मुंहासों पर भूलकर भी न लगाएं टूथपेस्ट, डॉक्टर ने बताया क्या नहीं करना चाहिए

फरीदाबाद: परीक्षा, इंटरव्यू या शादी जैसे बड़े मौके से ठीक पहले चेहरे पर मुंहासे निकलना कई लोगों के लिए परेशानी की वजह बन जाता है. खासकर जब लोग अपने चेहरे और लुक्स को लेकर पहले से ज्यादा चिंतित हों, तब उन्हें लगता है कि आखिर ऐसे समय पर ही मुंहासे क्यों निकलते हैं. क्या इसके पीछे तनाव की बड़ी भूमिका होती है? क्या मुंहासों की चिंता करने से समस्या और बढ़ सकती है? इन सवालों के जवाब जानने के लिए हमने डॉक्टर से बात की.
Local18 से बातचीत में अमृता अस्पताल, फरीदाबाद की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट और साइकोडर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पंखुड़ी दुदानी ने बताया कि…परीक्षा, इंटरव्यू या शादी से पहले मुंहासे क्यों निकलते हैं?
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि ऐसा सिर्फ परीक्षा, इंटरव्यू या शादी से पहले ही नहीं होता. जब किसी बड़ी चीज को लेकर व्यक्ति तनाव में होता है और खासकर अपने चेहरे या लुक्स को लेकर ज्यादा चिंतित रहता है, तो ऐसे समय में मुंहासे निकल सकते हैं. डॉक्टर के मुताबिक, मानसिक तनाव शरीर से अलग-अलग तरीकों से दिखाई दे सकता है और उसका असर त्वचा पर भी पड़ सकता है.
क्या तनाव सच में मुंहासों को बढ़ा सकता है?
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि तनाव और शरीर एक-दूसरे से अलग नहीं हैं. जब हम शारीरिक रूप से बीमार होते हैं तो उसका असर हमारे मन पर पड़ता है और जब मन तनाव में होता है तो उसका असर शरीर पर भी दिखाई दे सकता है. इसलिए ज्यादा तनाव होने पर मुंहासे बढ़ना संभव है. यह ऐसी चीज है जिसे लोग अपनी जिंदगी में भी महसूस करते हैं.
तनाव में दिमाग और त्वचा के बीच क्या होता है?
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि हमारा शरीर तनाव को इस तरह नहीं समझता कि यह परीक्षा, इंटरव्यू या शादी का तनाव है. शरीर का तनाव से निपटने का सिस्टम पुराने समय के हिसाब से बना है, जब इंसान को किसी खतरे से बचने के लिए तुरंत प्रतिक्रिया देनी पड़ती थी. लेकिन आज तनाव कई बार लंबे समय तक बना रहता है.
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि जब तनाव लंबे समय तक रहता है तो शरीर में कई तरह के बदलाव होने लगते हैं. लंबे समय तक रहने वाला तनाव शरीर के लिए अच्छा नहीं होता और इससे कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं. इसी वजह से त्वचा पर भी मुंहासे जैसी समस्या दिखाई दे सकती है.
क्या मुंहासों की चिंता उन्हें और बढ़ा सकती है?
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि जब किसी भी चीज को लेकर बहुत ज्यादा चिंता करने से स्थिति बेहतर नहीं होती. अगर कोई व्यक्ति लगातार अपने मुंहासों के बारे में सोचता रहे और उन्हें लेकर परेशान होता रहे, तो इससे समस्या कम होने की बजाय कुछ समय के लिए और खराब हो सकती है. इसलिए मुंहासों को लेकर जरूरत से ज्यादा चिंता करने से बचना चाहिए.
बड़े आयोजन से पहले मुंहासे निकलें तो क्या करें?
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि सबसे पहले मुंहासों को लेकर कुछ गलत प्रयोग नहीं करना चाहिए. मुंहासे पर टूथपेस्ट जैसी चीजें नहीं लगानी चाहिए और उसे खुरचकर हटाने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए. इसके अलावा बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड वाली क्रीम नहीं लगानी चाहिए.
मुंहासों के इलाज में एडापलीन जैसी दवा का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसे भी त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह से ही इस्तेमाल करना बेहतर है. अगर किसी बड़े आयोजन से ठीक एक दिन पहले या उसी सुबह मुंहासे निकल जाएं और तुरंत असर की जरूरत हो, तो खुद से कोई दवा लेने की बजाय त्वचा रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए.
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि ऐसी स्थिति में डॉक्टर जरूरत के हिसाब से सुरक्षित तरीके से इलाज कर सकते हैं. बाजार से खुद दवा लेकर इस्तेमाल करने पर गलत दवा या गलत तरीके से इस्तेमाल करने के कारण दूसरी परेशानी भी हो सकती है. इसलिए अगर किसी को मुंहासों के लिए तुरंत इलाज की जरूरत महसूस हो रही है तो डॉक्टर की निगरानी में ही दवा लेना बेहतर है.



