शरमन जोशी और ईशा कोप्पिकर की मेजबानी में सजेगी राजस्थान फिल्म फेस्टिवल की शाम

जयपुर. राजस्थान के फिल्म प्रेमियों के लिए राजस्थान फिल्म फेस्टिवल (RFF) एक खास आयोजन बन चुका है. इस साल फेस्टिवल के 14वें संस्करण का आयोजन 26 सितंबर को मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में किया जाएगा. समारोह में देश के अलग-अलग हिस्सों और भारतीय भाषाओं में बनी फिल्मों, कलाकारों, निर्देशकों और सिनेमा से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया जाएगा.
साल 2013 में शुरू हुआ राजस्थान फिल्म फेस्टिवल अब सिर्फ राजस्थानी फिल्मों और कलाकारों को सम्मान देने तक सीमित नहीं है. यह देशभर की क्षेत्रीय भाषाओं, संस्कृतियों और फिल्मकारों को एक साझा मंच देने की पहल बन चुका है. फेस्टिवल का उद्देश्य राजस्थानी सिनेमा से जुड़े कलाकारों, फिल्मकारों और तकनीशियनों को अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का अवसर देना भी है. राजस्थान से जुड़े कई कलाकार अब अपने काम के जरिए बॉलीवुड में भी पहचान बना रहे हैं.
शरमन जोशी और ईशा कोप्पिकर करेंगे होस्ट
इस बार राजस्थान फिल्म फेस्टिवल की शाम को बॉलीवुड अभिनेता शरमन जोशी और अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर होस्ट करेंगी. दोनों पहली बार RFF के मंच पर होस्ट की भूमिका में नजर आएंगे. शरमन जोशी ‘3 इडियट्स’, ‘रंग दे बसंती’ और ‘गोलमाल’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. वहीं ईशा कोप्पिकर हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्हें खास तौर पर ‘खल्लास गर्ल’ के नाम से पहचान मिली. उन्होंने ‘कंपनी’, ‘कांटे’, ‘दिल का रिश्ता’ और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ जैसी फिल्मों में काम किया है.
‘नई सोच, नई दिशा’ के साथ आगे बढ़ रहा RFF
साल 2019 से RFF ने देशभर के क्षेत्रीय सिनेमा को अपने मंच पर प्रमुखता देना शुरू किया. इसके बाद फेस्टिवल विभिन्न राज्यों के कलाकारों, फिल्मकारों और सिनेमा से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने वाला प्रमुख आयोजन बन गया. इसका मूल विजन ‘नई सोच, नई दिशा’ है. एक दशक से अधिक के सफर में RFF से अब तक एक लाख से ज्यादा दर्शक और सिनेमा प्रेमी सीधे जुड़ चुके हैं। वहीं सोशल मीडिया के जरिए फेस्टिवल की गतिविधियां करीब 30 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी हैं.
जावेद अख्तर से गोविंदा तक कई दिग्गजों की मौजूदगी
राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के मंच पर अब तक जावेद अख्तर, जितेंद्र, गोविंदा, सुभाष घई, सतीश कौशिक, भाग्यश्री, चंकी पांडे, अरबाज खान, नेहा धूपिया, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, महिमा चौधरी, आफताब शिवदासानी और डेजी शाह सहित कई बॉलीवुड हस्तियां अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं. इस बार शरमन जोशी और ईशा कोप्पिकर की उपस्थिति समारोह का प्रमुख आकर्षण होगी.
संवाद और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी होंगे खास
फेस्टिवल से एक दिन पहले कलाकारों और फिल्मकारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं, लोककथाओं और क्षेत्रीय सिनेमा की चुनौतियों व भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी. इसके अलावा सिनेमा में लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी प्रदान किए जाएंगे. इससे पहले शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर, संजय मिश्रा, ग्रैमी पुरस्कार विजेता पंडित विश्व मोहन भट्ट और संगीत निर्देशक दिलीप सेन जैसी हस्तियों को यह सम्मान मिल चुका है. इस बार भी संगीत और लाइव प्रस्तुतियां समारोह का खास आकर्षण रहेंगी.



