राजस्थान में आज खुलेगा नगर निकाय चुनाव का पिटारा, किसके खाते में जाएगी जयपुर-जोधुपर की शहरी सरकार?

राजस्थान निकाय चुनाव रिजल्ट 2026: राजस्थान के 309 शहरी निकायों के 10,167 वार्डों के लिए दो चरणों में हुए नगर निकाय चुनाव के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे. मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी और दोपहर तक अधिकांश नतीजे सामने आने की संभावना है. चुनाव परिणाम से कुल 38,889 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा. पहले चरण में 9 सितंबर को 162 और दूसरे चरण में 11 सितंबर को 147 शहरी निकायों में मतदान हुआ था.
पहले चरण में 162 निकायों में 76.41 फीसदी मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण में 147 निकायों में 71.69 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले. दोनों चरणों को मिलाकर प्रदेश में कुल 74.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. इस चुनाव को 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है. परिणाम आने के साथ ही मेयर, सभापति और नगरपालिका चेयरमैन बनाने के लिए जोड़-तोड़ और रणनीति का दौर शुरू होगा. इन पदों के लिए 21 सितंबर को मतदान कराया जाएगा.
जयपुर में भवानी निकेतन कॉलेज में होगी मतगणना
गणेश चतुर्थी के त्योहार को लेकर व्यवस्था में बदलाव
गणेश चतुर्थी के त्योहार को देखते हुए 14 सितंबर को मतगणना की व्यवस्थाओं में आंशिक बदलाव किया गया है. राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. केंद्रों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे. राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त राजेश्वर सिंह ने अधिकारियों को मतगणना शांतिपूर्ण और समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं. सभी 309 निकायों की मतगणना एक साथ होगी और इसके बाद शहरी सरकार बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
September 14, 202607:54 IST
राजसमंद निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 5 निकायों की मतगणना, खुलेगा प्रत्याशियों का भाग्य
राजसमंद नगरीय निकाय चुनाव 2026 की मतगणना को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. राजसमंद समेत जिले की 5 नगरीय निकायों में आज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. राजसमंद नगर परिषद के साथ नाथद्वारा, आमेट, देवगढ़ और भीम नगर पालिका के चुनाव परिणाम सामने आएंगे. पांचों निकायों के लिए अलग-अलग मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं. राजसमंद में राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, नाथद्वारा में सेठ मथुरादास बिनानी महाविद्यालय, आमेट में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवगढ़ और भीम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को मतगणना केंद्र बनाया गया है. प्रशासन ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. अनधिकृत प्रवेश पर रोक रहेगी. इसके अलावा केंद्रों के भीतर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी प्रतिबंधित रहेगी.
September 14, 202607:49 IST
प्रतापगढ़ निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: बारिश के बीच आज खुलेगा निकाय चुनाव का पिटारा
प्रतापगढ़ में देर रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है. लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया है, वहीं शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया. बारिश के कारण निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई. मतगणना केंद्रों के बाहर जुटने वाली भीड़ पर भी बारिश का असर दिखाई दिया. इसके बावजूद प्रशासन की तैयारियां पूरी तरह मुस्तैद हैं और केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन ने आचार संहिता के चलते विजय जुलूस निकालने पर रोक लगा रखी है. जीत के बाद प्रत्याशियों और समर्थकों को जुलूस नहीं निकालने के निर्देश दिए गए हैं. बारिश के बीच आज मतगणना के साथ प्रतापगढ़ की नई राजनीतिक तस्वीर सामने आएगी
September 14, 202607:44 IST
श्रीगंगानगर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 11 मतगणना कक्षों में 67 टेबलें निर्धारित, 73 राउंड में काउंटिंग
श्रीगंगानगर शहरी निकाय चुनावों में उतरे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा. जिले में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी. इसके लिए 11 मतगणना कक्षों में 67 टेबलें निर्धारित की गई हैं और वोटों की गिनती 73 राउंड में पूरी होगी. मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है. सादुलशहर और पदमपुर में पुलिस ने अतिरिक्त जाप्ता लगाया है. प्रशासन ने मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है. परिणाम आने के बाद विजय जुलूस और रैली निकालने पर प्रतिबंध रहेगा. राउंडवार मतगणना के साथ प्रत्याशियों की जीत-हार की तस्वीर साफ होती जाएगी और समर्थकों की नजर परिणामों पर रहेगी.
