‘कलेक्टर साहब, आप ही की तरह अफसर बनना है’, बच्चे बोले-15 दिन से जलभराव ने रोक रखी है पढ़ाई

Last Updated:August 27, 2026, 10:44 IST
Dholpur Panchvati Colony Waterlogging Ground Report: धौलपुर की पंचवटी कॉलोनी में पिछले करीब चार वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है. बारिश के बाद कॉलोनी की सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी जमा होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 15 दिनों से कई बच्चे पानी और दलदल के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे हैं. एक मासूम छात्र ने कलेक्टर से कहा कि वह पढ़-लिखकर बड़ा अफसर बनना चाहता है, लेकिन कॉलोनी में भरे पानी की वजह से स्कूल नहीं जा पा रहा. जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते और लोग गिरकर घायल हो चुके हैं. लोगों का आरोप है कि 181 पर कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ. अब स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पानी निकासी और नालों की सफाई की मांग की है.
ख़बरें फटाफट
धौलपुर की पंचवटी कॉलोनी में पिछले करीब चार वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है
धौलपुर. “कलेक्टर साहब, मैं भी आपकी तरह पढ़-लिखकर बड़ा अफसर बनना चाहता हूं, लेकिन कॉलोनी में भरे पानी की वजह से 15 दिनों से स्कूल नहीं जा पा रहा हूं.” धौलपुर के वार्ड नंबर 9 स्थित पंचवटी कॉलोनी में रहने वाले मासूम छात्र आयुष की यह बात यहां के हालात की गंभीरता बयां करने के लिए काफी है. पिछले करीब चार वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रही कॉलोनी में इस बार भी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक इन दिनों कॉलोनी की सड़कों पर करीब 2 से 3 फीट तक पानी भरा हुआ है. जलभराव के कारण आम लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है.
लोगों का आरोप है कि नाले और सीवर लाइन जाम होने के कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है. पंचवटी कॉलोनी की सड़कों पर कई जगह इतना पानी जमा है कि सड़क और गड्ढों का अंतर तक दिखाई नहीं देता. स्थानीय लोगों के मुताबिक पानी में छिपे गड्ढों के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं. कुछ लोगों को हाथ-पैर में फ्रैक्चर तक होने की बात सामने आई है. शाम के समय हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं और लोगों के लिए आवाजाही करना मुश्किल हो जाता है.
घरों के आसपास मंडरा रहा सांपों का खतरा
जलभराव के कारण कॉलोनी में गंदगी और बदबू की समस्या भी बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों के आसपास सांप दिखाई देने लगे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर डर बना रहता है. लंबे समय से जमा पानी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी है. लोगों ने मकानों के फर्श बैठने और दीवारों में दरारें आने की शिकायत भी की है.
15 दिनों से बच्चों की पढ़ाई पर असर
सबसे गंभीर असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है. छात्र आशुष ने बताया कि करीब 15 दिनों से कई बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं. बारिश के मौसम में जुलाई से सितंबर तक हर साल कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बनी रहती है. कई बच्चों को मजबूरी में गंदे पानी और दलदल से होकर स्कूल जाना पड़ता है. छात्र आयुष का कहना है कि वह पढ़-लिखकर बड़ा अफसर बनना चाहता है, लेकिन पानी के कारण स्कूल नहीं जा पा रहा.
181 पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री 181 शिकायत पोर्टल पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. लोगों का दावा है कि कई शिकायतों का मौके पर उचित निरीक्षण किए बिना ही निस्तारण कर दिया जाता है. स्थानीय लोगों ने ने बताया कि शिकायत के बाद निस्तारण का जवाब तो मिला, लेकिन मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है. जिला प्रशासन, नगर परिषद और जनप्रतिनिधियों से जाम नालों और सीवर लाइनों की तत्काल सफाई कराने, पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग की है. लोगों का कहना है कि यह केवल जलभराव की समस्या नहीं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
August 27, 2026, 10:44 IST



