सुजानगढ़ जनाना अस्पताल में बड़ा हादसा, छत का प्लास्टर गिरने से महिला घायल, दो टांके लगे

Last Updated:August 06, 2026, 07:54 IST
Churu Hospital Incident: चूरू जिले के सुजानगढ़ स्थित फतेहपुरिया जनाना अस्पताल में बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से एक महिला घायल हो गई. हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. महिला के सिर पर चोट आने के बाद अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार किया गया और दो टांके लगाए गए. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है. कई बार मरम्मत के लिए पत्र भेजने के बावजूद समय पर काम नहीं हुआ. घटना के बाद पीडब्ल्यूडी को भवन की स्थिति से अवगत कराया गया है और जल्द मरम्मत की मांग की गई है.
ख़बरें फटाफट
चूरू के सुजानगढ़ स्थित फतेहपुरिया जनाना अस्पताल में बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से महिला घायल
चूरू. राजस्थान के चूरू जिले के सुजानगढ़ स्थित फतेहपुरिया जनाना अस्पताल में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. अस्पताल के बरामदे की छत का प्लास्टर और सीलिंग का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया. हादसे के समय एक महिला ठीक उसी जगह खड़ी थी, जिसके सिर पर प्लास्टर गिरने से वह घायल हो गई. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्लास्टर गिरते ही महिला जमीन पर गिर जाती है और कुछ देर बाद उठने की कोशिश करती नजर आती है. घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई.
घायल महिला की पहचान किरण के रूप में हुई है. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला के सिर पर चोट आई है और उसे दो टांके लगाए गए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. अस्पताल के एमसीएच विंग के प्रभारी डॉ. बंशीधर बलाई ने बताया कि अस्पताल भवन काफी पुराना हो चुका है. बरसात के मौसम में कई हिस्सों में सीलन और प्लास्टर झड़ने की समस्या बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि हादसे के बाद महिला का तुरंत उपचार किया गया और फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है.
समय पर मरम्मत नहीं होने से हुआ हादसा
डॉ. बलाई ने बताया कि अस्पताल के जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने के लिए कई बार अस्पताल प्रशासन की ओर से पीएमओ को पत्र लिखे गए थे, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों महिलाएं और बच्चे इलाज के लिए आते हैं, इसलिए भवन की मरम्मत जल्द कराना बेहद जरूरी है. घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि बरसात के दौरान अस्पताल परिसर में सावधानी बरतें और जर्जर दिखाई देने वाले हिस्सों के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े न हों. प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
पीडब्ल्यूडी को जर्जर भवन से कराया गया है अवगत
अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति और सीलन की शिकायत पहले भी कई बार सामने आ चुकी है. घटना के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग को भी भवन की स्थिति से अवगत कराया गया है, ताकि क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराई जा सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं. ऐसे में यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है और अस्पताल भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई की बात कह रहा है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Churu,Rajasthan
First Published :
August 06, 2026, 07:54 IST



