सात फेरों के बाद पत्नी ने मरते दम तक निभाया पति का साथ, आधे घंटे के अंतराल में हुआ दोनों का निधन

Last Updated:August 25, 2026, 12:13 IST
Ajmer Latest News : राजस्थान के अजमेर के मसूदा इलाके में बुजुर्ग दंपति की हुई मौत चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां पति की मौत से आहत हुई पत्नी ने भी मात्र आधे घंटे के बाद दुनिया को अलविदा कह दिया. राजस्थान के जालोर जिले में भी तीन दिन पहले ही ऐसी घटना हुई थी. फर्क सिर्फ इतना है कि उस घटना में पहले पत्नी की मौत हुई थी. उसके बाद सदमे में आए महिला के पति का भी निधन हो गया था. पति पत्नी दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया.
अजमेर. भारतीय संस्कृति में शादी के बंधन को सात जन्मों का बंधन माना जाता है. अजमेर हुई एक घटना ने लोगों का विश्वास इसमें और गहरा कर दिया है. यहां एक बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई. हैरानी की बात यह है कि पति की हुई मौत के महज आधे घंटे के भीतर पत्नी ने भी प्राण त्याग दिए. दंपति की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया. बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया. दंपति के निधन की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. राजस्थान में तीन दिन पहले भी ऐसी की एक घटना हो चुकी है.
जानकारी के अनुसार जीवनभर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले मसूदा उपखंड के खटाणा का बाड़िया गांव के बुजुर्ग दंपती ने अंतिम सफर में भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा. सोमवार को 80 वर्षीय तेजू गुर्जर की मौत हो गई. तेजू गुर्जर की मौत के करीब आधे घंटे बाद उनकी 77 वर्षीय पत्नी गणेशी देवी ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया. दोनों पति-पत्नी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और घर पर ही उपचार ले रहे थे.
दोनों का अंतिम संस्कार भी एक ही चिता पर किया गयादोनों की मौत से परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई. इसके बाद दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं और उनका अंतिम संस्कार भी एक ही चिता पर किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए. जीवनभर साथ रहे दंपती को अंतिम विदाई देते समय ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं. ग्रामीणों ने कहा कि तेजू और गणेशी देवी का साथ जीवनभर रहा और अंतिम सफर में भी दोनों ने एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा.
जालोर जिले के भवरानी गांव में तीन दिन पहले ऐसी घटना हुई थी
उल्लेखनीय है कि हाल ही में राजस्थान के जालोर में भी एक ऐसी ही घटना हुई थी. वहां भी तीन दिन पहले एक बुजुर्ग दंपति ने एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिया था. जालोर के भवरानी गांव में 90 साल की पुनीदेवी का निधन हो गया था. पत्नी पुनीदेवी की मौत से उनके 89 साल के पति दरगाराम को काफी धक्का लगा. पत्नी की मौत के बाद वे गुमशुम हो गए. करीब एक घंटे बाद ही दरगाराम ने भी अपने प्राण त्याग दिए थे. ग्रामीणों के मुताबिक दोनों बेहद मिलनसार थे और इस उम्र में भी स्वस्थ थे. पत्नी और पति के एक साथ निधन की इस घटना से वहां भी ग्रामीण काफी भावुक हो गए थे.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Ajmer,Ajmer,Rajasthan
First Published :
August 25, 2026, 12:06 IST



