World

Black Sea Ship Attacked: ब्लैक सी में जहाज पर ड्रोन अटैक! कैप्टन की मौत, भारतीय नागरिक भी थे सवार, जेलेंस्की ने रूस पर मढ़ा आरोप

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच काला सागर में एक और जहाज पर हमले की खबर है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि दो रूसी ड्रोन ने एक नागरिक कार्गो जहाज पर हमला किया. इस हमले के बाद जहाज में आग लग गई और फिर वह समुद्र में डूब गया. इस जहाज पर भारतीय और अजरबैजानी नागरिक सवार थे.

रोमानिया के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. बचाए गए लोगों में एक व्यक्ति घायल भी है, जिसे हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.

यूक्रेन ने रूस पर लगाया आरोप

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पोस्ट में घटना को गंभीर बताते हुए रूस पर नागरिक जहाज को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जहाज तुर्किये के स्वामित्व वाला था और उसमें मक्का लदा हुआ था. जेलेंस्की के मुताबिक, जहाज पर भारतीय और अजरबैजानी नागरिक मौजूद थे. उन्होंने बताया कि जहाज के कप्तान की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. हालांकि, रूस की ओर से अभी इस घटना या ड्रोन हमले के आरोप पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है.

रोमानिया के समुद्री क्षेत्र में हुआ हादसा

रोमानिया के गृह मंत्रालय के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय समय पर तटरक्षक बल को जहाज में आग लगने की सूचना मिली. यह जहाज रोमानिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में था और तुलचिया जिले के स्फांतुल घोर्गे से करीब 55 किलोमीटर दक्षिण में मौजूद था.

रोमानियाई नौवहन प्राधिकरण ने जहाज का नाम Royad Mammadov बताया है. शिपिंग ट्रैकिंग वेबसाइट MarineTraffic के मुताबिक, यह एक जनरल कार्गो जहाज था और सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे के तहत चल रहा था. जहाज यूक्रेन के इजमाइल बंदरगाह से रवाना हुआ था और उसे इटली जाना था.

जहाज में कैसे लगी आग?

अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि जहाज में आग कैसे लगी. हालांकि, स्थानीय मीडिया में दावा किया गया कि जहाज को ब्लैक सी में ड्रोन से निशाना बनाया गया था.

आग लगने के बाद जहाज पर मौजूद लोगों को बचाने के लिए अभियान चलाया गया. 11 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया. एक हेलीकॉप्टर के जरिए घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया. यूक्रेन के राष्ट्रपति के दावे के मुताबिक, हमले में जहाज के कप्तान की जान चली गई.

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से ब्लैक सी में समुद्री जहाजों की आवाजाही काफी जोखिम भरी हो गई है. यह इलाका अंतरराष्ट्रीय व्यापार और खासकर अनाज की सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है.

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन लगातार ब्लैक सी में तनाव कम करने और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बातचीत और दूसरे उपायों की कोशिश कर रहा है. उनका आरोप है कि रूस नागरिक जहाजों को निशाना बनाकर स्थिति को और खराब कर रहा है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj