अलवर में मंत्री का धरना बना सियासी रण, बाहर संजय शर्मा बैठे तो अंदर कांग्रेस ने जमाया डेरा, कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की

Last Updated:August 12, 2026, 17:13 IST
Alwar News : अलवर में वन मंत्री संजय शर्मा के धरने के बाद भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े. नगर निगम में धक्का-मुक्की, पुलिस ने संभाली स्थिति. इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत और शहर अध्यक्ष रमन सैनी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता आयुक्त के चैंबर में मौजूद रहे. दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद नगर निगम परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही.
ख़बरें फटाफट
मंत्री के धरने पर भाजपा-कांग्रेस में धक्का-मुक्की.
अलवर. राजस्थान की बीजेपी सरकार में ऐसे मामले सामने आ रहे जो ये सवाल खड़े कर रहे कि क्या इस प्रदेश के अधिकारी अपने मन के हो गए हैं? दरअसल, यह मामला तब उठा जब सूबे की भजनलाल सरकार के वन मंत्री संजय शर्मा आज अपने ही गृह जिले में अधिकारियों से खफा होकर उनके खिलाफ धरने पर बैठ गए. इसके बाद मामला उस समय और भी गरमा गया, जब भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी आमने-सामने आ गए. मंत्री के धरने पर बैठने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नगर निगम पहुंचने से परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा. बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया.
अलवर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर चल रहा धरना बुधवार को सियासी रंग ले चुका था. वन मंत्री संजय शर्मा के सफाई कर्मचारियों के समर्थन में धरने पर बैठने के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भी नगर निगम पहुंच गए. कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका के चैंबर में पहुंचे और सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर बातचीत करने लगे. इसी दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई और नगर निगम परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया.
कांग्रेस ने पूर्व पार्षद पर लगाया धक्का-मुक्की का आरोपकांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और पूर्व पार्षद जितेंद्र सैनी ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष रमन सैनी के साथ धक्का-मुक्की की. घटना के बाद नगर निगम परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और मामला शांत कराने की कोशिश की. कुछ देर बाद कांग्रेस कार्यकर्ता आयुक्त के चैंबर में ही धरने पर बैठ गए.
बाहर मंत्री का धरना, अंदर कांग्रेस का मोर्चाघटनाक्रम के बाद नगर निगम में स्थिति कुछ ऐसी बन गई कि एक तरफ नगर निगम के बाहर वन मंत्री संजय शर्मा सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे रहे, वहीं दूसरी तरफ आयुक्त के चैंबर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया. इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत और शहर अध्यक्ष रमन सैनी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता आयुक्त के चैंबर में मौजूद रहे. दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद नगर निगम परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही.
प्रकाश गंगावत ने मंत्री पर भी साधा निशानाकांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि वे सफाई कर्मचारियों के धरने की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम पहुंचे थे. उनका कहना था कि वह आयुक्त से बातचीत करने के लिए उनके चैंबर में गए थे. गंगावत ने इस दौरान वन मंत्री संजय शर्मा पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री की अपनी ही सरकार में बात नहीं चल रही है. गंगावत ने कहा कि अलवर की जनता ने वोट देकर मंत्री को जिम्मेदारी दी है, ऐसे में शहर की समस्याओं की सुध कौन लेगा, यह बड़ा सवाल है. उन्होंने शहर की सड़कों की हालत को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. गंगावत ने आरोप लगाया कि मंत्री को शहर की सड़कों के गड्ढे दिखाई नहीं देते, लेकिन गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर गड्ढे भरने की कवायद की जा रही है.
पुलिस ने संभाली स्थिति, काफी देर तक रहा तनावभाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस नगर निगम परिसर में मौजूद रही. पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया. इसके बाद भी काफी देर तक नगर निगम में राजनीतिक माहौल गर्म रहा. सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर शुरू हुआ धरना अब भाजपा और कांग्रेस के बीच आमने-सामने की राजनीति में बदलता नजर आया. मंत्री के धरने के बाद कांग्रेस के नगर निगम पहुंचने और फिर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद ने पूरे मामले को और गरमा दिया. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को सामान्य रखने की कोशिश की गई.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Alwar,Alwar,Rajasthan
First Published :
August 12, 2026, 17:10 IST



