Visa For Indians : भारतीयों के लिए इन 5 देशों ने बदले वीजा के नियम, पलकें बिछाए कर रहे इंतजार

Last Updated:July 30, 2026, 23:35 IST
दुनियाभर में भारत का दबदबा और साख जिस तेजी से बढ़ रही है, उसे देखते हुए कई देश भारत के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने में जुट गए हैं. इसके लिए वो तरह-तरह की नीतियां बना रहे हैं और वीजा नियमों में ढील देना भी इसी का एक बड़ा हिस्सा है. सच तो ये है कि भारतीय टूरिस्ट आज कई देशों के पर्यटन उद्योग की जान बन चुके हैं. उन्हें अपने देश खींचने के लिए दुनिया भर में नए-नए पैंतरे अपनाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में 5 देशों ने तो खास भारतीयों के लिए अपने वीजा नियमों में बड़े बदलाव कर दिए हैं.
भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए कई देशों ने वीजा ऑन अराइवल और ई-वीजा की प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है. साथ ही कुछ जरूरी शर्तें भी जोड़ी हैं, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट पर किसी झंझट का सामना न करना पड़े और उनका सफर एकदम सेफ और टेंशन-फ्री रहे. आज थाईलैंड, मलेशिया और वियतनाम जैसे देश भारतीय टूरिस्ट्स को आकर्षित करने के लिए वीजा फ्री एंट्री और आसान ई-वीजा जैसी सहूलियतें दे रहे हैं. ये दिखाता है कि दुनिया के बड़े-बड़े टूरिस्ट स्पॉट्स के लिए भारतीय यात्री कितने खास हैं और वो भारत के साथ अपने रिश्तों को कितनी अहमियत देते हैं.
थाईलैंड जाने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए अच्छी खबर यह है कि फ्री-वीजा सुविधा अभी भी लागू है. लेकिन अब आप बिना वीजा के थाईलैंड में केवल 30 दिनों तक ही रुक पाएंगे. पहले यह लिमिट 60 दिनों की थी, जिसे घटाकर अब 30 दिन कर दिया गया है. अगर आपका ट्रिप 30 दिन से लंबा है, तो आपको अलग से वीजा के लिए अप्लाई करना होगा.
अगर आप केप वर्डे के खूबसूरत आइलैंड्स घूमने का मन बना रहे हैं, तो ध्यान दें कि 1 जनवरी 2026 से भारत सहित 96 देशों के लिए ‘वीजा-ऑन-अराइवल’ की सुविधा खत्म कर दी गई है. इसका मतलब है कि अब आप वहां पहुंचकर वीजा नहीं ले सकते, बल्कि भारत से निकलने से पहले ही आपको वीजा हाथ में लेना होगा.
Add as Preferred Source on Google
दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया ने भी भारतीय नागरिकों के लिए ऑन-अराइवल वीजा देना बंद कर दिया है. अब बोलीविया जाने के लिए ऑनलाइन e-Visa अनिवार्य कर दिया गया है. फ्लाइट में सवार होने से पहले ही आपके पास अप्रूव्ड e-Visa होना चाहिए, वरना एयरलाइन कंपनी आपको बोर्डिंग करने से मना कर सकती है.
ईरान ने अपनी सुरक्षा नीतियों में बदलाव करते हुए आम भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा-फ्री एंट्री को फिलहाल रोक दिया है. पहले भारतीय यात्री बिना वीजा के ईरान जा सकते थे, लेकिन अब यात्रा शुरू करने से पहले ही वीजा प्रोसेस पूरा करना जरूरी होगा.
सेंट्रल अमेरिका के सुंदर देश निकारागुआ ने भी भारतीय यात्रियों के लिए ऑन-अराइवल वीजा का ऑप्शन हटा दिया है. अब आपको निकारागुआ की ट्रिप प्लान करने से पहले वहां की इमिग्रेशन अथॉरिटी से पहले से अप्रूवल लेना होगा. टिकट बुक करने से पहले यह मंजूरी मिलना जरूरी है.
वीजा नियमों में हुए इन बदलावों का सीधा मतलब ये है कि अब ‘लास्ट मिनट प्लान’ बनाने के बजाय एडवांस में तैयारी करनी होगी. जिन देशों में पहले ऑन-अराइवल की छूट थी, वहां अब ई-वीजा या पहले से अप्रूवल लेना जरूरी है. इसलिए फ्लाइट और होटल बुक करने से पहले सभी कागजात दुरुस्त कर लें, ताकि आपका टूर एकदम हसीन और टेंशन-फ्री रहे.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



