Health

डायबिटीज में मेथी दाना कैसे खाएं? डॉक्टर ने बताया सही तरीका और मात्रा

फरीदाबाद: डायबिटीज में ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए लोग कई घरेलू उपाय अपनाते हैं, जिनमें मेथी दाना भी काफी इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन क्या मेथी दाना वास्तव में ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद करता है. इसे खाने का सही तरीका और मात्रा क्या होनी चाहिए. रातभर भिगोकर सुबह खाली पेट लेना ज्यादा फायदेमंद है या भोजन के साथ. साथ ही, डायबिटीज की दवा या इंसुलिन लेने वाले मरीजों को इसे लेते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, आइए आयुर्वेदिक डॉक्टर से समझते हैं.

आयुर्वेद में मेथी दाने के फायदे क्या बताए गए हैं

डायबिटीज में मेथी दाना वास्तव में कितना प्रभावी है और आयुर्वेद इसे कैसे देखता है. इस पर Local18 से बातचीत में फरीदाबाद सर्वोदय हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि आयुर्वेद में मेथी दाने को पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद माना गया है. यह आपके डाइजेशन को इंप्रूव करता है और आपके ब्लड शुगर को भी नॉर्मल रखने में मदद करता है.

डायबिटीज मरीज मेथी दाना कितनी मात्रा लें रोज

डायबिटीज मरीज को मेथी दाना किस तरीके से और कितनी मात्रा में रोज लेना चाहिए. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि 3 से 5 ग्राम यानी आधे चम्मच से 1 चम्मच तक, यह आपके वजन और जरूरत पर निर्भर करता है. इसे एक गिलास पानी में सोने से पहले डाल दीजिए. सुबह इसे निकालकर चबाना है और इस पानी को पीना है. इसे खाली पेट लेना है. इससे आपको मेथी दाने का सबसे अच्छा फायदा मिल सकता है.

मेथी दाना खाली पेट लेना ज्यादा फायदेमंद है

मेथी दाना रातभर भिगोकर सुबह खाली पेट लेना ज्यादा फायदेमंद है या इसे भोजन के साथ लेना चाहिए. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि सबसे अच्छा है इसे खाली पेट लीजिए. खाली पेट लेने से आपके पेट की जो अग्नि है, जिसे हम जठराग्नि कहते हैं, यानी डाइजेस्टिव फायर, उसको स्ट्रांग करता है. साथ ही ब्लड में शुगर को नॉर्मल रखने में भी मदद करता है.

मेथी दाना फास्टिंग शुगर पर भी असर डालता है

क्या मेथी दाना फास्टिंग और खाने के बाद की शुगर को भी कंट्रोल करने में मदद करता है. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि हां जी, यह फास्टिंग और पोस्ट मील, दोनों के ब्लड शुगर लेवल को नॉर्मल रखने में मदद करता है. इसके अंदर मौजूद फाइबर ग्लूकोज के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा कर सकता है. इससे ब्लड में शुगर अचानक से तेजी से बढ़ने से बच सकती है.

दवा लेने वाले मरीज इन बातों का ध्यान रखें जरूर

जो मरीज पहले से डायबिटीज की दवाइयां या इंसुलिन ले रहे हैं, उन्हें मेथी दाना लेते समय किन सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि देखिए, वैसे तो मेथी दाना एक वैकल्पिक प्राकृतिक उपाय है, लेकिन यह कभी भी डायबिटीज की मेडिसिन को रिप्लेस नहीं कर सकता. मेडिसिन की अपनी जगह है और यह प्राकृतिक उपाय अपनी जगह पर है.

हालांकि, मेथी दाना सामान्य मात्रा में लेने से आमतौर पर कोई बड़ी समस्या नहीं होती, फिर भी यदि आपका ब्लड शुगर रेगुलर नॉर्मल चल रहा है, तो एक बार डॉक्टर से जरूर पूछ लीजिए. हो सकता है डॉक्टर आपकी दवाइयों की डोज कम करने की सलाह दें या मेथी दाना लेने को कहें. वहीं, आपकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टर इसे लेने से मना भी कर सकते हैं. इसलिए डायबिटीज की दवा या इंसुलिन को अपने आप बंद या कम नहीं करना चाहिए.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj