Karauli News: दिवाली की खरीदारी के लिए तैयार करौली, कहीं चूड़ियों की खनक तो कहीं गजक की मिठास

Last Updated:October 30, 2026, 17:02 IST
Karauli News: दिवाली और शादी-ब्याह के सीजन में करौली के बाजारों की रौनक बढ़ गई है, सदर बाजार से लेकर फुटाकोट और बूरा बताशा बाजार तक खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है. कहीं चूड़ियों और साड़ियों की चमक है तो कहीं मशहूर गजक और मिठाइयों की मिठास.
दीपों का पर्व दिवाली नजदीक आते ही करौली शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. त्योहार की तैयारियों को लेकर बाजारों में खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया है. कहीं महिलाएं अपनी पसंद की चूड़ियां और साड़ियां खरीदती नजर आ रही हैं, तो कहीं घरों की सजावट, पूजा-पाठ और रसोई से जुड़ा सामान खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है. दिवाली के साथ ही शादी के सीजन में भी करौली के कुछ बाजारों की रौनक देखते ही बनती है.
करौली का सदर बाजार शहर के सबसे प्रमुख और पुराने बाजारों में शामिल है. इसे शहर का हृदय स्थल भी कहा जाता है. इस बाजार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां सुई से लेकर शादी-ब्याह तक की जरूरत का लगभग हर सामान मिल जाता है. कपड़े, जूते-चप्पल, घरेलू सामान, सजावट की वस्तुएं और रोजमर्रा की जरूरतों की दुकानों के कारण यहां सालभर ग्राहकों की भीड़ रहती है. दिवाली पर खरीदारी के लिए यह बाजार लोगों की पहली पसंद में शामिल रहता है.
करौली का फुटाकोट बाजार अपनी चूड़ी और श्रृंगार सामग्री के कारोबार के लिए खास पहचान रखता है. यहां चूड़ियों की कई दुकानें हैं, जहां महिलाओं को अलग-अलग डिजाइन, रंग और वैरायटी की चूड़ियां मिलती हैं. दिवाली और शादी-ब्याह के अवसर पर महिलाएं श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए यहां पहुंचती हैं. त्योहार के दौरान इस बाजार में महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है.
Add as Preferred Source on Google
सीताबाड़ी बाजार भी करौली के प्रमुख बाजारों में गिना जाता है.महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां साड़ियों, कपड़ों, कॉस्मेटिक और मेकअप से जुड़ी कई दुकानें हैं. छोटे से लेकर बड़े सामान तक की उपलब्धता के कारण यह बाजार महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय है. दिवाली के मौके पर नए कपड़े और श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए यहां ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है.
करौली का भूडारा बाजार भी त्योहारों के दौरान खासा गुलजार रहता है. इस बाजार की खासियत यह है कि यहां अलग-अलग त्योहारों और मौसम के हिसाब से सामान की उपलब्धता रहती है. घरेलू जरूरतों के सामान के साथ यहां मसालों की भी अच्छी बिक्री होती है. दिवाली के दौरान घरों में पकवान और मिठाइयां बनाने की तैयारियों के चलते मसालों सहित अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए ग्राहक यहां पहुंचते हैं.
बूरा बताशा बाजार करौली में अपने पारंपरिक मीठे पकवानों के लिए जाना जाता है. दिवाली नजदीक आते ही यहां मिठाइयों की दुकानों पर तैयारियां तेज हो जाती हैं. खासतौर पर करौली की मशहूर गजक बनाने का काम शुरू होने से इस बाजार की रौनक बढ़ जाती है. त्योहार के मौके पर मिठाइयां और पारंपरिक पकवान खरीदने के लिए लोग यहां पहुंचते हैं.
दिवाली के मौके पर जब इन बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ती है, तो पूरा शहर त्योहार के रंग में रंगा नजर आता है. यही वजह है कि दिवाली हो या शादी-ब्याह का सीजन, करौली के ये बाजार हमेशा गुलजार रहते हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
October 30, 2026, 17:02 IST



