विचाराधीन कैदी की पैंट से मिला एक्टिव मोबाइल और SIM, कोतवाली थाने में मामला दर्ज

Last Updated:August 16, 2026, 15:14 IST
Alwar Central Jail News: अलवर सेंट्रल जेल की बैरक में ली गई आकस्मिक तलाशी के दौरान नीमराणा के हत्या मामले में बंद विचाराधीन कैदी सचिन की हाफ पैंट से एक्टिव मोबाइल और एयरटेल का सिम कार्ड मिला. कारापाल पवन डउकिया की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग कराकर मोबाइल को सील किया गया. जेल प्रशासन ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है और अवैध गतिविधियों के अंदेशे पर मोबाइल की CDR रिपोर्ट मांगी है.
ख़बरें फटाफट
अलवर सेंट्रल जेल में कैदी की पैंट से मिला मोबाइल और SIM, कोतवाली में केस दर्ज
Alwar News: राजस्थान के अलवर स्थित सेंट्रल जेल से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी खबर सामने आई है. जेल प्रशासन की ओर से की गई आकस्मिक चेकिंग और तलाशी के दौरान एक विचाराधीन कैदी के कब्जे से चालू हालत में मोबाइल फोन और एयरटेल कंपनी का सिम कार्ड बरामद हुआ है. जेल जैसी संवेदनशील जगह में मोबाइल पहुंचने से जेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, कारापाल पवन डउकिया की मौजूदगी में जेल प्रशासन द्वारा वार्ड नंबर-3 की बैरक नंबर-1 में बंदियों की अचानक सघन तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान नीमराणा थाने में दर्ज हत्या के एक गंभीर मामले में बंद विचाराधीन बंदी सचिन (पुत्र भूपसिंह, निवासी घीलोठ) की हाफ पैंट की जेब से एक कीपैड मोबाइल फोन मिला. जांच करने पर मोबाइल चालू हालत में पाया गया और उसमें एयरटेल का सिम कार्ड एक्टिव था.
वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ जब्त किया गया फोन, सफेद थैली में किया सील
जेल में मोबाइल मिलने की इस पूरी कार्रवाई और बरामदगी की मौके पर ही पारदर्शी तरीके से वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई. जेल प्रशासन ने तुरंत मोबाइल और सिम कार्ड को जब्त कर एक सफेद कपड़े की थैली में रखकर सील कर दिया. जेल की सुरक्षा में इतनी बड़ी सेंध लगाने को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है.
कोतवाली थाने में दर्ज कराया गया मामला, CDR डिटेल मांगी गई
जेल प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले की लिखित रिपोर्ट अलवर के कोतवाली थाने में दी गई है. इसके साथ ही जेल के भीतर से इस मोबाइल के माध्यम से किसी अवैध या आपराधिक गतिविधि के संचालन की आशंका को देखते हुए पुलिस से मोबाइल की जांच करने और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकालने की मांग की गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के भीतर यह मोबाइल और सिम कार्ड किसके जरिए पहुंचाया गया था.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Alwar,Rajasthan
First Published :
August 16, 2026, 15:14 IST



