Egypt train accident: मिस्र के गीजा में बड़ा रेल हादसा, एक ट्रेन ने दूसरी को पीछे से मारी टक्कर; 7 की मौत और करीब 100 लोग घायल

Agency:एजेंसियां
Last Updated:November 08, 2026, 23:23 IST
Egypt Train Accident: मिस्र के गीजा प्रांत में काहिरा-असवान रेलवे रूट पर बड़ा हादसा हो गया. यहां दो ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 100 यात्री घायल हुए हैं. टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए. राहत और बचाव के लिए 72 एंबुलेंस तैनात की गईं और घायलों को तीन अस्पतालों में भर्ती कराया गया. मिस्र के गीजा में दो ट्रेनों की टक्कर में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 88 यात्री घायल हुए हैं. (Reuters Photos)
मिस्र के गीजा प्रांत में रविवार को एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया. काहिरा-आसवान रेलवे रूट पर दो ट्रेनों की टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए. इस दुर्घटना में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 अन्य घायल हुए हैं. हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया. मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं.
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यह दुर्घटना गीजा प्रांत में गेरजा जंक्शन के पास काहिरा-असवान कृषि मार्ग पर हुई. बताया गया है कि एक ट्रेन ने दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी, जिसके बाद कई यात्री डिब्बे पटरी से उतर गए. टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों को निकालने के लिए आपातकालीन अभियान शुरू किया गया.
72 एंबुलेंस मौके पर तैनात, तीन अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने और मौके पर चिकित्सा सहायता देने के लिए 72 एंबुलेंस तैनात की गईं. घायलों में से 49 को एल-वस्ता अस्पताल, 29 को एल-अयात अस्पताल और 10 को अतफीह अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मंत्रालय के अनुसार, हादसे में मारे गए चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं. इनमें से दो शव एल-वस्ता अस्पताल, एक अतफीह अस्पताल और एक घटनास्थल से मिला. स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री डॉ. खालिद अब्देल गफ्फार राहत और चिकित्सा सेवाओं की निगरानी कर रहे हैं.
मंत्री ने गीजा और बेनी सुएफ प्रांतों के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रहने और घायलों को जरूरी चिकित्सा एवं आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. मंत्रालय ने कहा है कि घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें हर जरूरी इलाज मुहैया कराया जा रहा है.
राष्ट्रपति सिसी ने जताया दुख, लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने ट्रेन हादसे पर गहरा दुख जताया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह दुर्घटना के बाद के हालात पर गंभीरता से नजर रख रहे हैं. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
राष्ट्रपति सिसी ने संबंधित सरकारी एजेंसियों को घायलों के लिए जरूरी चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने और दुर्घटना के कारणों की तत्काल जांच करने का निर्देश दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी.
फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, टक्कर कफ्र अम्मार और अल-रक्का रेलवे स्टेशनों के बीच हुई. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.
About the Authorसाद बिन उमर
साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी Hindi (hindi..com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …
और पढ़ेंFirst Published :
November 08, 2026, 23:14 IST



