Charbhuja Nath Temple: देव-पितृ अमावस्या पर चारभुजानाथ रंग-बिरंगे फूलों से सजा, मेवाड़ी पाग में सजे ठाकुरजी

Last Updated:October 10, 2026, 17:33 IST
Charbhuja Nath Temple: राजसमंद के चारभुजा गढ़बोर धाम में देव-पितृ श्राद्ध अमावस्या पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. भगवान चारभुजानाथ का दरबार रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया और ठाकुरजी को आकर्षक पोशाक, वैजयंती माला व मेवाड़ी पाग धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया.
राजसमंद. मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्ण धाम चारभुजा गढ़बोर में देव-पितृ श्राद्ध अमावस्या के अवसर पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. भगवान चारभुजानाथ के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया. मेवाड़ के धणी के नाम से विख्यात ठाकुरजी के विशेष श्रृंगार और मनोरथ के दर्शन करने के लिए मेवाड़ सहित विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे. श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय बना रहा.
देव-पितृ श्राद्ध अमावस्या के अवसर पर चारभुजानाथ मंदिर में विशेष मनोरथ का आयोजन किया गया. इस दौरान मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया. फूलों की सजावट के बीच ठाकुरजी का दरबार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा. भगवान के विशेष श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की.
आकर्षक पोशाक और मेवाड़ी पाग में सजे ठाकुरजी
विशेष आयोजन के तहत भगवान चारभुजानाथ को विधि-विधान से स्नान-ध्यान करवाया गया, इसके बाद ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया. भगवान को आकर्षक पोशाक के साथ अस्त्र-शस्त्र, वैजयंती माला और पारंपरिक मेवाड़ी पाग धारण कराई गई. इस मनमोहक स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों में उत्साह दिखाई दिया. मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और पूरे परिसर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा. मंदिर की परंपरा के अनुसार हर महीने बदलने वाले पुजारी के औसरे के तहत नवनियुक्त पुजारी परिवार की ओर से भगवान चारभुजानाथ को लापसी का भोग धराया गया. धार्मिक परंपराओं के अनुसार भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया. भक्तों ने भी अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार ठाकुरजी को विभिन्न प्रकार की सामग्री अर्पित कर मनोरथ करवाया. इस दौरान सिंघाड़े की सेव, मावा, कसार और फल-फ्रूट का भोग लगाया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की.
मेहसाणा के श्रद्धालुओं ने की भोजन प्रसादी की व्यवस्था
देव-पितृ श्राद्ध अमावस्या पर चारभुजा अमावस्या संघ, मेहसाणा की ओर से भी भगवान चारभुजानाथ को प्रसादी धराई गई. संघ की ओर से मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, इससे दूर-दराज से आए भक्तों को सुविधा मिली. अमावस्या के इस विशेष अवसर पर चारभुजा धाम में दिनभर धार्मिक गतिविधियां जारी रही. ठाकुरजी के मनमोहक श्रृंगार, फूलों से सजे दरबार, भोग और प्रसादी के आयोजन ने श्रद्धालुओं को भक्तिभाव से सराबोर कर दिया. मेवाड़ के इस प्रसिद्ध धाम में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर भगवान चारभुजानाथ के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाया.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Rajsamand,Rajasthan
First Published :
October 10, 2026, 16:17 IST



