Jawai Leopard Safari: जवाई सफारी में कैमरे में कैद हुआ रोमांचक नजारा, तेंदुआ ‘पद्मा’ ने खींचा पर्यटकों का ध्यान

Last Updated:October 12, 2026, 15:11 IST
Jawai Leopard Safari: पाली के जवाई लेपर्ड सफारी में 6 साल की मादा तेंदुआ ‘पद्मा’ इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. सैणा क्षेत्र की ब्लैक हिल पर पद्मा ने बंदर के बच्चे का शिकार किया, जिसका रोमांचक नजारा पर्यटकों ने कैमरे में कैद कर लिया. जानिए क्यों जवाई के जंगलों में रहते हैं तेंदुओं के 60 से 70 परिवार और कैसे यह जगह देश-विदेश के वन्यजीव प्रेमियों की पसंद बन गई है.
पाली. कहने और सुनने में भले ही यह थोड़ा अजीब लगे, लेकिन राजस्थान के पाली जिले में स्थित जवाई लेपर्ड सफारी में दिखने वाले तेंदुए केवल सामान्य वन्यजीव नहीं हैं, बल्कि वे अपनी खास पहचान और अलग नामों से जाने जाते हैं. इन दिनों जवाई के जंगलों और प्राचीन ग्रेनाइट चट्टानों के बीच ‘पद्मा’ नाम की छह साल की मादा तेंदुआ पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है. जवाई आने वाले सैलानियों को ‘पद्मा’ आए दिन ऊंची चट्टानों पर बेफिक्र चहलकदमी करती, धूप सेकती या शांति से बैठी हुई आसानी से नज़र आ जाती है.
कभी पहाड़ियों के मोड़ पर उसका शांत अंदाज तो कभी शिकार करने की कला, हर बात पर्यटकों और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर्स को अपनी ओर आकर्षित कर रही है.जवाई लेपर्ड क्षेत्र में हाल ही में एक रोमांचक वाकया सामने आया, जहां मादा लेपर्ड ‘पद्मा’ को बंदर का शिकार करते और सुरक्षित अपने आवास की ओर जाते हुए देखा गया. यह पूरा वीडियो जवाई के सैणा क्षेत्र के ब्लैक हिल इलाके का है. सफारी का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों ने इस अद्भुत और दुर्लभ दृश्य को अपनी आंखों से देखा और अपने कैमरों में हमेशा के लिए कैद कर लिया.
70 लेपर्ड परिवारों का सुरक्षित आशियाना है जवाईसफारी पर्यटकों को लेकर पहुंचे गाइड वीरेंद्र सिंह सैणा की माने तो हर बार की तरह इस बार भी वह कुछ सैलानी सफारी के लिए निकले थे. इसी दौरान ब्लैक हिल की पहाड़ियों पर बंदरों का एक झुंड बैठा हुआ था. तभी अचानक लेपर्ड पद्मा वहां आई और बहुत ही फुर्ती के साथ बंदर के बच्चे को अपना शिकार बनाकर ले गई. सफारी जीप में बैठे पर्यटक इस साहसिक नजारे को देखकर रोमांचित हो उठे. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पद्मा की उम्र लगभग 6 वर्ष है और वह अक्सर सफारी के दौरान इसी क्षेत्र में नजर आती है. जवाई क्षेत्र की भौगोलिक बनावट और यहां का वन्यजीव संरक्षण इसे देश-विदेश में बेहद खास बनाता है. इस पूरे इलाके को आधिकारिक तौर पर ‘जवाई लेपर्ड कंजर्वेशन रिजर्व’ घोषित किया गया है. यहां के पैरवा, सैणा, जीवदा, बिसलपुर, दूदनी, कोठार, लालपुरा, सिवेरा और लुंदाड़ा समेत करीब 20 ऐसे गांव हैं, जहां तेंदुओं के 60 से 70 परिवार निवास करते हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां के तेंदुए इंसानी बस्तियों और ग्रामीण आबादी के बेहद करीब होने के बावजूद इंसानों के साथ सह-अस्तित्व की एक अनूठी मिसाल पेश करते हैं.
देश का प्रमुख और लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशनपिछले कुछ वर्षों में तेंदुओं की बहुलता और उनके सुरक्षित प्राकृतिक आवास के कारण जवाई देश का एक नया और पसंदीदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन चुका है. लेपर्ड सफारी के लिहाज से यह दुनिया की बेहतरीन जगहों में शुमार किया जाता है. ग्रेनाइट की विशाल पहाड़ियों और कलकल बहती जवाई नदी के किनारे तेंदुओं को खुले में देखना अपने आप में एक अनोखा अनुभव है. यही कारण है कि जवाई की प्राकृतिक खूबसूरती और लेपर्ड साइटिंग का रोमांच अब बड़े-बड़े सेलिब्रिटीज़ और हस्तियों को भी अपनी ओर खींच रहा है. देश के जाने-माने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, राजनेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल और कैटरीना कैफ, अक्षय कुमार, तथा अन्य कई मशहूर हस्तियां जवाई लेपर्ड सफारी का लुत्फ उठाने के लिए यहां आ चुकी हैं.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Pali,Pali,Rajasthan
First Published :
October 12, 2026, 15:11 IST



