दीवाली पर पटाखों से आग लगी तो तुरंत मिलेगी मदद, जोधपुर में फायर ब्रिगेड ने संभाली कमान, जानें हेल्पलाइन नंबर

Last Updated:November 05, 2026, 10:35 IST
Jodhpur Diwali Fire Safety: दीपावली के त्योहार पर आगजनी की संभावित घटनाओं को देखते हुए जोधपुर फायर ब्रिगेड ने विशेष तैयारियां की हैं. शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 50 कर्मचारियों की टीम और 6 दमकल वाहनों को तैनात किया जाएगा. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाने के लिए फायर ब्रिगेड अलर्ट मोड पर रहेगी. आग लगने की घटना होने पर नागरिक निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर मदद मांग सकेंगे.
ख़बरें फटाफट
जोधपुर: दीपावली यानी दीपोत्सव खुशियों और रोशनी का त्योहार है, लेकिन इस उत्सव के बीच पटाखों की चिंगारी कई बार आगजनी की बड़ी घटनाओं का कारण भी बन जाती है. शहर में दीपावली के दौरान आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं. ऐसे में किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम 24 घंटे मुस्तैद रहकर हर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहती है.
दमकल विभाग की ओर से कर्मचारियों और वाहनों की विशेष तैनाती के साथ पानी और आधुनिक उपकरणों की भी व्यवस्था की गई है. नागोरी गेट फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर जय सिंह ने बताया कि दीपावली को देखते हुए करीब 50 कर्मचारियों की टीम, छह वाहनों और आधुनिक उपकरणों के साथ विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
50 कर्मचारियों की टीम, छह वाहनों के साथ मोर्चा संभालेगा विभागनागोरी गेट चीफ फायर ऑफिसर जय सिंह ने बताया कि अग्निशमन विभाग में 20 स्थायी कर्मचारी हैं, जबकि करीब 30 कर्मचारी संविदा पर कार्यरत हैं. इस तरह कुल 50 कर्मचारियों की टीम आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए तैनात रहेगी. विभाग के पास कुल छह वाहन हैं. इनमें एक बोलेरो पिकअप विशेष रूप से शहर की तंग गलियों के लिए तैयार की गई है. इसमें 700 लीटर क्षमता का वाटर स्टोरेज टैंक बनाया गया है, जिससे पुराने शहर के संकरे रास्तों में भी आग बुझाने का काम किया जा सकेगा. इसके अलावा पांच अन्य वाहन अलग-अलग क्षेत्रों में सेवाएं देंगे.
हाईराइज बिल्डिंग में रेस्क्यू के लिए ब्रोंटो स्काईलिफ्टशहर में ऊंची इमारतों में आगजनी या किसी व्यक्ति के फंसने जैसी स्थिति से निपटने के लिए विभाग के पास ब्रोंटो स्काईलिफ्ट वाहन भी उपलब्ध है. इसके माध्यम से ऊंचाई पर रेस्क्यू ऑपरेशन और आग बुझाने का काम किया जा सकता है. इसके अलावा सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए नए उपकरणों और वाटर पंप के साथ पुराने संसाधनों को भी तैयार रखा गया है। विभाग का प्रयास है कि किसी भी तरह की आपात स्थिति में मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके.
पानी की कमी से निपटने के लिए पोर्टेबल पंप और बावड़ियों का सहारादीपावली के दौरान आग बुझाने में सबसे बड़ी चुनौती पानी की उपलब्धता को लेकर रहती है. इसे देखते हुए विभाग ने संचालित पोर्टेबल पंप की व्यवस्था की है. इन पंपों के जरिए शहर की बावड़ियों से पानी लिफ्ट कर फायर वाहनों तक पहुंचाया जा सकेगा. हल्के और आसानी से इस्तेमाल होने वाले इन पंपों के साथ अलग-अलग शाखाएं और पाइप भी उपलब्ध हैं, ताकि तंग गलियों में भी पानी पहुंचाया जा सके. विभाग के पास करीब 60 मीटर यानी लगभग 180 से 190 फीट तक पाइप के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था है. इसके साथ ही जलदाय विभाग को पत्र लिखकर दीपावली के दौरान अग्निशमन कार्यों के लिए अलग से पानी की व्यवस्था करने का आग्रह भी किया गया है.
शहर के प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगे फायर वाहनआगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने के लिए विभाग ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए वाहनों की तैनाती की योजना बनाई है. इसके तहत जालोरी गेट, प्रताप नगर, लालसागर और घंटाघर सहित प्रमुख क्षेत्रों में फायर वाहनों को तैनात रखने की तैयारी है. इसके अलावा मंडोर और इंडस्ट्रीज एरिया जैसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. जय सिंह ने बताया कि भले ही आग लगने की सूचना निर्धारित क्षेत्र से दूर किसी अन्य इलाके में मिले, लेकिन आवश्यकता के अनुसार फायर वाहन तुरंत रवाना किए जाएंगे. विभाग का लक्ष्य है कि दीपावली के दौरान शहर में कहीं भी आगजनी की घटना होने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके.
आगजनी की घटना होने पर इन नंबरों पर करें संपर्कदीपावली के दौरान कहीं भी आगजनी की घटना होने पर आमजन तुरंत संबंधित फायर स्टेशन पर संपर्क कर सकते हैं. नागोरी गेट फायर स्टेशन के लिए 0291-2651401, बासनी फायर स्टेशन के लिए 0291-2651402 और शास्त्री नगर फायर स्टेशन के लिए 0291-2772760 नंबर जारी किए गए हैं. आपात स्थिति में इन नंबरों पर सूचना देकर दमकल की सहायता प्राप्त की जा सकती है.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
November 05, 2026, 10:35 IST