September 14, 202607:42 IST
बाड़मेर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 243 प्रत्याशियों का भाग्य खुलेगा, 4 राउंड में काउंटिंग
बाड़मेर नगर निकाय चुनाव 2026 की मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी. बाड़मेर नगर परिषद और चौहटन नगर पालिका के वार्ड पार्षदों के चुनाव परिणाम सामने आएंगे. दोनों निकायों की मतगणना कुल 4 राउंड में पूरी की जाएगी. बाड़मेर नगर परिषद की मतगणना के लिए 14 टेबलें, जबकि चौहटन नगर पालिका के लिए 5 टेबलें निर्धारित की गई हैं. मतगणना के साथ ही बाड़मेर नगर परिषद के 179 और चौहटन नगर पालिका के 64 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. प्रशासन ने मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. राउंडवार वोटों की गिनती के बाद वार्डों के परिणाम घोषित किए जाएंगे. नतीजों के साथ दोनों निकायों में बोर्ड गठन की तस्वीर भी साफ होगी.
September 14, 202607:40 IST
अलवर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 348 वार्डों में आज खुलेगा 1713 प्रत्याशियों का भाग्य
अलवर नगर निगम और जिले की 11 नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम आज सामने आएंगे. जिले की 12 नगरीय निकायों के 348 वार्डों में 1713 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. अलवर नगर निगम के 65 वार्डों की मतगणना बाबू शोभाराम राजकीय कला एवं विधि महाविद्यालय में होगी, जबकि 11 नगर पालिकाओं की गिनती संबंधित मुख्यालयों पर कराई जाएगी. मतगणना स्थल पर प्रवेश सुबह 6:30 बजे से दिया जाएगा. नगर निगम की मतगणना के लिए 5 कक्षों में 5-5 टेबलें लगाई गई हैं. 65 वार्डों की गिनती 3 राउंड में होगी. जिले में दो चरणों में मतदान हुआ था. नगर निगम में 65.75 फीसदी मतदान दर्ज हुआ था.
September 14, 202607:39 IST
बूंदी निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: नगर परिषद के 60 वार्डों की 12 टेबल पर काउंटिंग
बूंदी नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत बूंदी नगर परिषद के 60 वार्डों की मतगणना आज होगी. राजकीय महाविद्यालय में वोटों की गिनती कराई जाएगी. मतगणना के लिए 12 टेबलें निर्धारित की गई हैं, जहां 94 मतदान बूथों की ईवीएम से वोटों की गणना होगी. सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली मतगणना के दौरान प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चुनाव परिणाम सामने आएंगे. राउंडवार वोटों की गिनती पूरी होने के साथ वार्डों के परिणाम घोषित किए जाएंगे. मतगणना को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा समेत आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. परिणाम आने के साथ ही बूंदी नगर परिषद में बोर्ड गठन की तस्वीर भी साफ होगी.
September 14, 202607:38 IST
सिरोही निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 6 नगर पालिकाओं के चुनावी नतीजे आएंगे आज
सिरोही जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 के नतीजे आज सामने आएंगे. सिरोही के साथ शिवगंज, मंडार, पिंडवाड़ा, आबूरोड और माउंट आबू नगर पालिकाओं की मतगणना भी होगी. सभी निकायों में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी. मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा और किस निकाय में किस दल का बोर्ड बनेगा, इसकी तस्वीर साफ होने लगेगी. परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में सुबह से ही उत्सुकता बनी हुई है. प्रशासन ने मतगणना को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
September 14, 202607:25 IST
भीलवाड़ा निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 325 वार्डों में आज खुलेगा प्रत्याशियों का भाग्य
भीलवाड़ा निकाय चुनाव 2026 की मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी. जिले में 1 नगर निगम और 10 नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम सामने आएंगे. खास नजर भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों के नतीजों पर रहेगी. जिले के कुल 325 वार्डों के लिए वोटों की गिनती होगी. मतगणना के साथ ही भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. परिणाम सामने आने के बाद जिले की शहरी सरकारों में किस दल का दबदबा रहा, इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी. प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें सुबह से ही मतगणना केंद्रों पर टिकी रहेंगी. रुझान सामने आने के साथ ही चुनावी मुकाबले को लेकर उत्सुकता बढ़ने लगेगी.
September 14, 202607:23 IST
प्रतापगढ़ निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 105 वार्डों के 290 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
प्रतापगढ़ जिले की चारों निकायों में मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली मतगणना में 105 वार्डों के 290 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. सबसे पहले डाक मतपत्रों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, इसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी. प्रतापगढ़ में 40 वार्डों की मतगणना 7 टेबल पर 6 राउंड में होगी. अरनोद में 20 वार्डों के लिए 5 टेबल पर 4 राउंड, छोटीसादड़ी में 25 वार्डों की 5 टेबल पर 5 राउंड और धरियावद में 20 वार्डों की 5 टेबल पर 4 राउंड में मतगणना होगी. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. राउंड पूरे होने के साथ वार्डवार परिणाम घोषित होंगे और रुझानों से प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ेंगी.
