‘जर जोरू और जमीन’ को लेकर रिश्तों पर चल रहे खंजर, बैरी बना बेटा, पिता को उतारा मौत के घाट

Last Updated:July 10, 2026, 12:42 IST
Barmer News : राजस्थान में ‘जर, जोरू और जमीन’ के लिए अपने ही ‘अपनों’ को बेरहमी से मौत के घाट उतार रहे हैं. ताजा मामला पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में सामने आया है. यहां एक बेटे ने जमीन के विवाद में अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया. इससे पहले जयपुर में पिता की मौत के बाद उनकी जगह अनुकंपा वाली सरकारी नौकरी पाने के लिए शातिर बेटी ने अपनी मां को मौत की नींद सुला दिया था. बेटे केे हाथों पिता की हत्या की इस वारदात के बाद शोभाला गांव के ग्रामीण हैरान हैं.
बाड़मेर. कभी शांत और सामाजिक रिश्तों को मजबूती से निभाने की परंपरा वाले राजस्थान में अब महज थोड़े से लालच में अपने ही ‘अपनों’ के बैरी होने लग गए हैं. राजस्थान में बीते 7 दिनों के भीतर दो ऐसे बड़े मामले सामने आए हैं जिनमें बेटी और बेटे अपनी मां और पिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. इनमें दिल को दहला देने वाला ताजा केस रेतीले धोरों में स्थित बाड़मेर जिले में सामने आया है. यहां एक बेटे ने जमीन के विवाद में अपने साले और दोस्तों के साथ मिलकर पिता को मौत की नींद सुला दिया. इससे पहले राजधानी जयपुर में एक बेटी ने अपनी मां को स्कॉर्पियों से कुचलवाकर मरवा दिया था. आरोपी बेटी ने पिता की अनुकंपा नौकरी हथियाने के लिए यह खौफनाक साजिश रची थी.
पुलिस के अनुसार बाड़मेर सदर थाना इलाके के शोभाला गांव निवासी रावताराम ने पिछले दिनों अपने जमीन बेची थी. उस जमीन के रुपये की हिस्सेदारी को लेकर उसका अपने मंझले बेटे रेखाराम के साथ विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते बुधवार रात को रेखाराम अपने साले दिलीप और अन्य साथियों के साथ पिता के घर पहुंचा. उसने घर के बाहर सो रहे पिता रावताराम पर जानलेवा हमला कर दिया. इससे रावताराम गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके बाद आरोपी वहां से भाग छूटे.
घायल रावताराम ने अस्पताल में तोड़ा दमरावताराम के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर में मौजूद अन्य परिजन वहां पहुंचे. वहां रावताराम की हालत देखकर वे कांप उठे. उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया और बाद में रावताराम को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे. लेकिन वहां इलाज के दौरान रावताराम ने दम तोड़ दिया. रावताराम की मौत के साथ ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बेटे रेखाराम और उसके साले दिलीप सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया.
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमों का किया गठनपुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. सदर थानाधिकारी करतार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनकी तलाश कर रही है. फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है. इस वारदात के बाद शोभला गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
बेटी ने मां को स्कॉर्पियो से कुचलवाकर मरवा दिया
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जयपुर की 23 साल की आयुषी ने अपने पिता की मौत के बाद उनकी जगह अनुकंपा वाली सरकारी नौकरी पाने के लिए खौफनाक साजिश रची थी. आयुषी ने अपने ताऊ और उनके बेटे के साथ साजिश रचकर बीते 3 जुलाई को अपनी मां नीरज शर्मा को सुपारी किलर्स के हाथ स्कॉर्पियो से कुचलवा दिया था. पिता की मौत के बाद उनकी सरकारी नौकरी आयुषी की मां नीरज को मिल गई थी. आयुषी इससे खफा थी और वह पिता की नौकरी तथा उनकी प्रोपर्टी हड़पना चाहती थी. इस मामले में पुलिस ने आरोपी आयुषी और उसके ताऊ समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Barmer,Barmer,Rajasthan



