Jodhpur News: मेहंदी में उकेरी वोट की ताकत, जोधपुर की रेणु ने 100% मतदान का जगाया संकल्प

Last Updated:September 09, 2026, 17:27 IST
Jodhpur News: जोधपुर की मेहंदी आर्टिस्ट रेणु भदरार ने अपनी कला के जरिए मतदान जागरूकता की अनोखी मिसाल पेश की है. उन्होंने मेहंदी में वोटिंग मशीन, महिला-पुरुष मतदाताओं के चित्र और ‘मेरा वोट मेरी शक्ति’, ‘आओ मतदान करें’ जैसे स्लोगन उकेरकर नगर निकाय चुनाव 2026 में 100% मतदान का संदेश दिया. उनकी यह पहल पारंपरिक मेहंदी को लोकतंत्र में भागीदारी और मताधिकार के प्रति जागरूकता का माध्यम बना रही है.
जोधपुर. लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि अपने प्रतिनिधि और शहर के भविष्य को चुनने की जिम्मेदारी भी है. नगर निकाय चुनाव में दिया गया हर एक वोट शहर की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाता है. इसी जिम्मेदारी को समझाने और लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए जोधपुर की एक बेटी ने जागरूकता का अनोखा तरीका अपनाया है. सूरसागर के राजबाग निवासी मेहंदी आर्टिस्ट रेणु भदरार ने अपनी कला को मतदान जागरूकता का माध्यम बनाया और हाथों पर मेहंदी के जरिए लोगों को वोट की ताकत का संदेश दिया.
रेणु भदरार ने मतदान जागरूकता की थीम पर ऐसी मेहंदी तैयार की, जिसमें वोटिंग मशीन के साथ मतदान करते पुरुष और महिला के चित्र उकेरे गए हैं. मेहंदी की बारीक डिजाइन के बीच उन्होंने ‘आओ मतदान करें’, ‘मेरा वोट मेरी शक्ति’, ‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो जैसे स्लोगन लिखे. इसके साथ ही ‘हर वोट कीमती है’, ‘आपका एक वोट बदलाव ला सकता है’ और ‘वोट देना हमारा अधिकार’ जैसे संदेश भी मेहंदी में शामिल किए गए हैं. कला के जरिए दिया गया यह संदेश मतदान को लेकर लोगों को सोचने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित कर रहा है.
नगर निकाय चुनाव 2026 के साथ 100% मतदान का संकल्परेणु ने अपनी थीम मेहंदी में ‘नगर निकाय चुनाव 2026 लिखने के साथ ही 100% मतदान करें’ का संदेश भी प्रमुखता से उकेरा है. उनका उद्देश्य है कि मतदान के दिन कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे और शहर के अधिक से अधिक लोग मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने वोट का इस्तेमाल करें. आमतौर पर मेहंदी को त्योहार और खुशी के मौकों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन रेणु ने इसी पारंपरिक कला को सामाजिक जागरूकता से जोड़कर एक अलग पहचान दी है. उनके हाथों की मेहंदी अब सिर्फ खूबसूरती नहीं, बल्कि लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश भी दे रही है.
हर खास मौके पर थीम मेहंदी से देती हैं सामाजिक संदेशरेणु भदरार हर विशेष दिवस, त्योहार और समसामयिक विषय पर थीम मेहंदी बनाकर समाज में जागरूकता का संदेश देती हैं. इस बार उन्होंने नगर निकाय चुनाव को अपनी कला का विषय बनाया और मतदान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को मेहंदी के जरिए लोगों तक पहुंचाने की पहल की. उनकी यह विशेष थीम मेहंदी उन्होंने शिक्षिका कांता परिहार के हाथों पर लगाई है. हाथों पर उकेरे गए मतदान से जुड़े चित्र और संदेश यह बताने का प्रयास हैं कि बदलाव की शुरुआत हर मतदाता के एक वोट से हो सकती है. कला के इस अनोखे अंदाज के जरिए जोधपुर की बेटी ने लोगों से मतदान के दिन घर से निकलने और 100 प्रतिशत मतदान में भागीदारी निभाने की अपील की है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
September 09, 2026, 17:27 IST



