भिवाड़ी में 245 करोड़ की आरयूआईडीपी परियोजना I alwar news

Last Updated:August 07, 2026, 13:02 IST
Bhiwadi News: आरयूआईडीपी पंचम चरण के तहत भिवाड़ी शहर में 245.20 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को लेकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया. इसमें सीवरेज व्यवस्था, अपशिष्ट जल प्रबंधन और शोधित जल के पुनः उपयोग से जुड़े कार्यों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं हितधारकों से चर्चा कर सुझाव लिए गए. अधिकारियों ने परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया.
कार्यक्रम में RUIDP के अधिशाषी अभियंता अनिल कुमार जाटव एवं सहायक अभियंता जोगिन्दर बैसला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पंचम चरण में एशियन विकास बैंक के वित्तपोषण से भिवाड़ी शहर में अपशिष्ट जल प्रबंधन तथा शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से संबंधित कार्य किए जाएंगे. इन कार्यों पर लगभग 245.20 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे, जिससे शहर की सीवरेज व्यवस्था सुदृढ़ होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा जल संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त होगा.
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आरयूआईडीपी द्वारा शहरी आधारभूत संरचना के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के सफल क्रियान्वयन में स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने आरयूआईडीपी, नगर परिषद एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया, ताकि परियोजनाओं का लाभ समय पर नागरिकों तक पहुंच सके.
कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी द्वारा प्रदेश के विभिन्न शहरों में किए जा रहे विकास कार्यों पर आधारित एक वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया. खुले सत्र में प्रतिभागियों ने सीवरेज, अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं अन्य परियोजना संबंधी विषयों पर अपने प्रश्न रखे, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया.
Add as Preferred Source on Google
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 07, 2026, 13:02 IST