September 14, 202607:21 IST
बूंदी निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: नगर परिषद समेत 7 निकायों के आएंगे नतीजे, पुलिस अलर्ट
बूंदी नगर निकाय चुनाव 2026 की मतगणना थोड़ी देर में शुरू होने वाली है. बूंदी नगर परिषद सहित जिले की 7 नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम सामने आएंगे. बूंदी नगर परिषद की मतगणना के लिए राजकीय महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है. मतगणना को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और आने-जाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है. मतगणना के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है. सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर परिणामों पर रहेगी. मतगणना पूरी होने के साथ जिले की 7 नगर निकायों में किसका बोर्ड बनेगा, इसकी तस्वीर साफ होने लगेगी.
September 14, 202607:20 IST
कोटा निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: मतगणना से पहले जेडीबी कॉलेज इलाका सील, 550 जवान तैनात
नगर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर कोटा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. नगर निगम के 100 वार्डों की मतगणना के लिए जेडीबी कॉलेज को केंद्र बनाया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर मतगणना स्थल के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है. बैरिकेड्स लगाकर यातायात को डायवर्ट किया जा रहा है. मौके पर 550 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का जाब्ता तैनात किया गया है. मतगणना केंद्र में केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश दिया जा रहा है. प्रवेश से पहले तीन स्तर पर जांच की जा रही है. प्रशासन ने मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद किया है.
September 14, 202607:19 IST
भरतपुर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: नगर निगम के 65 वार्डों समेत 6 पालिकाओं का रिजल्ट पर निगाहें
भरतपुर नगर निकाय चुनाव 2026 की मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी. भरतपुर नगर निगम के 65 वार्डों के लिए वोटों की गिनती कराई जाएगी. इसके साथ ही जिले की 6 नगर पालिकाओं में भी मतगणना होगी. परिणाम सामने आने के साथ ही नगर निगम और नगर पालिकाओं में किस दल और प्रत्याशी को बढ़त मिली, इसकी तस्वीर साफ होने लगेगी. प्रशासन ने मतगणना को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ कर्मचारियों की तैनाती की गई है. प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर अब मतगणना पर टिकी है. परिणामों के बाद बोर्ड गठन को लेकर भी सियासी गतिविधियां तेज होने की संभावना है.
September 14, 202607:17 IST
जयपुर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: मतगणना केंद्रों पर कड़ा पहरा, बिना पास नो एंट्री
जयपुर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा समेत सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतगणना से पहले अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक इंतजामों के साथ ईवीएम व चुनाव सामग्री के सुरक्षित संग्रहण की व्यवस्था भी की गई है. मतगणना कार्य में तैनात कार्मिकों और अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. मतगणना प्रक्रिया के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
September 14, 202607:16 IST
जयपुर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: जयपुर जिले की 18 निकायों में आज खुलेगा चुनावी पिटारा
जयपुर नगर निगम के अलावा जयपुर जिले की 2 नगर परिषद और 16 नगर पालिकाओं की मतगणना भी आज होगी. इसके लिए 18 मतगणना कक्षों में 120 टेबलें निर्धारित की गई हैं. कानोता में 7, वाटिका में 9, जमवारामगढ़ में 9, मनोहरपुर में 6, शाहपुरा में 10, फागी में 4, दूदू में 8, सांभर में 5, चाकसू में 6 और कालाडेरा में 5 टेबलों पर मतगणना होगी. चौमूं में 9, खेजरोली में 5, बस्सी में 7, नरायना में 5, जोबनेर में 5, किशनगढ़-रेनवाल में 5, बगरू में 7 और फुलेरा में 8 टेबलें निर्धारित हैं. परिणामों के साथ ही इन निकायों में बोर्ड गठन की तस्वीर साफ होगी.
