1 टिकट में सितारों का मेला, 80s की 5 सबसे बड़ी मल्टीस्टारर फिल्में, जिनकी कमाई और गानों ने मचाया था गदर

Last Updated:August 05, 2026, 13:26 IST
5 Biggest Multi-Starrer Films Of 80s: क्या आपको याद हैं वो दिन, जब एक ही फिल्म में कई सुपरस्टार्स साथ नजर आते थे? 80 के दशक में मल्टीस्टारर फिल्मों का ऐसा दौर था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए और संगीत की दुनिया में भी इतिहास रच दिया. आइए जानते हैं उन 5 ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बारे में, जिनका जादू आज भी बरकरार है.
नई दिल्ली. 80 का दशक हिंदी सिनेमा का स्वर्णिम दौर माना जाता है. यह वह समय था, जब एक ही फिल्म में कई बड़े सितारों को देखने के लिए दर्शक सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें लगाते थे. उस दौर में मल्टीस्टारर फिल्मों का अलग ही जलवा था. निर्माता-निर्देशक एक साथ कई सुपरस्टार्स को पर्दे पर उतारते थे और नतीजा होता था बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई. इन फिल्मों की कहानियां, दमदार डायलॉग्स, यादगार गाने और शानदार स्टारकास्ट आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं. चलिए बताते हैंउस दौर की 5 ऐसी फिल्मों के बारे में, जिन्होंने एक टिकट में मनोरंजन का ऐसा महाकुंभ सजाया कि दशकों बाद भी उनका जादू बरकरार है.
फिल्म- क्रांति: निर्देशक मनोज कुमार की फिल्म ‘क्रांति’ उस दौर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जाती है. फिल्म में दिलीप कुमार, मनोज कुमार, शशि कपूर, शत्रुघ्न सिन्हा, हेमा मालिनी, परवीन बॉबी और प्रेम चोपड़ा जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए. ब्रिटिश शासन के खिलाफ आजादी की लड़ाई पर आधारित इस फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. यह 1981 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी और ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई. इसके गाने ‘जिंदगी की ना टूटे लड़ी’ और ‘अब के बरस’ आज भी पसंद किए जाते हैं.
फिल्म- नसीब: उसी साल रिलीज हुई मनमोहन देसाई की ‘नसीब’ भी मल्टीस्टारर फिल्मों का शानदार उदाहरण है. फिल्म में अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर, शत्रुघ्न सिन्हा, हेमा मालिनी, रीना रॉय, किम, अमजद खान, प्राण और प्रेम चोपड़ा जैसे सितारों की लंबी फौज थी. फिल्म की कहानी दोस्ती, किस्मत और बदले के इर्द-गिर्द घूमती है. ‘जॉन जानी जनार्दन’ गाना आज भी बॉलीवुड के सबसे आइकॉनिक मल्टीस्टारर गीतों में गिना जाता है, जिसमें कई बड़े सितारों की झलक देखने को मिली थी. फिल्म ब्लॉकबस्टर रही और साल की सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हुई.
Add as Preferred Source on Google
फिल्म-कुली: साल 1983 में मनमोहन देसाई के निर्देशन में बनी ‘कुली’ सिर्फ अपनी कहानी ही नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन के हादसे की वजह से भी इतिहास का हिस्सा बन गई. फिल्म में अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर, रति अग्निहोत्री, वहीदा रहमान, कादर खान और अमजद खान जैसे कलाकार नजर आए. शूटिंग के दौरान अमिताभ गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद पूरे देश ने उनके लिए दुआ की थी. रिलीज के बाद फिल्म जबरदस्त हिट रही और 1983 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हुई. ‘सारी दुनिया का बोझ हम उठाते हैं’ और ‘मुझे पीने का शौक नहीं’ जैसे गाने तो आज भी लोगों के पसंदीदा गानों में से एक हैं.
फिल्म- कर्मा : निर्देशक सुभाष घई की ‘कर्मा’ भी 80 के दशक की सबसे चर्चित मल्टीस्टारर फिल्मों में गिनी जाती है. साल 1986 में इस फिल्म में दिलीप कुमार, नसीरुद्दीन शाह, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, श्रीदेवी, पूनम ढिल्लों और अनुपम खेर जैसे सितारों की लंबी फेहरिस्त थी. देशभक्ति और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया. फिल्म का गीत ‘दिल दिया है जान भी देंगे’ आज भी देशभक्ति के सबसे लोकप्रिय गीतों में शुमार है. अनुपम खेर के खलनायक ‘डॉ. डैंग’ के किरदार को भी खूब सराहा गया. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने शानदार कमाई की और उस दौर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हुई. इसको आप ओटीटी पर प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
फिल्म- राम लखन: 80 के दशक का अंत सुभाष घई की सुपरहिट फिल्म ‘राम लखन’ के साथ हुआ. 1989 में आई इस फिल्म में जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित, डिंपल कपाड़िया, राखी, अमरीश पुरी, अनुपम खेर और परेश रावल जैसे सितारे नजर आए. दो भाइयों की कहानी पर आधारित इस फिल्म ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. ‘माय नेम इज लखन’, ‘तेरा नाम लिया’ और ‘ओ राम जी’ जैसे गाने आज भी हर पार्टी और समारोह की शान हैं. फिल्म 1989 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही और ब्लॉकबस्टर साबित हुई.
80 के दशक की इन मल्टीस्टारर फिल्मों ने साबित किया कि जब कई बड़े सितारे एक साथ पर्दे पर आते हैं तो उसका असर सिर्फ बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह दर्शकों की यादों में भी हमेशा के लिए बस जाता है. इन फिल्मों की दमदार स्टारकास्ट, यादगार गाने, मजबूत कहानियां और शानदार अभिनय ने इन्हें हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया. आज भी टीवी, ओटीटी या यूट्यूब पर इन फिल्मों का प्रसारण होता है तो दर्शक इन्हें उसी एक्साइटमेंट के साथ देखते हैं, जैसे पहली बार देखा था.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 05, 2026, 13:26 IST



