इस वैरायटी की अनार की खेती से लाल हो रहे जालोर के किसान, लंबी शेल्फ लाइफ है खासियत, देश-विदेश में जबरदस्त डिमांड

जालौर. राजस्थान के जालौर जिले के जीवाणा क्षेत्र में उगाया जाने वाला सिंदूरी अनार अपनी बेहतरीन गुणवत्ता और लंबी शेल्फ लाइफ के कारण अब न केवल देश में, बल्कि विदेशों में भी पहचान बना चुका है. इस क्षेत्र की मिट्टी और मौसम अनार की खेती के लिए बेहद अनुकूल माने जाते हैं, जिससे यहां के अनार का रंग, स्वाद और टिकाऊपन तीनों में उच्च गुणवत्ता का होता है.
जीवाणा का सिंदूरी अनार अपने गहरे लाल रंग, मोटे छिलके और अधिक मिठास के लिए प्रसिद्ध है. यही वजह है कि बाजार में इसकी अलग पहचान है. अनार का आकार भी काफी आकर्षक होता है. बड़े आकार के अनार का वजन 500 ग्राम से लेकर 750 ग्राम तक होता है, जबकि मीडियम आकार का अनार लगभग 300 ग्राम का होता है, जिसकी मांग सबसे अधिक रहती है.
सिंदूर अनार की खासियत लबी शेल्फ लाइफ है
इस अनार की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी शेल्फ लाइफ है. अच्छी गुणवत्ता और मजबूत छिलके के कारण यह अनार 15 से 18 दिन तक खराब नहीं होता, जिससे इसे लंबी दूरी तक सुरक्षित तरीके से भेजा जा सकता है. यही कारण है कि जीवाणा का अनार दुबई, नेपाल और अन्य विदेशी बाजारों तक निर्यात किया जा रहा है. ट्रांसपोर्ट के दौरान भी इसकी गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आती, जिससे किसान का भरोसा और भी बढ़ जाता है.
12 वर्षो से दूदाराम अनार की खेती कर रहे हैं
अनार की खेती करने वाले जालोर के किसान दूदाराम बताते हैं कि पिछले 12 सालों से जीवाणा क्षेत्र में अनार की खेती करे आ रहे हैं. यहां की मिट्टी और पानी अनार के लिए बहुत अनुकूल है. हमारा सिंदूरी अनार क्वालिटी में बहुत बेहतर है. इसका साइज भी अच्छा बनता है, कई अनार 500 से 700 ग्राम तक के होते हैं और मीडियम साइज भी बाजार में खूब पसंद किया जाता है. सबसे बड़ी बात यह है कि हमारा अनार 15-18 दिन तक खराब नहीं होता, इसलिए इसे बाहर भेजने में कोई दिक्कत नहीं आती.
अनार की खेती ने आर्थिक स्थिति मजबूज हुई है
स्थानीय किसान भोलाराम बताते हैं कि बीते कुछ सालों में अनार की खेती ने उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है. परंपरागत फसलों की तुलना में अनार से उन्हें बेहतर आमदनी हो रही है. जीवाणा का सिंदूरी अनार अब केवल एक फसल नहीं बल्कि किसानों की मेहनत और गुणवत्ता का प्रतीक बन चुका है. बेहतर साइज, लंबी टिकाऊ क्षमता और विदेशी बाजारों तक पहुंच ने इसे एक भरोसेमंद और प्रीमियम प्रोडक्ट के रूप में स्थापित कर दिया है.



