विधायक निधि में खेल,करप्शन की बेल, राजनीतिक बवाल जारी, कांग्रेस विधायक पर भी गिरी गाज

Last Updated:December 16, 2025, 16:06 IST
Rajasthan MLA Fund Case : राजस्थान में विधायक निधि में से विधायकों की ओेर से ही लिए जा रहे कमीशन का खेल उजागर होने के बाद से सूबे में सियासत गरमाई हुई है. बीजेपी के बाद कांग्रेस ने भी अपनी विधायक अनीता जाटव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है. राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि यह कृत्य ‘हम सबको शर्मसार करने वाला’ है.
ख़बरें फटाफट
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि आरोपों में जरा भी सच्चाई पाई गई तो पार्टी में इससे बड़ा अपराध कोई नहीं माना जाएगा और कड़ा एक्शन तय है.
जयपुर. विधायक निधि में तीन विधायकों की ओर से किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों ने राजस्थान की सियासत को गरमा दिया है. राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस पूरे घटनाक्रम पर सख्त और तल्ख रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि पार्टी इस मामले में किसी को भी संरक्षण देने के मूड में नहीं है. डोटासरा ने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि खुले तौर पर विधायक निधि कोष में भ्रष्टाचार की बात करता है तो यह लोकतंत्र और जनविश्वास पर सीधा प्रहार है. उन्होंने इसे ‘हम सबको शर्मसार करने वाला’ बताते हुए कहा कि विधायक निधि का पैसा जनता का होता है और उसी के हित में खर्च होना चाहिए.
डोटासरा ने बताया कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं. दिल्ली में व्यस्तता के चलते कल वे इस पर बात नहीं कर पाए. लेकिन जयपुर पहुंचते ही इस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. संबंधित विधायक अनीता जाटव को नोटिस जारी कर तीन दिन में अपना पक्ष रखने को कहा गया है. जवाब मिलने के बाद पार्टी स्तर पर जांच कर पूरी रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी.
सरकार को भी अपने स्तर पर जांच कर कार्रवाई करनी चाहिएडोटासरा ने दो टूक शब्दों में चेताया कि यदि जांच में आरोपों में जरा भी सच्चाई पाई गई तो पार्टी में इससे बड़ा अपराध कोई नहीं माना जाएगा और कड़ा एक्शन तय है. उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला केवल पार्टी तक सीमित नहीं है. सरकार को भी अपने स्तर पर जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए. डोटासरा ने कहा यदि जनप्रतिनिधियों की निधि में ही भ्रष्टाचार होगा तो जनता का भरोसा कैसे बचेगा? कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी सूरत में जनता के पैसे से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बीजेपी-कांग्रेस और निर्दलीय विधायक आए हैं लपेटे मेंउल्लेखनीय है कि एक अखबार ने हाल में स्टिंग ऑपरेशन कर विधायक निधि में भ्रष्टाचार का खुलासा किया था. इस स्टिंग ऑपरेशन में कांग्रेस की हिंडौन विधायक सुनीता जाटव समेत बीजेपी के खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा और बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत लपेटे में आ गए हैं. बीजेपी ने भी अपने विधायक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा. सीएमओ ने भी पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी इस मामले को सदाचार कमेटी को सौंप दिया है. विधायक निधि में खुलेआम भ्रष्टाचार का खुलासा होने के बाद राजस्थान का सिायासी पारा फिलहाल तप रहा है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ ने वर्ष 2000 में भास्कर सुमूह से पत्रकारिता की जयपुर से शुरुआत की. बाद में कोटा और भीलवाड़ा में राजस्थान पत्रिका के रेजीडेंट एडिटर की जिम्मेदारी निभाई. 2017 से के साथ नए सफर की शुरुआत की. वर…और पढ़ें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
December 16, 2025, 16:06 IST
homerajasthan
विधायक निधि में खेल,करप्शन की बेल, कांग्रेस विधायक पर भी गिरी गाज



