हैदराबाद में देश का पहला इनडोर स्काईडाइविंग सेंटर, जानें शुल्क

Last Updated:December 15, 2025, 14:51 IST
हैदराबाद के गांडीपेट इलाके में एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक नई सौगात आई है, यहां देश का पहला इनडोर स्काईडाइविंग सेंटर शुरू हुआ है, जहां बिना विमान से छलांग लगाए और पैराशूट के, सुरक्षित वातावरण में हवा में उड़ने का रोमांच महसूस किया जा सकता है. किफायती कीमत, आधुनिक तकनीक और आसान पहुंच के साथ यह अनुभव हर उम्र के लोगों के लिए यादगार बनने वाला है.
हैदराबाद. क्या आप भी स्काईडाइविंग का ज़बरदस्त रोमांच अनुभव करना चाहते हैं? तो आपके लिए एक बेहतरीन ख़बर है. एडवेंचर के शौकीनों के लिए हैदराबाद के गांडीपेट इलाके में देश का पहला इनडोर स्काईडाइविंग सेंटर खुल गया है, जो सुरक्षा और मनोरंजन के साथ आपके स्काईडाइविंग अनुभव को और भी बेहतर बनाता है. यह ग्रेविटीज़िप भारत में अपनी तरह का पहला इनडोर स्काईडाइविंग सुविधा केंद्र है. यह पारंपरिक स्काईडाइविंग से बिल्कुल अलग है, यहां आपको किसी विमान से छलांग लगाने या पैराशूट की ज़रूरत नहीं होगी.
ग्रेविटीज़िप ने एक खास ग्रेविटी ज़ोन बनाया है, जो चारों ओर से शीशे से ढका हुआ है. इस शीशे के चेंबर के अंदर शक्तिशाली हवा की मदद से ऐसा माहौल तैयार किया जाता है, जहां आप आसानी से हवा में तैर सकते हैं और स्काईडाइविंग का पूरा लुत्फ़ उठा सकते हैं. यह तकनीक आपको सुरक्षित और नियंत्रित वातावरण में उड़ान का अनुभव देती है.
ग्रेविटीज़िप के सुशील के अनुसार, उनका लक्ष्य हर किसी के उड़ान भरने के सपने को हकीकत में बदलना है. पारंपरिक स्काईडाइविंग बहुत महंगी होती है और अधिकांश लोगों के पास उसके लिए ज़रूरी प्रशिक्षण और अनुभव भी नहीं होता है. इस इनडोर सुविधा के माध्यम से वे लोगों के इस सपने को पूरा कर रहे हैं. यहां का एडवेंचर अनुभव लगभग 40 मिनट तक चलता है, जो आपको हवा में रहने का एक अविस्मरणीय मौका देता है.
कैसे पहुंचे और कितना है खर्च?
ग्रेविटीज़िप तक पहुंचना बहुत ही आसान है, आपको यहां पहुंचने के लिए आउटर रिंग रोड का इस्तेमाल करना होगा. आप अपनी सहूलियत के हिसाब से बस, ऑटो या अपने निजी वाहन से आसानी से यहां पहुंच सकते हैं. इस शानदार इनडोर स्काईडाइविंग के लिए आपको लगभग ₹2,000 से ₹3,000 तक का शुल्क देना पड़ सकता है. यह सेंटर हर दिन दोपहर 12:30 बजे से लेकर रात 11:30 बजे तक खुला रहता है, ताकि आप अपने शेड्यूल के अनुसार एडवेंचर का मज़ा ले सकें. अगर आप स्काईडाइविंग के रोमांच का अनुभव करना चाहते हैं, तो हैदराबाद का यह इनडोर स्काईडाइविंग सेंटर एक किफायती और सुरक्षित विकल्प है.
About the AuthorMonali Paul
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें
Location :
Hyderabad,Telangana
First Published :
December 15, 2025, 14:51 IST
homeandhra-pradesh
हैदराबाद में देश का पहला इनडोर स्काईडाइविंग सेंटर, जानें शुल्क



