हार्ट की बीमारी के बावजूद ‘हुक्मरान’ ने सुना दिया चुनाव ड्यूटी का फरमान, कर्मचारी की जान पर बन आई

Last Updated:October 30, 2026, 17:26 IST
Dungarpur News : डूंगरपुर जिले में जिला प्रशासन की बड़ी संवेदनहीनता सामने आई है. यहां हार्ट पेशेंट एक कर्मचारी ने अपनी गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए चुनाव ड्यूटी कैंसिल करवाने के लिए एडीएम को आवेदन किया था. लेकिन एडीएम प्रकाश रैगर ने गंभीर बीमारी से जूझ रहे इस टीचर की चुनाव में ड्यूटी लगा दी. उसके बाद चुनाव ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इस पर उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहां उनका इलाज जारी है.डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती टीचर सोमेश्वर.
डूंगरपुर. डूंगरपुर जिले की बिछीवाड़ा पंचायत समिति के चुंडावाड़ा क्षेत्र से प्रशासन की संवेदनहीनता का बड़ा मामला सामने आया है. प्रशासन की इस संवेदनहीनता का शिकार हुआ पीड़ित टीचर सोमेश्वर शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) हैं. वे लंबे समय से गंभीर हृदय रोग से पीड़ित हैं. मार्च 2025 में उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में उनके हार्ट का बड़ा ऑपरेशन हुआ था. उसके बाद उनके पेसमेकर लगाया गया था. डॉक्टरों ने उन्हें बेहद सावधानी बरतने, तले-भुने व मसालेदार खान-पान से परहेज करने, अत्यधिक शारीरिक तनाव न लेने और हर दो घंटे के काम के बाद विश्राम करने की सख्त सलाह दी थी.
टीचर सोमेश्वर ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव ड्यूटी से राहत पाने के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) प्रकाश रैगर से मुलाकात की थी. उन्होंने एडीएम के समक्ष अपनी बीमारी की पूरी मेडिकल फाइल, रिपोर्ट और पेसमेकर से संबंधित दस्तावेज पेश किए थे. टीचर का आरोप है कि एडीएम प्रकाश रैगर ने उनकी गंभीर बीमारी को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और रुखे अंदाज में सवाल किया कि जब आप इस हालत में स्कूल जा सकते हैं तो चुनाव ड्यूटी क्यों नहीं कर सकते?
ड्यूटी के दौरान घबराहट और चक्कर आने से बिगड़ी हालतइसके बाद एडीएम ने उनका प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया और बिना कोई राहत दिए आवेदन वापस लौटा दिया. मजबूरी में उनको 28 अक्टूबर को चुंडावाड़ा में चुनाव कराने की ड्यूटी पर जाना पड़ा. चुंडावाड़ा में चुनाव ड्यूटी के दौरान अत्यधिक शारीरिक थकान, तनाव और खान-पान में असंतुलन (चना दाल और आलू के सेवन) के कारण टीचर सोमेश्वर की स्थिति अचानक बिगड़ने लगी. उन्हें पेट फूलने, घबराहट, चक्कर आने और आंखों के आगे धुंधलापन छाने के साथ अत्यधिक पसीना आने लगा.
पुलिसकर्मियों ने दिखाई मुस्तैदी
स्थिति गंभीर होते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनके जूते-मोजे उतारे और पैरों की मालिश की. उसके बाद उनको तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलावाकर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिछीवाड़ा पहुंचाया गया. बिछीवाड़ा में प्राथमिक उपचार और बीपी चेक करने के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल डूंगरपुर रेफर कर दिया. वह फिलहाल उनका उपचार चल रहा है.About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Dungarpur,Dungarpur,Rajasthan
First Published :
October 30, 2026, 17:26 IST



