Nagaur Bus Fire: चलती मिनी बस में अचानक लगी आग,13 यात्रियों की अटकी सांसें,चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Last Updated:October 05, 2026, 17:26 IST
Nagaur Mini Bus Fire: नागौर के बीकानेर-जोधपुर बाइपास पर रविवार देर रात चलती मिनी बस में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई. बस में सवार 13 यात्रियों को चालक ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया. दमकल पहुंचने से पहले स्थानीय युवाओं ने मटकियों और बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.बस में शॉर्ट सर्किट से आग
नागौर. जिले से रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. नागौर के बीकानेर-जोधपुर बाइपास स्थित रेलवे फाटक के पास चलती मिनी बस में अचानक आग लग गई. आग लगने के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि चालक ने समय रहते बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी 13 यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए. कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात की है, ट्रैवल मिनी बस यात्रियों को लेकर बाइपास से गुजर रही थी. इसी दौरान बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी निकलने लगी. देखते ही देखते बस के अंदर धुआं फैल गया और आग लग गई. आग देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई और चीख-पुकार मचने लगी.
चालक की सूझबूझ से बची 13 यात्रियों की जान
आग लगते ही चालक ने बिना घबराए तुरंत बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया. बस रुकते ही सभी 13 यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया. यात्रियों के बाहर निकलने के कुछ ही समय बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस तेज लपटों में घिर गई. समय रहते यात्रियों के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया. बस में आग तेजी से फैलती देख मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने भी मदद के लिए आगे आकर मोर्चा संभाल लिया. मालगांव निवासी जितेंद्र, एडवोकेट प्रकाश राड़ और अन्य युवाओं ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले उन्होंने आसपास से पानी की मटकियां और बाल्टियां जुटाईं.
मटकियों और बाल्टियों से बुझाने लगे आग
स्थानीय युवाओं ने पास की प्याऊ और होटलों से पानी लाकर बस में लगी आग पर डालना शुरू किया. कई लोगों ने मिलकर लगातार पानी डाला, जिससे आग को कुछ हद तक फैलने से रोका जा सका. युवाओं की इस तत्परता से आग आसपास के इलाके में फैलने से बच गई. घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात और भीड़ को नियंत्रित किया.
शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा आग का कारण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से सभी 13 यात्रियों की जान बच गई. घटना के बाद यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. हादसे ने एक बार फिर वाहनों की नियमित जांच और समय पर रखरखाव की जरूरत को सामने ला दिया है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Nagaur,Rajasthan
First Published :
October 05, 2026, 17:26 IST



