क्या कर रहे हैं क्योंकि उनके पास ज्यादा जानकारी है. हमें यह समझना होगा कि हम एक टीम के रूप में 20 अतिरिक्त रन कहां बना सकते हैं. हम इस पर बात करेंगे और आगे इससे बेहतर प्रदर्शन करेंगे.’’
इंग्लैंड के 17वां ओवर निर्णायक साबित हुआ
इंग्लैंड की पारी का 17वां ओवर निर्णायक साबित हुआ क्योंकि भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने दो नो-बॉल से शुरुआत की और जैकब बेथेल (46 गेंदों पर 76 रन नाबाद) ने तीन गगनचुंबी छक्के लगाए जिससे मेजबान टीम ने एक ओवर शेष रहते 191 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. किशन ने कहा, ‘‘मैच शुरू से ही हमारी पकड़ में था. मैच हमारे हाथ में था लेकिन दो फ्री हिट मिलने से इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव कम हुआ. उन्होंने इसका फायदा उठाया.’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमने काफी अच्छी गेंदबाजी की. हमारी अपनी रणनीति थीं, लेकिन साथ ही, हमें बेथेल को इसका श्रेय देना होगा क्योंकि वह लंबे समय तक टिके रहे और उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाया.’’ किशन ने स्वीकार किया कि लगातार हार से मानसिकता में बहुत बड़ा फर्क पड़ता है, लेकिन उन्होंने कहा कि खिलाड़ी इतने परिपक्व हैं कि वे एक टीम के रूप में हार को समझ सकते हैं और उससे उबर सकते हैं.
जीत नहीं मिली, लेकिन अच्छा क्रिकेट खेला-ईशान किशन
उन्होंने कहा, ‘‘भले ही हम जीत नहीं पाए लेकिन मुझे लगता है कि हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम यह समझें कि हम कहां सुधार कर सकते हैं. हम सब सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं.’’ किशन ने कहा, ‘‘हारने से भी सोच पर प्रभाव पड़ता है लेकिन हम सभी इतने परिपक्व हैं जो यह समझते हैं कि क्या हो रहा है और एक टीम के रूप में हम कहां सुधार कर सकते हैं.’’
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



