Happy Birthday Neetu Kapoor: अमिताभ बच्चन की हीरोइन, 1 ही हीरो संग किया 12 फिल्मों में काम, प्यार के लिए दांव पर लगा दिया बना बनाया करियर

Last Updated:July 08, 2026, 04:01 IST
हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में गिनी जाने वाली नीतू सिंह आज अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. अपनी मासूम मुस्कान, शानदार एक्टिंग और बेहतरीन डांस की बदौलत उन्होंने 70 के दशक में करोड़ों दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. शादी के बाद वह नीतू कपूर के नाम से जानी जाने लगीं.उन्होंने ऋषि कपूर से शादी के लिए अपना करियर दांव पर लगा दिया था.
नई दिल्ली. नीतू सिंह ने महज 8 साल की उम्र में एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी.आज यानी 8 जुलाई के दिन साल 1958 को नई दिल्ली के एक पंजाबी सिख परिवार में उनका जन्म हुआ था. उनका असली नाम हरनीत कौर था. उनके पिता दर्शन सिंह का निधन तब हो गया था, जब वह बहुत छोटी थीं. इसके बाद उनकी मां राजी कौर उन्हें लेकर मुंबई आ गईं, जहां से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई.
नीतू ने बहुत कम उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था. चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर उन्हें ‘बेबी सोनिया’ और ‘बेबी नीतू’ के नाम से जाना जाता था. बाद में जब उन्होंने बतौर लीड एक्ट्रेस फिल्मों में कदम रखा तो उनका नाम नीतू सिंह रख दिया गया.
उन्होंने 1966 में आई फिल्म ‘सूरज’ से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की. इसके बाद ‘दस लाख’ और ‘दो कलियां’ जैसी फिल्मों में नजर आईं. खास तौर पर ‘दो कलियां’ में निभाया गया उनका डबल रोल दर्शकों को खूब पसंद आया और इस फिल्म ने उन्हें अलग पहचान दिलाई.
Add as Preferred Source on Google
मुख्य अभिनेत्री के तौर पर नीतू ने फिल्म ‘रिक्शावाला’ से अपने करियर की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक हिट फिल्मों में काम किया. ‘यादों की बारात’, ‘कभी कभी’, ‘दीवार’, ‘खेल खेल में’, ‘रफू चक्कर’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘काला पत्थर’ और ‘दूसरा आदमी’ जैसी फिल्मों ने उन्हें 70 के दशक की सबसे सफल अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया.
फिल्मों में काम करने के दौरान नीतू और अभिनेता ऋषि कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. दोनों ने करीब 12 फिल्मों में साथ काम किया. इनमें ‘खेल खेल में’, ‘रफू चक्कर’, ‘कभी कभी’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘दूसरा आदमी’, ‘दुनिया मेरी जेब में’, ‘जहरीला इंसान’, ‘जिंदा दिल’, ‘अनजाने में’, ‘झूठा कहीं का’ और ‘धन दौलत’ जैसी फिल्में शामिल हैं.
22 जनवरी 1980 को नीतू ने ऋषि कपूर से शादी कर ली. शादी के बाद उन्होंने परिवार को समय देने के लिए फिल्मों से लंबा ब्रेक ले लिया. करीब 26 साल बाद उन्होंने बड़े पर्दे पर वापसी की. वापसी के बाद वह ‘लव आज कल’, ‘दो दूनी चार’, ‘जब तक है जान’, ‘बेशरम’ और ‘जुग जुग जियो’ जैसी फिल्मों में नजर आईं.
नीतू सिंह ने अपने करियर में 80 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. उनके दो बच्चे हैं. बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी फैशन और ज्वैलरी डिजाइनर हैं, जबकि बेटे रणबीर कपूर आज बॉलीवुड के बड़े सितारों में गिने जाते हैं. रणबीर की शादी आलिया भट्ट से हुई है और दोनों एक बेटी राहा के माता-पिता हैं. वहीं रिद्धिमा की शादी बिजनेसमैन भरत साहनी से हुई है और उनकी एक बेटी समारा है.
बता दें कि नीतू कपूर ने अपने करियर में और कई स्टार संग भी काम किया है. इनमें अमिताभ के साथ साल 1977 में उन्होंने फिल्म परवरिश में काम किया. इसके अलावा भी इडंस्ट्री के कई स्टार संग वह नजर आ चुकी थी. लेकिन ऋषि कपूर के साथ उनकी जोड़ी बड़ी हिट साबित हुई थी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