September 14, 202607:15 IST
जयपुर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: जयपुर में 150 वार्डों की मतगणना, खुलेंगे सियासी पत्ते
जयपुर नगर निगम सहित जिले की 19 नगरीय निकायों की मतगणना होगी. नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों की गिनती सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में कराई जाएगी. इसके लिए 15 मतगणना कक्षों में 150 टेबलें निर्धारित की गई हैं. वार्ड 1 से 150 तक की मतगणना संबंधित विधानसभा क्षेत्र और वार्ड क्रमांक के अनुसार होगी. विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, सांगानेर, बगरू, मालवीय नगर, सिविल लाइन्स, किशनपोल, आदर्श नगर, हवामहल और आमेर क्षेत्र के वार्डों के लिए अलग-अलग टेबलें तय हैं. सबसे पहले आरओ टेबल पर डाक मतपत्रों की गिनती होगी. इसके बाद ईवीएम में डाले गए मतों की गणना की जाएगी.
September 14, 202607:12 IST
डूंगरपुर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: डूंगरपुर में खुलेगा 194 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा
डूंगरपुर निकाय चुनाव 2026 की मतगणना आज होगी और ईवीएम खुलने के साथ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा. डूंगरपुर नगरपरिषद के 95 और सागवाड़ा नगरपालिका के 99 प्रत्याशियों के चुनाव परिणाम सामने आएंगे. डूंगरपुर निकाय की मतगणना एसबीपी कॉलेज में, जबकि सागवाड़ा की मतगणना पुनर्वास कॉलोनी स्थित सीनियर स्कूल में कराई जाएगी. डूंगरपुर में 8 टेबलों पर 5 राउंड में मतगणना पूरी होगी. वहीं सागवाड़ा में 5 टेबलों पर 7 राउंड में वोटों की गिनती होगी. प्रशासन ने दोनों मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं. परिणाम आने के साथ ही दोनों निकायों में बोर्ड गठन को लेकर तस्वीर साफ होने लगेगी.
September 14, 202607:10 IST
जोधपुर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 100 वार्डों का 117 राउंड में होगी गिनती
जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन के अनुसार, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी. 100 वार्डों के लिए 10 कमरों में वोटों की गिनती कराई जाएगी, जो कुल 117 राउंड में पूरी होगी. मतगणना केंद्र पर सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी. इसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना होगी. प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी. प्रशासन ने मतगणना को लेकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है. कुछ ही घंटों में प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुल जाएगा.
September 14, 202606:58 IST
अजमेर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: 80 वार्डों में आज खुलेगा 360 प्रत्याशियों का भाग्य
अजमेर नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना आज सुबह से पॉलिटेक्निक कॉलेज में हो रही है. नगर निगम के 80 वार्डों के लिए मैदान में उतरे 360 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. इनमें 79 भाजपा, 77 कांग्रेस और बाकी निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं. मतगणना पूरी होने के बाद अजमेर नगर निगम में किस दल का बोर्ड बनेगा, इसकी तस्वीर भी साफ हो जाएगी. नगर निगम क्षेत्र में इस बार 65.48 फीसदी मतदान हुआ था. चुनाव परिणाम में निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका अहम मानी जा रही है. यदि भाजपा और कांग्रेस के बीच सीटों का अंतर कम रहा तो बोर्ड बनाने के लिए निर्दलीय पार्षदों का समर्थन निर्णायक हो सकता है.
September 14, 202606:55 IST
जैसलमेर निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 LIVE: जैसलमेर में 69 वार्डों के प्रत्याशियों का फैसला आज
जैसलमेर नगर परिषद और पोकरण नगरपालिका के वार्डों की मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी. जैसलमेर के एसबीके कॉलेज में मतगणना कराई जाएगी. जैसलमेर नगरपरिषद के 44 और पोकरण नगरपालिका के 25 वार्डों के परिणाम सामने आएंगे. मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. परिणामों के साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. वहीं भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज अपने-अपने निकायों में बोर्ड बनाने का दावा कर रहे हैं.
September 14, 202606:51 IST
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 की लेटेस्ट अपडेट: मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा
राजस्थान निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर सभी जिला मुख्यालयों और तहसील स्तरीय मतगणना परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. केंद्रों के बाहर बैरिकेड्स लगाए गए हैं. मुख्य द्वार पर डोर-फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंडहेल्ड उपकरणों से आने-जाने वालों की जांच की जा रही है. मीडिया कर्मियों और मतगणना एजेंटों के लिए अलग-अलग प्रवेश लेन बनाई गई हैं. भाजपा, कांग्रेस समेत विभिन्न दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंट तड़के से ही केंद्रों के बाहर पहुंचने लगे. सुरक्षा कर्मी आधिकारिक सूची से पास का मिलान करने के बाद ही एजेंटों को प्रवेश दे रहे हैं. वहीं, प्रत्याशियों के समर्थक भी केंद्रों के बाहर जुटने लगे हैं और परिणामों का इंतजार कर रहे हैं.



