पुरातत्व विभाग का बड़ा फैसला! जयपुर के स्मारकों की सैर होगी महंगी, 1 जनवरी से लागू होंगी नई टिकट दरें

Last Updated:December 30, 2025, 13:14 IST
Jaipur News: पुरातत्व विभाग ने राजस्थान के प्रमुख स्मारकों और संग्रहालयों की टिकट दरों में बढ़ोतरी की है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगी. आमेर महल, अल्बर्ट हॉल, हवा महल, नाहरगढ़ और जंतर-मंतर जैसी जगहों पर भारतीय, विदेशी और विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग नई दरें तय की गई है. विभाग का कहना है कि बढ़ी हुई आय से संरक्षण और पर्यटक सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा.
ख़बरें फटाफट
राजस्थान के ऐतिहासिक स्मारकों की सैर अब महंगी होगी
जयपुर. पुरातत्व विभाग ने राज्य के प्रमुख स्मारकों और संग्रहालयों की टिकट दरों में बढ़ोतरी का फैसला किया है. विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार नई टिकट दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी. इस फैसले का असर जयपुर सहित राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों पर पड़ेगा. सबसे अधिक चर्चा आमेर महल की नई टिकट दरों को लेकर है. नई व्यवस्था के तहत आमेर महल में भारतीय पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये कर दिया गया है, जबकि पहले यह दर कम थी.
वहीं भारतीय विद्यार्थियों के लिए टिकट दर 50 रुपये तय की गई है, ताकि छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण में राहत मिल सके. विदेशी पर्यटकों के लिए आमेर महल का टिकट अब 1000 रुपये होगा, जबकि विदेशी विद्यार्थियों को 500 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा. इसी तरह जयपुर के प्रमुख संग्रहालय अल्बर्ट हॉल की टिकट दरों में भी इजाफा किया गया है.
यहां चेक कर लें नई दरें
नई दरों के अनुसार, भारतीय पर्यटकों के लिए अल्बर्ट हॉल का टिकट 100 रुपये होगा. वहीं भारतीय विद्यार्थियों के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपये रखा गया है. विदेशी पर्यटकों के लिए अल्बर्ट हॉल में प्रवेश के लिए 600 रुपये चुकाने होंगे, जबकि विदेशी विद्यार्थियों के लिए यह दर 300 रुपये निर्धारित की गई है. पुरातत्व विभाग ने बताया कि हवा महल, नाहरगढ़ किला और जंतर-मंतर की टिकट दरें भी अल्बर्ट हॉल के समान रखी गई है. यानी इन सभी स्मारकों में भारतीय पर्यटकों के लिए 100 रुपये, भारतीय विद्यार्थियों के लिए 50 रुपये, विदेशी पर्यटकों के लिए 600 रुपये और विदेशी विद्यार्थियों के लिए 300 रुपये की दर लागू होगी.
1 जनवरी से लागू हो जाएंगी नई दरें
विभाग का कहना है कि टिकट दरों में यह बढ़ोतरी स्मारकों के संरक्षण, रखरखाव और सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए की गई है. बढ़ी हुई आय से साफ-सफाई, सुरक्षा, डिजिटल गाइड, प्रकाश व्यवस्था और पर्यटक सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा. साथ ही, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण कार्यों को भी गति मिलेगी. हालांकि, टिकट दरों में बढ़ोतरी को लेकर पर्यटकों और टूरिज्म सेक्टर से जुड़े लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है. कुछ लोगों का कहना है कि बढ़ी हुई दरें विदेशी पर्यटकों पर ज्यादा असर डाल सकती हैं, वहीं विभाग का तर्क है कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से ये दरें अभी भी संतुलित हैं. कुल मिलाकर, 1 जनवरी 2026 से जयपुर और राजस्थान के ऐतिहासिक स्मारकों की सैर अब पहले से थोड़ी महंगी हो जाएगी.About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
December 30, 2025, 13:14 IST
homerajasthan
पुरातत्व विभाग का बड़ा फैसला! स्मारकों की सैर होगी महंगी, नई दरें चेक कर लें



