Rajasthan

बस ने जायरीनों को कुचला, झरने में फंसे सैकड़ों लोग, नीलकंठ में उमड़ी भीड़

Last Updated:August 16, 2026, 08:32 IST

Rajasthan News Live: झालावाड़ के सारोला थाना क्षेत्र में पातला पीर दरगाह पर निजी बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया. बेकाबू बस ने दरगाह पर आए जायरीनों को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और करी…और पढ़ेंLive: बस ने जायरीनों को कुचला, झरने में फंसे सैकड़ों लोग, पढ़ें बड़ी खबरेंZoom

झालावाड़ के पातला पीर दरगाह पर निजी बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया

Rajasthan News Live: झालावाड़ में पातला पीर दरगाह पर निजी बस के ब्रेक फेल होने से दो जायरीनों की मौत हो गई और करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए. दौसा में नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही. तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत दिव्य झांकी और रात्रि जागरण के साथ सावन के तीसरे सोमवार को मेले का आयोजन होगा. धौलपुर के दमोह झरने में तेज बारिश से खरवाई नाले का बहाव बढ़ने पर करीब 100 पर्यटक फंस गए.

बांध बारैठा का गेट 2 फीट खोला, 502 क्यूसेक पानी छोड़ा, गांवों में अलर्ट

भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र स्थित बांध बारैठा में लगातार तेज पानी की आवक के बाद प्रशासन ने पानी की निकासी बढ़ा दी है. बांध के गेट नंबर 5 को दो फीट खोलकर करीब 502 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. बांध का गेज 27.70 फीट के पार पहुंच गया है. इससे पहले बीती रात गेट को एक फीट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई थी, लेकिन लगातार पानी आने के कारण अब गेट दो फीट खोलना पड़ा. प्रशासन ने कुकंद नदी के किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है. लोगों से नदी के बहाव क्षेत्र से दूर रहने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की गई है. बांध से पानी छोड़ने के कारण करीब एक दर्जन गांव प्रभावित हो सकते हैं. पिछले साल भी गेट खोलने के बाद कई गांवों के खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हुई थीं.

ब्रेक फेल होने से बेकाबू बस ने जायरीनों को मारी टक्कर, 2 की मौत

झालावाड़ जिले के सारोला थाना क्षेत्र में पातला पीर दरगाह पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां जायरीनों से भरी जगह पर एक निजी बस के ब्रेक फेल हो गए और बस बेकाबू होकर वहां मौजूद लोगों से जा टकराई. हादसे में दो जायरीनों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सारोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में घायल हुए लोग कोटा जिले के रामगंजमंडी और कैथून क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है.

सावन रविवार को नीलकंठ महादेव में उमड़ी भीड़, आज सजेगी दिव्य झांकी

दौसा में सावन के रविवार को देवगिरी पहाड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. रविवार का अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जगह-जगह खीर प्रसादी, भजन और सत्संग के आयोजन हुए. मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम भी शुरू हो रहे हैं. आयोजन के तहत रविवार रात बाबा नीलकंठ की दिव्य झांकी सजाई जाएगी और रात्रि जागरण का आयोजन होगा. इसके बाद सावन के तीसरे सोमवार को नीलकंठ महादेव का पारंपरिक मेला आयोजित किया जाएगा. मेले को लेकर नीलकंठ धर्म सेवा समिति के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं. मंदिर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है. श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है.

निम्बाहेड़ा में आज अमित शाह और CM भजनलाल, अटल की प्रतिमा का अनावरण

चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचेंगे. दोनों नेता पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे. यह प्रतिमा कस्बे के जेके चौराहे पर स्थापित की गई है और अष्टधातु से निर्मित है. कार्यक्रम में अमित शाह के करीब 11 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. इस अवसर पर राजस्थान सरकार के कई मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य प्रमुख लोग भी शामिल होंगे. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां की गई हैं.

दमोह झरने में फंसे 100 पर्यटक, टापू पर अटके 2 युवकों को बचाया

धौलपुर जिले के सरमथुरा उपखंड स्थित प्रसिद्ध दमोह झरने पर रविवार को तेज बारिश के चलते बड़ा हादसा टल गया. बारिश के कारण खरवाई नाले का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे झरना देखने गए करीब 100 पर्यटक दूसरी ओर फंस गए. पानी के तेज बहाव के बीच दो युवक एक टापू पर भी फंस गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. देर रात तक चले अभियान में दोनों युवकों समेत फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. तेज बहाव के कारण दमोह झरने तक पहुंचने वाला रास्ता भी बंद हो गया था. मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर मदद की. प्रशासन की मुस्तैदी और एसडीआरएफ की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया. बारिश के दौरान पर्यटकों को जलप्रपात और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

सिरोही से गुजरात पहुंचा 9 लाख की शराब से भरा ट्रेलर, उठे सवाल

सिरोही के मंडार बॉर्डर से अवैध शराब की बड़ी खेप गुजरात पहुंचने का मामला सामने आया है. गुजरात के पाथावाडा पुलिस ने बॉर्डर पर कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपए की अवैध शराब से भरा एक ट्रेलर पकड़ा. बताया जा रहा है कि शराब की खेप को बेकार प्रोडक्ट के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था. गुजरात पुलिस की कार्रवाई के बाद सिरोही पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं. आरोप है कि राजस्थान की सीमा में चेकिंग के बावजूद इतनी बड़ी शराब की खेप गुजरात तक पहुंच गई. मामले को लेकर अब यह सवाल उठ रहा है कि मंडार बॉर्डर से ट्रेलर आखिर कैसे निकल गया. शराब तस्करी के इस मामले में स्थानीय स्तर पर जांच की मांग उठ रही है. हालांकि पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है

Location :

Jaipur,Rajasthan

First Published :

August 16, 2026, 08:22 IST

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj