Rajasthan

जयपुर वासियों के लिए खुशखबरी! जल्द एयरपोर्ट तक दौड़ेगी मेट्रो, T1-T2 और T3 होंगे सीधे कनेक्ट

जयपुर. राजधानी जयपुर के लोगों और हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. जल्द ही जयपुर मेट्रो रेल सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचेगी. मेट्रो प्रशासन और एयरपोर्ट प्रशासन के बीच हुई एक अहम समन्वय बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने पर सभी संबंधित एजेंसियों ने सहमति जता दी है. इस बैठक में जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (JMRC), नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे.

बैठक में जयपुर एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के तकनीकी, सुरक्षा और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल 1, टर्मिनल 2 और प्रस्तावित टर्मिनल 3 को मेट्रो रेल से जोड़ा जाएगा. इससे एयरपोर्ट तक पहुंचना न केवल आसान बल्कि काफी सस्ता और समय बचाने वाला भी होगा.

अंडरग्राउंड मेट्रो से जुड़ेगा एयरपोर्ट

योजना के अनुसार, जयपुर एयरपोर्ट तक मेट्रो रेल पूरी तरह अंडरग्राउंड रहेगी. इससे सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होगा और एयरपोर्ट के संचालन पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा. मेट्रो कॉरिडोर सीतापुरा से टोड़ी मोड़ होते हुए एयरपोर्ट तक विकसित किया जाएगा. इस रूट को इसलिए चुना गया है ताकि शहर के व्यस्त इलाकों पर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके और यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सके.

महंगी कैब से मिलेगी राहत

फिलहाल जयपुर एयरपोर्ट जाने के लिए यात्रियों को महंगी कैब या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है. मेट्रो के एयरपोर्ट तक पहुंचने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. मेट्रो से यात्रा न केवल किफायती होगी बल्कि ट्रैफिक जाम से भी निजात मिलेगी. खासकर ऑफिस जाने वाले यात्रियों, पर्यटकों और रोजाना हवाई यात्रा करने वालों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा.

परियोजना को मिली सभी एजेंसियों की सहमति

बैठक में मौजूद सभी एजेंसियों ने परियोजना को आगे बढ़ाने पर अपनी सहमति दी है. सुरक्षा, तकनीकी मंजूरी और निर्माण से जुड़े पहलुओं पर भी सकारात्मक रुख सामने आया है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

शहर के विकास को मिलेगा नया आयाम

जयपुर एयरपोर्ट को मेट्रो से जोड़ने की यह योजना शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली साबित होगी. इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि जयपुर की छवि एक आधुनिक और स्मार्ट सिटी के रूप में और मजबूत होगी. जयपुर वासियों के लिए यह परियोजना भविष्य की यात्रा को आसान, सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj