Cheteshwar Pujara questioned on Gautam Gambhir: चेतेश्वर पुजारा में साउथ अफ्रीका से मिली हार जताई निराशा

Last Updated:November 17, 2025, 22:18 IST
India vs South Africa: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने गौतम गंभीर की रणनीतियों पर सवाल उठाए हैं. पुजारा का मानना है कि अगर हम अपने घर में हार रहे हैं तो फिर कुछ ना कुछ दिक्कत है. भारतीय टीम को कोलकाता में खेले गए ईडन गार्डन्स टेस्ट में 30 रन से करारी का सामना करना पड़ा था.
चेतेश्वर पुजारा ने टीम इंडिया की रणनीति पर उठाया है सवाल
नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के बाद पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने भारतीय टीम की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं. पूर्व भारतीय टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इस धारणा को सिरे से खारिज कर दिया है कि ईडन गार्डन्स में पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका के हाथों भारत की करारी हार के लिए बदलाव के दौर को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है. पुजारा ने तर्क दिया कि टीम को फिर से तैयार किए जाने के दौरान विदेशी सरजमीं पर हार समझी जा सकती है, लेकिन घरेलू मैदान पर हारना अस्वीकार्य है, खासकर ऐसी टीम के साथ जिसमें प्रथम श्रेणी में खुद को साबित कर चुके खिलाड़ी शामिल हों. उन्होंने यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, वाशिंगटन सुंदर और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों को लंबी अवधि के प्रारूप में भारत की गहराई और क्षमता का प्रमाण बताया.
पुजारा ने ‘जियो हॉटस्टार’ से कहा, ‘‘मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि घरेलू मैदान पर भारत की हार के लिए बदलाव के दौर को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है. बदलाव के दौर में विदेशी सरजमीं पर असफलताओं का सामना करना समझ में आता है लेकिन मौजूदा भारतीय टीम में पर्याप्त प्रतिभा और मजबूत प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड है- यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, वाशिंगटन सुंदर और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों ने खुद को साबित किया है.’’
घर में हार मिल रही है तो फिर गड़बड़ है-पुजारा
उन्होंने कहा, ‘‘अगर इसके बावजूद टीम घरेलू परिस्थितियों में हार रही है तो यह दर्शाता है कि कुछ और गड़बड़ है. अगर यह मैच अच्छी पिच पर खेला जाता तो भारत की जीत की संभावना कहीं अधिक होती.’’ विकेटों के पतझड़ के बावजूद भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर को पिच में कोई खामी नहीं दिखी, लेकिन पुजारा ने कहा कि ऐसी पिचें भारत के लिए अच्छी नहीं हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे विकेट हमारी जीत के प्रतिशत को कम करती हैं और विरोधी टीम को बराबरी पर ला देती हैं. यहां तक कि भारत ए टीम भी अपनी प्रतिभा की गहराई को देखते हुए साउथ अफ्रीका को उसके घर में चुनौती दे सकती है इसलिए यह क्षमता की कमी नहीं है. भारत में इस हार के लिए बदलाव के दौर को दोष देना उचित नहीं है.’’
Jitendra Kumar
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्… और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
November 17, 2025, 22:18 IST
homecricket
पुजारा ने पकड़ ली गंभीर की बहानेबाजी, घर में हार को बताया शर्मनाक!



