पहले चरण के नामांकन का आज अंतिम दिन, टिकटों का ऐलान नहीं होने से दावेदारों की बढ़ी धड़कनें

Last Updated:October 13, 2026, 13:32 IST
Rajasthan Panchayat Elections 2026 : राजस्थान पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए आज नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है. इस चरण के चुनाव के लिए बीजेपी ने केवल जयपुर जिला परिषद के वार्डों के टिकटों का ऐलान किया है. वहीं कांग्रेस ने अभी तक किसी भी जिले के लिए टिकटों का ऐलान नहीं किया है. बगावत को रोकने के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने इस बार अपनी रणनीति में बदलाव किया है. इसके तहत टिकटों का ऐलान या तो नामांकन करते समय ऐनवक्त पर किया जाएगा या फिर सिंबल की सूची बाद में रिटर्निंग ऑफिसर को पहुंचाई जाएगी. इससे दावेदारों की दिल की धड़कनें तेज हो रखी है कि उनका नंबर आएगा या नहीं.राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए नामांकन आज दोपहर 3 बजे तक भरे जा सकेंगे.
जयपुर. राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के पहले चरण का पहला पड़वा आज पूरा हो जाएगा. पहले चरण में सूबे में जयपुर समेत 16 जिलों में चुनाव होने हैं. इसके लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है. लेकिन अभी तक बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही जिला परिषदों और पंचायत समितियों के वार्ड प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नहीं किया है. बीजेपी ने सोमवार को केवल जयपुर जिले के कुछ नामों की घोषणा की थी. लेकिन कांग्रेस ने एक भी जिले के उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की. इससे दावेदार ऊहपोह की स्थिति में है. उनकी धड़कनें बढ़ी हुई हैं कि वे उनके नाम पर मुहर लगेगी या नहीं. वे नामांकन करने की तैयारी पूरी करके बैठे हैं और पार्टी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं.
राजस्थान में पंचायत चुनाव का दंगल अब पूरी तरह से सज चुका है. पहले चरण के लिए नामांकन का काम आज तीन बजे पूरा हो जाएगा. निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनावों में बगावत का बिगुल ना बजे इसके लिए बीजेपी और कांग्रेस ने पुख्ता तैयारियां की है. पंचायत चुनावों में जिला परिषद और पंचायत समितयों के सदस्यों के चुनाव पार्टी सिंबल होते हैं. लेकिन सरपंचों और ग्राम पंचायतों के वार्ड पंचों के चुनाव सिंबल पर नहीं होते हैं. उन्हें केवल पार्टियों का मौखिक सपोर्ट ही मिलता है. दोनों पार्टियों ने नामांकन का कार्य पूरा होने तक सूची जारी नहीं करने की प्लानिंग कर रखी है ताकि बगावत की गुंजाइश नहीं रहे. पार्टी के सिंबल या तो ऐनवक्त पर दिए गए जाएंगे या फिर बाद में पहुंचाए जाएंगे.
बीजेपी ने केवल जयपुर जिले की सूची जारी की है
इन हालात के चलते दावेदारों की चेहरों के हवाइयां उड़ी हुई है. पार्टी किसको अपना प्रत्याशी बनाएगी और किसको नहीं यह अभी तक तय नहीं है. दावेदार भगवान भरोसे ही अपने नामांकन दाखिल कर रहे हैं. सूत्रों के अनुसार कइयों को इशारा किया जा चुका है. जिनको इशारा मिल गया है वह तो कॉन्फिडेंट नजर आ रहे हैं लेकिन बाकी सुस्त दिख रहे हैं. बीजेपी ने सोमवार देर शाम को जयपुर जिला परिषद के लिए कुछ प्रत्याशियों की सूची जारी की थी. बताया जा रहा है कि इन सूची में जयपुर जिला परिषद के वे वार्ड शामिल हैं जहां किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है.
कातर निगाहों से अपने बड़े नेताओं की ओर देख रहे हैंआज नामांकन का आखिर दिन होने के कारण बड़ी संख्या में पर्चे दाखिए किए जाएंगे. चुनाव वाले सभी 16 जिलों में जिला परिषदों और पंचायत समितियों में गहमागहमी का माहौल है. निर्दलीय प्रत्याशी जोश खरोश से पर्चे दाखिल करने के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन पार्टियों के दावेदारों में वो जोश नजर नहीं आ रहा है. इसकी वजह है टिकट को लेकर चल रही ऊहापोह की स्थिति. वे बार-बार कातर निगाहों से अपने बड़े नेताओं की ओर देख रहे हैं. उन्हें बार-बार फोन लगा रहे हैं.
दावेदार धड़कते दिल से नामांकन की प्रक्रिया में जुटे हैंहालांकि बताया यह भी जा रहा है कि बीजेपी और कांग्रेस के आला नेता इस पर भी नजर रख रहे हैं कि कौन-कौन दावेदार ज्यादा जोश में है और कौन शांति से बैठा है. अगर आज भी दावेदारों को सिंबल नहीं दिए गए तो फिर दो दिन बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी का समय पूरा होने पर ही पार्टियों के अधिकृत प्रत्याशियों के नाम सामने आ पाएंगे. इसके चलते अभी तक किसी भी पार्टी में कोई बवाल नजर नहीं आ रहा है. बहरहाल दावेदार धड़कते दिल से नामांकन की प्रक्रिया में जुटे हैं और अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं.
About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 13, 2026, 13:30 IST



